कांग्रेस से ज्यादा मजबूत है BJP-RSS संगठन: चिंदबरम
पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी. चिंदबरम ने कहा है कि कांग्रेस का संगठनात्मक ढांचा बीजेपी-आरएसएस के आगे कमजोर नजर आता है। तृणमूल कांग्रेस और एआईएडीएमके जैसी क्षेत्रीय पार्टियों के आगे भी कांग्रेस का कोई मेल नहीं।
उन्होंने कहा कि 'बीजेपी-आरएसएस एक ऐसे संगठन के रुप में उभरा है जो वोट बटोरने में सक्षम है, लेकिन अगर यह संगठन बंगाल में टीएमसी और तमिलनाडु में एआईएडीएमके के खिलाफ वोट बटोरने की कोशिश करेगा तो उसे निराशा हाथ लगेगी।'
विपक्ष की अहमियत को खत्म किया जा रहा है
यूपीए के कार्यकाल के दौरान गृह और वित्त मंत्रालय का प्रभार संभालने वाले चिंदबरम का मानना है कि 'कांग्रेस जैसे राष्ट्रीय दल को 2019 का आम चुनाव लड़ने के लिए यह जरूरी है कि वह 29 राज्यों के लिए 29 अलग-अलग रणनीतियां बनाने की जरूरत है।'
चिंदबरम के मुताबिक, 'एक रणनीति जो गुजरात के लिए बनाई गई हो वह असम जैसे राज्य में लागू न हो। मैंने अपनी पार्टी के नेताओं से भी इस बारे में बात की है।'
वहीं नोटबंदी के बारे में उन्होंने कहा कि 'बीजेपी को उत्तर प्रदेश में मिली जीत नोटबंदी पर लोगों का समर्थन नहीं है। अगर इस नजरिए से देखे तो पंजाब में मिली हार नोटबंदी का विरोध कही जाएगी।'
चिंदबरम ने कहा 'विपक्ष की अहमियत को खत्म किया जा रहा है, समाज के पिछड़े वर्ग, दलितों को भयभीत किया जा रहा है।'