{"_id":"608d13fe8ebc3ed9b70a890d","slug":"evolve-political-consensus-on-national-policy-to-tackle-covid-surge-sonia-gandhi-to-centre","type":"story","status":"publish","title_hn":"सोनिया गांधी की गुहार: महामारी से निपटने की सर्वसम्मति से राष्ट्रीय नीति बनाएं, सरकारें जागें","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
सोनिया गांधी की गुहार: महामारी से निपटने की सर्वसम्मति से राष्ट्रीय नीति बनाएं, सरकारें जागें
Sat, 01 May 2021 02:10 PM IST
दीप्ति मिश्रा
पीटीआई, नई दिल्ली
पीटीआई, नई दिल्ली
Published by: दीप्ति मिश्रा
Updated Sat, 01 May 2021 02:10 PM IST
सार
देश में कोविड-19 के तेजी से बढ़ रहे मामलों के बीच कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कोरोना वायरस वैश्विक महामारी से निपटने को लेकर एक राष्ट्रीय नीति पर राजनीतिक सर्वसम्मति बनाने की केंद्र से शनिवार को अपील की।
विज्ञापन
सोनिया गांधी
- फोटो : ANI
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने केंद्र सरकार से महामारी से निपटने के लिए राष्ट्रीय नीति पर राजनीतिक सर्वसम्मति बनाने की अपील की। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, 'मैं केंद्र सरकार से अपील करती हूं कि देश में कोविड-19 संकट से निपटने के लिए राष्ट्रीय नीति तैयार की जाए और इसे लेकर राजनीतिक सर्वसम्मति बनाई जाए।' देश में दूसरी कोरोना लहर के कारण तेजी से बढ़ रहे संक्रमण के मामलों के बीच उन्होंने शनिवार को यह अनुरोध किया।
विज्ञापन
सोनिया गांधी ने वीडियो संदेश में कहा कि अब समय आ गया है कि केंद्र एवं राज्य सरकारें जागें और अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि कोविड-19 का टीका सभी नागरिकों को नि:शुल्क लगाया जाना चाहिए और देश की टीकाकरण मुहिम को गति देने के मकसद से टीकों का उत्पादन बढ़ाने के लिए लाइसेंस हासिल करने को अनिवार्य बनाया जाना चाहिए।
विज्ञापन
हर गरीब के खाते में डालें पैसा
गांधी ने केंद्र सरकार से अपील की कि वह हर गरीब परिवार के खाते में छह-छह हजार रुपये पहुंचाए, ताकि मौजूदा संकट से निपटने में उन्हें मदद मिल सके। उन्होंने जांच बढ़ाने और आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं की कालाबाजारी रोकने की अपील की। साथ ही अस्पतालों को ऑक्सीजन, चिकित्सा तथा अन्य उपकरण युद्धस्तर पर मुहैया कराने का भी अनुरोध किया।
विज्ञापन
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि टीकों के दामों को लेकर भेदभाव और जीवन रक्षक दवाओं की कालाबाजारी को बंद किया जाना चाहिए। औद्योगिक ऑक्सीजन चिकित्सा इस्तेमाल के लिए अस्पतालों को दी जानी चाहिए। गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी वैश्विक महामारी के खिलाफ लड़ाई में केंद्र के साथ खड़ी रहेगी और उन्होंने सभी भारतीयों से इस मुश्किल समय में एकजुट रहने की अपील की।
उन्होंने महामारी के इन चुनौतीपूर्ण दिनों में भारतीयों के बेहतर स्वास्थ्य की भी कामना की और उन लाखों परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना प्रकट की, जिन्होंने इस दौरान अपने प्रियजनों को खो दिया है। गांधी ने कहा, 'हमारा देश महामारी से जूझ रहा है। हमारे लाखों देशवासी रोजाना कोरोना वायरस की चपेट में आ रहे हैं। यह संकट हम सबके लिए परीक्षा का समय है। हमें एक दूसरे का हाथ पकड़कर एक-दूसरे का साथ देना है और हिम्मत बढ़ानी है। मौजूदा दौर ने मानवता को आघात पहुंचाया है। कई राज्य बिस्तरों, ऑक्सीजन और जीवन रक्षक दवाओं की किल्लत का सामना कर रहे हैं।'
बेवजह इधर-उधर न घूमें लोग
गांधी ने पांच मिनट के अपने वीडियो संदेश में कहा, 'मुझे भरोसा है कि आप कोविड-19 महामारी की गंभीरता को समझेंगे और एक नागरिक के तौर पर सहयोग देंगे। मैं आशा करती हूं कि देश जल्द ही इस संकट से बाहर निकल आएगा।' उन्होंने अपनी जान खतरे में डालकर कोविड रोगियों का इलाज कर रहे सभी डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ तथा सभी स्वास्थ्य कर्मियों की सराहना की।
बता दें, भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के एक दिन में अब तक के सर्वाधिक चार लाख से अधिक नए मामले सामने आए हैं और उपचाराधीन मामलों की संख्या अब 32 लाख के पार हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शनिवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के अनुसार, कोरोना वायरस संक्रमण के 4,01,993 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,91,64,969 हो गई तथा 3,523 और लोगों की मौत होने के बाद कुल मृतक संख्या बढ़कर 2,11,853 हो गई।