{"_id":"6803a399827fc1eeda073a35","slug":"foreign-secy-misri-on-pm-modi-s-upcoming-saudi-arabia-visit-2025-04-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"MEA: अगले हफ्ते सऊदी अरब जाएंगे पीएम मोदी, कई समझौतों पर होंगे हस्ताक्षर; इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
MEA: अगले हफ्ते सऊदी अरब जाएंगे पीएम मोदी, कई समझौतों पर होंगे हस्ताक्षर; इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा
Sat, 19 Apr 2025 06:52 PM IST
निर्मल कांत
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
Published by: निर्मल कांत
Updated Sat, 19 Apr 2025 06:52 PM IST
सार
MEA: विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22-23 अप्रैल को सऊदी अरब के जेद्दा शहर की यात्रा पर रहेंगे, जहां वे क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से द्विपक्षीय मुद्दों और रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा करेंगे। इस दौरान रूस-यूक्रेन युद्ध, पश्चिम एशिया की स्थिति और कई अहम समझौतों पर बातचीत होने की उम्मीद है।
विज्ञापन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।
- फोटो : वीडियो ग्रैब/एक्स/एएनआई
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ्ते सऊदी अरब की यात्रा पर जाएंगे। यह दौरा सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के निमंत्रण पर हो रहा है। प्रधानमंत्री 22 और 23 अप्रैल को जेद्दा शहर में होंगे। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने शनिवार को विदेश मंत्रालय की एक विशेष प्रेस वार्ता में इस यात्रा की जानकारी दी।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि यह यात्रा भारत और सऊदी अरब के संबंधों के लिए बहुत अहम है। मिस्री ने कहा, सऊदी अरब इस्लामी दुनिया में एक प्रमुख आवाज है और वह अब क्षेत्रीय मामलों में भी बड़ी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने यह भी कहा, प्रधानमंत्री मोदी और क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के बीच अच्छे और गर्मजोशी भरे संबंध हैं। इनकी आपसी समझ और उच्च स्तर की रणनीतिक सोच से दोनों देशों के संबंध और मजबूत हुए हैं।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: Congress: 'उन्होंने हमें डर का सामना और सच्चाई के लिए खड़ा होना सिखाया', परदादा नेहरू को लेकर बोले राहुल गांधी
विज्ञापन
प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा सऊदी अरब के जेद्दा शहर में होगी। इस दौरान प्रधानमंत्री की क्राउन प्रिंस से मुलाकात होगी। साथ ही, औपचारिक स्वागत समारोह और द्विपक्षीय वार्ता होगी। यात्रा के दौरान दोनों नेता ‘भारत-सऊदी रणनीतिक साझेदारी परिषद’ की दूसरी बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
पीएम मोदी का तीसरे कार्यकाल में पहला सऊदी दौरा
मिस्री ने बताया कि इस परिषद के दो मुख्य स्तंभ राजनीतिक और आर्थिक हैं, जिन्हें दोनों देशों के मंत्री संभालते हैं। यह प्रधानमंत्री मोदी की तीसरे कार्यकाल में सऊदी अरब की पहली यात्रा होगी। इससे पहले वह 2016 और 2019 में वहां की यात्रा कर चुके हैं। यह यात्रा तब हो रही है, जब क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने सितंबर 2023 में जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान भारत का दौरा किया था। उसी समय रणनीतिक साझेदारी परिषद की पहली बैठक हुई थी।
कई समझौतों पर हो सकते हैं हस्ताक्षर
उन्होंने कहा, इस दौरे में दोनों देशों के बीच कई समझौतों (एमओयू) पर हस्ताक्षर हो सकते हैं। समझौते अंतिम मंजूरी के चरण में हैं और यात्रा के दौरान पूरी जानकारी साझा की जाएगी। उन्होंने बताया कि करीब 27 लाख भारतीय सऊदी अरब में रहते और काम करते हैं। यह भारतीय प्रवासियों का दूसरा सबसे बड़ा समूह है। भारत और सऊदी अरब के बीच 1947 में राजनयिक संबंध स्थापित हुए थे। 2010 में दोनों देशों के संबंधों को ‘रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर पर बढ़ाया गया। तबसे दोनों देशों के बीच नियमित उच्च स्तरीय दौरे होते रहे हैं। साल 2024 की शुरुआत से अब तक भारत के 11 मंत्री सऊदी अरब दौरे पर जा चुके हैं। सऊदी अरब के विदेश मंत्री और खनिज मंत्री ने भी नवंबर 2024 और फरवरी 2025 में भारत का दौरा किया।
ये भी पढ़ें: मुर्शिदाबाद: पीड़ितों से मिले बिना जा रहे थे राज्यपाल, गाड़ियों के आगे बैठ गए लोग, हंगामा हुआ तो मिलने लौटे
दोनों नेताओं की बातचीत में होगा रूस-यूक्रेन युद्ध का मुद्दा
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने रूस-यूक्रेन युद्ध पर कहा, यह चर्चा का एक अहम क्षेत्र होने जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने पहले ही भारत का रुख स्पष्ट किया है कि इस मसले का हल बातचीत से निकलना चाहिए। सभी पक्षों को एक मेज पर बैठकर इसका समाधान ढूंढना चाहिए। हमें यह देखकर खुशी हो रही है कि ऐसा कुछ हो रहा है। यह अच्छा है कि सऊदी अरब जैसा साझेदार फिर से इसमें शामिल है। मैं पहले ही यह नहीं कह सकता कि बातचीत की प्रकृति कैसी होगी। लेकिन इतना जरूर कह सकता हूं कि यह मुद्दा दोनों नेताओं के बीच प्रमुख चर्चा का विषय होने जा रहा है।
'हूती विद्रोहियों के हमलों पर नजर रख रहा भारत'
मिस्री ने कहा, यह एक बहुत महत्वपूर्ण मौका है। हम इस यात्रा के दौरान कई क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर बातचीत कर सकेंगे। दोनों देशों के साझा हितों से जुड़े मामलों पर विचार साझा करना जरूरी है। हूती विद्रोहियों द्वारा शिपिंग और नेविगेशन पर किए गए हमले भी चिंता का विषय हैं। भारत इन घटनाओं पर बहुत नजदीक से नजर रख रहा है। भारतीय नौसेना ने इस क्षेत्र में बड़ा अभियान शुरू किया है। हमने पहले ही व्यापारी जहाजों और नाविकों की सुरक्षा के लिए कई कदम उठाए हैं। इसी तरह, पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी बातचीत होगी। इस्राइल और फलस्तीन के बीच हालात भी चिंता का कारण बने हुए हैं। सऊदी अरब इस मुद्दे को सुलझाने में अहम भूमिका निभा रहा है। भारत भी इस मसले से जुड़े सभी प्रमुख पक्षों के साथ लगातार संवाद में है। इसलिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है कि हम इन मुद्दों पर सऊदी अरब जैसे अहम साझेदार के साथ बातचीत करें।
विज्ञापन
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन