गोवा में कांग्रेस साफ: पूर्व सीएम कामत बोले- मंदिर गया था, भगवान ने कहा कि जो तुम्हारे लिए अच्छा है वही करो
चुनाव से पहले लिए गए शपथ को भंग करने के बारे में पूछे जाने पर कामत ने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा में शामिल होने से पहले वह दोबारा मंदिर गए थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोवा विधानसभा चुनाव से पहले एक मंदिर और एक चर्च में कांग्रेस उम्मीदवारों द्वारा वफादारी की प्रतिज्ञा के बारे में पूछे जाने पर वरिष्ठ नेता दिगंबर कामत ने बुधवार को कहा कि यह दैवीय सहमति से किया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री कामत और कांग्रेस के सात अन्य विधायक अब सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हो गए हैं। 14 फरवरी के चुनाव से पहले कांग्रेस के सभी उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद एक मंदिर और एक चर्च में शपथ ली थी कि वे निर्वाचित होने पर पार्टी नहीं छोड़ेंगे।
मैं दोबारा मंदिर गया और भगवान से पूछा कि क्या करना है
पार्टी ने 2019 के पलायन को ध्यान में रखते हुए यह अतिरिक्त एहतियात बरती थी, जब गोवा में उसके 15 में से दस विधायक रातों-रात भाजपा में शामिल हो गए थे। शपथ भंग के बारे में पूछे जाने पर कामत ने यहां संवाददाताओं से कहा कि भाजपा में शामिल होने से पहले वह दोबारा मंदिर गए थे। मैं फिर से मंदिर गया और भगवान से पूछा कि क्या करना है। भगवान ने मुझसे कहा कि वह करो जो तुम्हारे लिए सबसे अच्छा है।
बता दें कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिगंबर कामत और नेता प्रतिपक्ष माइकल लोबो समेत कांग्रेस के आठ विधायक भाजपा में शामिल हो गए हैं। विपक्ष के नेता माइकल लोबो ने आज ही कांग्रेस विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक की थी। इस बैठक में कांग्रेस विधायक दल को भाजपा में विलय करने पर निर्णय लिया गया था। इसके बाद इन विधायकों ने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से भी मुलाकात की थी।
इन विधायकों ने छोड़ा कांग्रेस का साथ
कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों में दिगंबर कामत, माइकल लोबो, डी लोबो, राजेश फलदेसाई, केदार नायक, संकल्प अमोनकर, अलेक्सो सिकेरा और रुडॉल्फ फर्नांडिस जैसे नाम शामिल हैं। ये सभी विधायक सीएम प्रमोद सावंत की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए। इस मौके पर सीएम सावंत ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कहा, राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं, लेकिन गोवा से 'कांग्रेस छोड़ो' यात्रा शुरू हो चुकी है।