Election 2023: नगालैंड विधानसभा चुनाव के लिए JDU के पहले उम्मीदवार की घोषणा, त्रिपुरा में नामांकन का अंतिम दिन
जदयू के अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ने कहा कि अगर केंद्र को चुनाव पर्याप्त समर्थन दिया जाता है, तो पार्टी केंद्र को नगा मुद्दे पर राजनीतिक समाधान लागू करने के लिए मजबूर करेगी।
विस्तार
जनता दल (यूनाइटेड) ने 27 फरवरी से होने वाले नगालैंड विधानसभा चुनाव के लिए अपने पहले उम्मीदवार की घोषणा की है। पार्टी के प्रदेश महासचिव कितोहो एस रोतोखा चुमौकेडेमिया जिले की घसपानी-2 सीट से चुनाव लड़ेंगे।
इस मौके पर रविवार को जदयू के अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ने कहा कि अगर केंद्र को चुनाव पर्याप्त समर्थन दिया जाता है, तो पार्टी केंद्र को नगा मुद्दे पर राजनीतिक समाधान लागू करने के लिए मजबूर करेगी। सिंह ने कहा कि पार्टी राज्य में चुनाव लड़ेगी, क्योंकि वह लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने में भरोसा रखती है।
जदयू अध्यक्ष ने कहा कि वह कभी भी लोगों को धोखा नहीं देती है और हर वादे को पूरा करती है। पार्टी ने नगालैंड के लोगों से पार्टी पर भरोसा करने की अपील की है क्योंकि यही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो नगा राजनीतिक मुद्दे का समाधान निकाल सकती है। सिंह ने कहा, 'अगर पार्टी सत्ता में आती है तो वह केंद्र को नगा समाधान लागू करने के लिए मजबूर करेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने 2018 का विधानसभा चुनाव इस मुद्दे के साथ लड़ा था लेकिन अगले चुनाव की तारीख घोषित होने के बाद भी नगा राजनीतिक मुद्दे का समाधान होना अभी बाकी है। उन्होंने कहा, 'भाजपा को यह वादा किए पांच साल हो गए हैं और नगा लोग ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में नगा लोगों को फैसला लेना है।
त्रिपुरा विधानसभा चुनाव 2023: नामांकन का अंतिम दिन, पर्चा दाखिल करने पहुंच रहे उम्मीदवार
त्रिपुरा विधानसभा चुनाव 2023 के लिए सोमवार (आज) नामांकन भरने का आखिरी दिन है। सभी पार्टियों के उम्मीदवार सुबह से ही नामांकन भरने के लिए पहुंच रहे हैं।
मुख्यमंत्री माणिक साह भाजपा के वरिष्ठ नेताओ के साथ टाउन बरडोबली से नामांकन भराने पहुंच रहे हैं। जबकि केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक ने धनपुर सीट से पर्चा भरेंगी। इसके साथ ही राज्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य भी बनमालीपुर विधानसभा सीट से नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंच रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि रविवार तक केवल 76 लोगों ने ही नामांकन भरा था। सोमवार को अंतिम दिन सभी पार्टियों ने नामांकन पत्र भरा। कई राजनीतिक दलों के नेताओं ने नामांकन भरने से पहले मंदिरों में पूजा-अर्चना करने के बाद पर्चा दाखिल किया।
तृणमूल कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की अंतिम सूची
अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (एआईटीसी) ने आगामी त्रिपुरा विधानसभा चुनाव 2023 के लिए उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी है। अंतिम सूची में छह उम्मीदवारों को मैदान में उतारा गया है। जिन छह उम्मीदवारों के नाम अंतिम सूची में शामिल हैं उनमें तेजन दास, अनंत बनर्जी, शांतनु साहा, कुहेली दास, लुटन दास, दिलीप चौधरी शामिल हैं।