Big News: उडुपी गर्ल्स कॉलेज टॉयलट रिकॉर्डिंग मामले में नहीं मिले सबूत, पढ़ें देश की अहम खबरें
उडुपी के एसपी हाके अक्षय मच्छिन्द्र ने मंगलवार को इस संबंध में फर्जी खबरों पर विश्वास न करने का अनुरोध किया। उडुपी एसपी ने लोगों के बीच भ्रम पैदा करने और अफवाहें नहीं फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा, यदि कोई दस्तावेज या सबूत उपलब्ध है, तो उसे पुलिस को सौंप दें और पुलिस से सहयोग करें।
विस्तार
उडुपी कॉलेज के टॉयलट में लड़कियों की वीडियो रिकॉर्डिंग के मामले में कर्नाटक पुलिस को कोई सबूत या वीडियो रिकॉर्डिंग नहीं मिले हैं। पुलिस ने गलत जानकारी देने और अफवाह फैलाने वाले को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। कॉलेज की एक समुदाय की लड़कियों ने अन्य समुदाय की लड़कियों पर टॉयलट में वीडियो रिकॉर्ड करने का आरोप लगाया गया था। उडुपी के एसपी हाके अक्षय मच्छिन्द्र ने मंगलवार को इस संबंध में फर्जी खबरों पर विश्वास न करने का अनुरोध किया। उडुपी एसपी ने लोगों के बीच भ्रम पैदा करने और अफवाहें नहीं फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा, यदि कोई दस्तावेज या सबूत उपलब्ध है, तो उसे पुलिस को सौंप दें और पुलिस से सहयोग करें। उन्होंने कहा, कॉलेज के नियमों के अनुसार लड़कियों से पूछताछ की गई है। लड़कियों के मोबाइल में कोई फोटो या वीडियो उपलब्ध नहीं है। इस संबंध में मामला दर्ज करने के लिए कोई सुराग उपलब्ध नहीं है। लड़कियों ने दावा किया है कि उन्होंने मनोरंजन के लिए प्रैंक किया था।
पंचतत्व में विलीन हुए संघ प्रचारक मदनदास, शाह व भागवत रहे मौजूद
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक मदनदास देवी मंगलवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। महाराष्ट्र के पुणे शहर में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, संघ प्रमुख मोहन भागवत और संघ के कई स्वयंसेवक उपस्थित रहे। मदनदास के पार्थिव शरीर को पुणे शहर में आरएसएस के मोतीबाग कार्यालय में दर्शन के लिए रखा गया था।
सरकार जी-20 अध्यक्षता पर जारी करेगी 100 व 75 रुपये के सिक्के
केंद्र सरकारा जी20 अध्यक्षता पर 100 और 75 रुपये के स्मारक सिक्के जारी करेगी। अधिसूचना के अनुसार, सिक्कों के केंद्र में अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष होगा और इसके पिछले हिस्से पर देवनागरी में सत्यमेव जयते लिखा होगा। इसके बाईं ओर देवनागरी में ‘भारत’ शब्द और दाईं ओर अंग्रेजी में ‘इंडिया’ अंकित होगा। सिक्के की दूसरी तरफ भारत की जी20 अध्यक्षता का लोगो होगा और ऊपरी हिस्से में देवनागरी में ‘वसुधैव कुटुंबकम’ लिखा होगा।
तमिलनाडु में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, दो महिलाओं की मौत
जिले के थाइलपट्टी में एक पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक हुए धमाके में दो महिला श्रमिकों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने श्रमिकों की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए प्रत्येक मृतक के परिवार को तीन लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि जब दोनों महिला श्रमिक पटाखे बनाने के लिए विस्फोटक सामग्री उठा रही थीं तो घर्षण के कारण विस्फोट हुआ। मृत श्रमिकों की पहचान मुरुगेश्वरी और बानू के रूप में हुई है। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की तीन गाड़ियों को भेजा गया। पुलिस मामला दर्ज कर घटना की जांच कर रही है। एजेंसी
छोटे ड्रोन खरीदने के लिए सेना ने आईडेक्स योजना के तहत किया समझौता
सेना ने आईडेक्स योजना के तहत देश में बने छोटे ड्रोन विमानों को खरीदने का सौदा किया है। सेना ने एक बयान में कहा, इन आधुनिकतम ड्रोन विमानों से सेना को दुश्मन की निगरानी, लक्ष्य साधन और खोज की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी। आईडेक्स योजन की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अप्रैल 2018 में रक्षा और उड़ान क्षेत्र में तकनीकी विकास, नवोन्मेष और आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए की गई थी। इस पहल में एमएसएमई समेत अन्य उद्योग, स्टार्टअप, व्यक्तिगत नवोन्मेषकर्ता, शोधकर्ता और अकादमिक जगत को शामिल किया गया था। आईडेक्स योजना में तकनीकी सहयोग और मार्गदर्शन के लिए देश के अग्रणी इन्क्यूबेटर्स के साथ साझेदारी की गई है।
परीक्षा पास न कर पाने से परेशान आईआईटी के छात्र ने जान दी
आईआईटी हैदराबाद के एक 20 वर्षीय छात्र ने विशाखापत्तनम में समुद्र में कूदकर जान दे दी। स्थानीय पुलिस ने बताया कि घटना बीते सप्ताह बुधवार की है। छात्र का शव बृहस्पतिवार को बरामद कर लिया गया। धनावत कार्तिक 17 जुलाई को हैदराबाद स्थित हॉस्टल से लापता हो गया था, आईआईटी की तरफ से गुमशुदगी दर्ज कराया गया। उसके मोबाइल फोन की लोकेशन विशाखापत्तनम में समुद्र तट के पास की मिली। विशाखापत्तनम के पुलिस आयुक्त सीएम त्रीविक्रम वर्मा ने बताया कि लोकेशन के आधार पर रामकृष्ण तट के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें छात्र समुद्र तट के खतरनाक क्षेत्र में टहलता दिखा। आदिवासी समुदाय से संबंध रखने वाला छात्र मूल रूप से तेलंगाना के नालगोंडा जिले का रहने वाला था। वह दो विषयों में परीक्षा पास नहीं कर पाने की वजह से परेशान था।