फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Gandhi-Shastri Jayanti PM Modi and Other Leaders tribute on the occasion of birth anniversary Hindi Updates

गांधी-शास्त्री जयंती: राजघाट पर बापू को किया नमन, राष्ट्रपति मुर्मू-पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

Fri, 02 Oct 2026 07:45 AM IST
शिवम गर्ग न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: शिवम गर्ग Updated Fri, 02 Oct 2026 07:45 AM IST
सार

देश में गांधी जयंती पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी जा रही है। राजघाट पर राष्ट्रपति मुर्मू, पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने बापू को नमन किया। सर्वधर्म प्रार्थना सभा में सत्य और अहिंसा का संदेश याद किया गया।

विज्ञापन
Gandhi-Shastri Jayanti PM Modi and Other Leaders tribute on the occasion of birth anniversary Hindi Updates
राजघाट पर बापू को किया नमन - फोटो : Amar Ujala Graphics

विस्तार

देश आज महात्मा गांधी की 157वीं जयंती मना रहा है। इस अवसर पर नई दिल्ली के राजघाट स्थित गांधी समाधि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद यहां सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन हुआ, जिसमें अलग-अलग धर्मों के प्रतिनिधियों ने प्रार्थना की और बापू के सत्य एवं अहिंसा के संदेश को याद किया।

विज्ञापन

 
राष्ट्रपति मुर्मू ने राजघाट पहुंचकर किया बापू को नमन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने गांधी समाधि पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्रपिता को नमन किया। महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के मौके पर राजघाट में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें राष्ट्रपति ने शामिल होकर बापू को याद किया।
विज्ञापन
विज्ञापन


खरगे और राहुल गांधी ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। दोनों नेताओं ने गांधी जी की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

ओम बिरला ने राजघाट पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने गांधी समाधि पर पुष्प अर्पित कर बापू को नमन किया।

मनोहर लाल खट्टर ने भी किया नमन
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। गांधी जयंती के मौके पर उन्होंने बापू को याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया।

एलजी तारणजीत सिंह संधू ने दी श्रद्धांजलि
दिल्ली के उपराज्यपाल तारणजीत सिंह संधू भी गांधी जयंती के अवसर पर राजघाट पहुंचे। उन्होंने गांधी समाधि पर पुष्प अर्पित कर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।

सीएम रेखा गुप्ता ने प्रार्थना सभा में लिया हिस्सा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजघाट स्थित गांधी समाधि में आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया था।

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने गांधी जयंती पर महात्मा गांधी को किया याद
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा गया, "संपूर्ण विश्व को शांति और अहिंसा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जीवन अपने आप में एक आदर्श था। उनके स्वदेशी, स्वराज के विचार सदियों को प्रेरित करते रहेंगे। गांधी जयंती के अवसर पर बापू को कोटि-कोटि नमन।"

सीएम योगी ने गांधी के विचारों को किया याद
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा गया, "सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर संपूर्ण विश्व को स्वदेशी व अहिंसा के माध्यम से स्वाधीनता का संदेश देने वाले, 'राष्ट्रपिता' महात्मा गांधी जी की पावन जयंती पर कोटिश: नमन। प्रदेश वासियों को 'अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस' की शुभकामनाएं। श्रद्धेय बापू के आदर्श, सादगी और विचार आज भी हम सभी को आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में निरंतर मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।"

रेखा गुप्ता बोलीं- गांधी के विचार आज भी प्रासंगिक
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "महात्मा गांधी की जीवन-यात्रा राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण की एक विराट साधना थी। सत्य और अहिंसा के उनके विचारों ने विश्व को मानवता और शांति का मार्ग दिखाया। स्वदेशी, स्वावलंबन और स्वराज का उनका चिंतन आज भी भारत की चेतना में जीवंत है और आत्मनिर्भर, समर्थ एवं विकसित राष्ट्र के निर्माण की हमारी यात्रा को प्रेरित करता है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 157वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन।"

लाल बहादुर शास्त्री को कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

 पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने विजय घाट पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शास्त्री जी की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके योगदान को याद किया।
 


इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों व केंद्रीय मंत्रियों ने भी श्रद्धांजलि दी है। राजनाथ ने कहा कि जनमानस में सम्मानित शास्त्री जी का जीवन सादगी और दृढ़ संकल्प का अनुपम उदाहरण था। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए 'एक्स' पर पोस्ट किया, "ईमानदारी, उच्च आदर्शों, उदात्त निष्ठा और असाधारण कर्तव्यबोध के लिए जनमानस में सम्मानित शास्त्री जी का जीवन सादगी और दृढ़ संकल्प का अनुपम उदाहरण था। स्वभाव से विनम्र शास्त्री जी के व्यक्तित्व में अद्भुत साहस और अदम्य आत्मबल था। 'जय जवान, जय किसान' का उनका मंत्र आज भी भारत की सुरक्षा, कृषि और राष्ट्रनिर्माण के प्रति हमारे संकल्प को प्रेरणा देता है।"

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने लिखा, "भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, 'जय जवान, जय किसान' के प्रणेता व सादगी और दृढ़ संकल्प की प्रतिमूर्ति श्रद्धेय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। राष्ट्रसेवा के प्रति उनका समर्पण, विषम परिस्थितियों में उनका अडिग नेतृत्व और देशवासियों के प्रति उनकी संवेदनशीलता सदैव प्रेरणा देती रहेगी।"

आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने शास्त्री जी को नमन करते हुए कहा, "'गुदड़ी के लाल' शास्त्री जी के 'जय जवान, जय किसान' के नारे ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में देश के जवानों और किसानों में एक नई ऊर्जा का संचार किया। सादगी, ईमानदारी और त्याग के प्रतीक शास्त्री जी को देश के विकास में उनके अद्वितीय योगदान के लिए सदैव स्मरण किया जाएगा।"

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे समेत कई विपक्षी नेताओं ने भी दी श्रद्धांजलि
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "सादगी, सत्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रतीक, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का जीवन भारत के लिए समर्पण की अद्भुत मिसाल है।"

उन्होंने लिखा, "भूमि सुधारों से लेकर हरित और दुग्ध क्रांति की नींव मजबूत करने तक, रेलवे में तीसरी श्रेणी समाप्त करने से लेकर बसों में महिलाओं के लिए सीटों की व्यवस्था तक और 1965 के युद्ध में देश को दृढ़ नेतृत्व देने तक, राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान अविस्मरणीय है। गांधीवादी मूल्यों और उच्च विचारों से परिपूर्ण उनका सरल जीवन हमें सदैव प्रेरित करता रहेगा।"

समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी पूर्व प्रधानमंत्री और 'भारत रत्न' लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन किया है। एनसीपी-एसपी के प्रमुख शरद पवार ने 'एक्स' पर लिखा, "सादगी, कर्तव्य-निष्ठा और राष्ट्र-सेवा को अपने सार्वजनिक जीवन का आधार बनाने वाले और संकट के समय साहसी निर्णय लेकर देश के नेतृत्व को एक नई दिशा देने वाले भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।"

एनसीपी-एसपी की सांसद सुप्रिया सुले ने भी लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "आज 'जय जवान-जय किसान' नारा देने वाले पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती है। उन्हें एक आम आदमी के कर्तव्य-बोध और असीम देशभक्ति की मिसाल के तौर पर सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। उनकी जयंती के अवसर पर विनम्र श्रद्धांजलि।" पंजाब के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान ने भी लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed