{"_id":"612184acfc3b39531a5d87e8","slug":"former-up-cm-kalyan-singh-passed-away-amit-shah-said-kalyan-singh-was-the-banyan-tree-that-expanded-the-bjp-organization-by-giving-shade","type":"story","status":"publish","title_hn":"स्मृति शेष: सियासी दिग्गजों ने किया कल्याण सिंह को याद, जानिए किसने क्या-क्या कहा","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
स्मृति शेष: सियासी दिग्गजों ने किया कल्याण सिंह को याद, जानिए किसने क्या-क्या कहा
Sun, 22 Aug 2021 06:19 AM IST
देव कश्यप
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
Published by: देव कश्यप
Updated Sun, 22 Aug 2021 06:19 AM IST
सार
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, कल्याण सिंह नहीं मेरा बड़ा भाई चला गया
- शाह ने कई ट्वीट करते हुए कहा, कल्याण सिंह के निधन से देश ने आज एक सच्चे राष्ट्रभक्त, ईमानदार व धर्मनिष्ठ राजनेता को खो दिया
विज्ञापन
गृह मंत्री अमित शाह व कल्याण सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के निधन को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बहुत बड़ी क्षति बताया है। उन्होंने कहा, बाबूजी (कल्याण सिंह का लोकप्रिय नाम) ऐसे विराट वटवृक्ष थे, जिनकी छाया में भाजपा संगठन पनपा और उसका विस्तार हुआ। कल्याण सिंह के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में शिक्षा मंत्री रहे केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनके निधन से अपने बड़ा भाई चला जाने की बात कही।
विज्ञापन
शाह ने कई ट्वीट करते हुए कहा, कल्याण सिंह के निधन से देश ने आज एक सच्चे राष्ट्रभक्त, ईमानदार व धर्मनिष्ठ राजनेता को खो दिया। बाबूजी एक ऐसे विराट वटवृक्ष थे, जिनकी छाया में भाजपा का संगठन पनपा व उसका विस्तार हुआ। सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के एक सच्चे उपासक के रूप में उन्होंने जीवनभर देश व जनता की सेवा की। उन्होंने कहा, कल्याण सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी कर्तव्यनिष्ठा व राजनीतिक कौशल से सुशासन की संकल्पना को साकार कर जनता को भय व अपराध से मुक्त एक जनकल्याणकारी शासन दिया और शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व सुधार कर आने वाली सरकारों के लिए उत्कृष्ट आदर्श भी स्थापित किए।
विज्ञापन
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट में कहा, कल्याण सिंह के निधन से मैंने अपना बड़ा भाई और साथी खोया है। उनके निधन से आई रिक्तता की भरपाई लगभग असंभव है। ईश्वर उनके शोक संतप्त परिवार को दुख की इस कठिन घड़ी में धैर्य ओर संबल प्रदान करे। उन्होंने कहा, कल्याण सिंह उत्तर प्रदेश ही नहीं भारतीय राजनीति की वह कद्दावर हस्ती थे, जिन्होंने अपने व्यक्तित्व और कृतित्व से देश व समाज पर एक अमिट छाप छोड़ी। वे उत्तर प्रदेश के अत्यंत लोकप्रिय मुख्यमंत्री के रूप में जाने गए। श्रीरामजन्मभूमि आंदोलन में भी उनकी महती भूमिका के लिए उन्हें यह देश हमेशा याद रखेगा। उनका निधन भारतीय राजनीति के लिए बड़ी क्षति है और मेरे लिए तो यह बहुत ही पीड़ादायक क्षण है।
विज्ञापन
इन्होंने भी जताया शोक...
कल्याण सिंह से जनता का जादुई लगाव था। यूपी के मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने दृढ़निश्चय के साथ स्वच्छ राजनीति की और राजनीति से अपराधियों तथा भ्रष्टाचार का सफाया किया। उनके निधन से सार्वजनिक जीवन में एक रिक्तता आ गई है। मेरी हार्दिक संवेदना। - राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद
कल्याण सिंह सच्चे राष्ट्रवादी और आदर्श नेता थे। वह जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध थे। उनके शोक संतप्त परिवार और अनुयायियों के लिए मेरी गहरी संवेदना। - उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू
राजस्थान के पूर्व राज्यपाल व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन से बेहद दुखी हूं। उनके परिवार के सदस्यों के प्रति मैं संवेदनाएं प्रकट करता हूं। भगवान उन्हें इस दुख की घड़ी में संबल दे। - अशोक गहलोत, मुख्यमंत्री, राजस्थान
कल्याण सिंह का निधन भारत की राजनीति की अपूरणीय क्षति है। वह पिछड़े वर्गों के हमारे देश के ऐसे कद्दावर नेता थे, जो सर्वजन समाज के भी नेता थे। उन्होंने अपनी राजनीति के लिए चापलूसी व साजिश का नहीं बल्कि सिद्धांत और साहस का रास्ता चुना। नेता बनाए नहीं जाते, उनका उद्भव होता है। - उमा भारती
भाजपा के कद्दावर नेता व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल रहे कल्याण सिंह के निधन की खबर अति दुखद है। उनके परिवार व समर्थकों आदि के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उन सबको इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे। - मायावती, बसपा अध्यक्ष
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का निधन हृदय विदारक। दिवंगत आत्मा को शांति व शोक संतृप्त परिवार को दुख सहने की शक्ति दे भगवान। विनम्र श्रद्धांजलि। - अखिलेश यादव, सपा अध्यक्ष
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के रूप में आज राष्ट्र ने अपने एक अनमोल लाल को खो दिया। राष्ट्र व श्रीराम की सेवा के पुनीत कार्यों के लिए आप याद किए जाएंगे। प्रभु श्रीराम अपने श्री चरणों में स्थान और परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति दे। - शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश
हमारे वरिष्ठ नेता आदरणीय कल्याण सिंह के निधन का समाचार सुनकर अत्यंत व्यथित हूं। जनसंघ और भाजपा को उत्तर प्रदेश के खड़ा करने में कल्याण सिंह का सबसे महत्वपूर्ण योगदान रहा है। विचारधारा के प्रति कटिबद्धता के आगे सत्ता कितनी गौण है, यह सीख कल्याण सिंह ने हम सभी को दी। समर्पित राम भक्त, जमीन से जुड़े सच्चे जन नेता कल्याण सिंह को मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि। - नितिन गडकरी, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन का समाचार पाकर बेहद दुखी हूं। वह जनता के नेता थे और बहुत सारे प्रतिष्ठित पदों पर रहे। उनके परिवार के प्रति मेरी गहन संवेदनाएं। - कैप्टन अमरिंदर सिंह, मुख्यमंत्री, पंजाब
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के निधन की खबर दुखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे व शोक संतृप्त परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे। - संजय सिंह, राज्यसभा सांसद, आप
राजस्थान के पूर्व राज्यपाल, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह के निधन का दुखद समाचार मिला। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे और शोक संतृप्त परिवार को संबल प्रदान करे। - मनोहरलाल खट्टर, मुख्यमंत्री, हरियाणा
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन की बेहद दुखद खबर मिली। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे व परिवार को ये देख सहने की शक्ति दे। - अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री, दिल्ली
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राजस्थान के निवर्तमान राज्यपाल हम सभी के मार्गदर्शक व प्रेरणास्रोत कल्याण सिंह के निधन पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि। उनका निधन भारतीय राजनीति व भाजपा के लिए अपूरणीय क्षति है। - पुष्कर धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड
कल्याण सिंह के निधन से आज हमने एक ऐसा विराट व्यक्तित्व खो दिया, जिसने अपने राजनीतिक कौशल, प्रशासकीय अनुभव और विकासोन्मुखी दृष्टिकोण से राष्ट्रीय स्तर पर एक अमिट छाप छोड़ी। वे वंचित वर्ग के उत्थान और सभी वर्गों के कल्याण को समर्पित रहे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। - ओम बिरला, लोकसभा अध्यक्ष
देवभूमि हिमाचल के पूर्व राज्यपाल व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का निधन अत्यंत पीड़ादायक है। एक राजनेता के तौर पर उन्होंने राष्ट्र, जनहित और हिंदुत्व की रक्षा के लिए अनुकरणीय भूमिका निभाई। जिसे भुलाया नहीं जा सकता। - जयराम ठाकुर, मुख्यमंत्री, हिमाचल प्रदेश