पद्मावती के बाद अब एक और फिल्म पर मचा बवाल, हिंदू युवा वाहिनी ने दी चेतावनी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
संजय लीला भंसाली की पद्मावती के बाद एक और फिल्म ‘द गेम ऑफ अयोध्या’ को लेकर विरोध शुरू हो गया है।
हिंदू युवा वाहिनी ने फिल्म में अयोध्या में विवादित ढांचा विध्वंस करने वाले कारसेवकों और यूपी के तत्कालीन मुख्यमंत्री व वर्तमान में राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह की भूमिका को गलत ढंग से पेश करने का आरोप लगाकर चेतावनी दी है कि यह फिल्म अलीगढ़ में नहीं चलने दी जाएगी।
हिंदू युवा वाहिनी के जिला उपाध्यक्ष एवं छात्र नेता आदित्य पंडित ने कलक्ट्रेट में अधिकारियों को दिए ज्ञापन में कहा कि पूरे देश में वाहिनी इस फिल्म का विरोध करेगी। फिल्म के निर्देशक एवं लोकदल के अध्यक्ष सुनील सिंह ने फिल्म में रामलला की मूर्तियों को धोखे से अयोध्या में स्थापित करते हुए दिखाया है। ये तथ्य बिल्कुल गलत है।
आदित्य पंडित ने कहा कि सुनील सिंह अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा की पूर्ति के लिए इस तरह की विवादित एवं हिंदू धर्म की भावनाओं को आहत करने वाली फिल्म बनाकर सस्ती लोकप्रियता हासिल करना चाहते हैं।
सुनील सिंह और उनकी पार्टी लोकदल का कहीं भी वजूद नहीं है। इस बहाने विशेष संप्रदाय के लोगों का ध्यान आकर्षित कर राजनीति चमकाना चाहते हैं। जिला अध्यक्ष अमित शर्मा ने कहा कि यदि यह फिल्म जिले के किसी भी सिनेमाघर में चली, तो सिनेमाघर संचालक इसके दुष्परिणाम के लिए तैयार रहें।
नेताओं ने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह को संबोधित ज्ञापन एएसडीएम कोल को सौंपा। लोकदल अध्यक्ष सुनील सिंह का कहना है कि फिल्म देखे बिना विरोध करना उचित नहीं है। फिल्म देखने के बाद कुछ गलत लगे, तो प्रतिक्रिया देनी चाहिए।
‘द गेम ऑफ अयोध्या’ चलाई, तो फूंक देंगे सिनेमाघर
डीएस कॉलेज के गेट पर समाजवादी छात्र सभा ने ‘द गेम ऑफ अयोध्या’ फिल्म के निर्देशक सुनील सिंह का पुतला फूंककर इस फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।
चेतावनी दी कि यदि यह फिल्म सिनेमाघरों में चली, तो उसमें आग लगा दी जाएगी। छात्रसभा जिला अध्यक्ष रंजीत सिंह ने कहा कि सुनील सिंह ने समस्त हिंदू जनमानस की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। ये लोग पैसे कमाने और सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए देश की संस्कृति और इतिहास के साथ खिलवाड़ करते हैं।