घूस लेने संबंधी बयान देकर फंसे रक्षामंत्री, निर्वाचन आयोग का नोटिस
गोवा विधानसभा चुनाव में रिश्वत वाले बयान पर रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। रक्षामंत्री गोवा में प्रचार के दौरान पैसा लेकर वोट देने कि बात कही थी। इस बात पर निर्वाचन आयोग ने पर्रिकर को नोटिस भेजकर जवाब तलब किया है। आयोग ने उन्हें 9 फरवरी तक जवाब देने के लिए कहा है।
बता दें कि मनोहर पर्रिकर ने रविवार को पणजी के पास चिंबेल झुग्गी बस्ती में एक नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि, ‘मैं समझता हूं कि यदि कोई जुलूस आयोजित करता है और उम्मीदवार के पीछे-पीछे घूमने के लिए आप 500 रुपये लेते हैं, तो इसमें कोई समस्या नहीं है। लेकिन वोट देते समय आप भाजपा को ही वोट दें'।
बातों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया
हालांकि,पर्रिकर ने कहा कि उनकी बातों को गलत तरीके से पेश किया गया। निर्वाचन आयोग ने पर्रिकर से पहले 3 फरवरी तक जवाब मांगा था। लेकिन पर्रिकर ने जवाब देने के लिए समय मांगा, तो अब 9 फरवरी तक बढ़ाया गया है।
इससे पहले इस तरह के बयानों को लेकर आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी फसें थे। उन्होंने भी अपने भाषण के दौरान वोटरों से कहा था कि पार्टी प्रतिद्वंदी से पैसा लें, लेकिन वोट आप को ही दें।