Politics: पलानीस्वामी बोले- 2024 में महागठबंधन का नेतृत्व करेगा अन्नाद्रमुक; जेपी नड्डा का DMK पर निशाना
एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि पलानीस्वामी पार्टी को फिर से खड़ी करने और तमाम बाधाओं को पार करते हुए उसे जीत की ओर ले जाने की आशा रखते हैं। पलानीस्वामी पार्टी के बागी नेता ओ. पनीरसेल्वम के साथ पार्टी प्रमुख पद के लिए लड़ाई में उलझे हुए हैं।
विस्तार
अन्नाद्रमुक के अंतरिम महासचिव ई. के. पलानीस्वामी ने मंगलवार को बड़ा बयान दिया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं व नेताओं से 2024 लोकसभा चुनाव में ज्यादा से ज्यादा सीट पर जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनावी महागठबंधन का नेतृत्व पार्टी हमारी पार्टी ही करेगी।
एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि पलानीस्वामी पार्टी को फिर से खड़ी करने और तमाम बाधाओं को पार करते हुए उसे जीत की ओर ले जाने की आशा रखते हैं। दरअसल, पलानीस्वामी पार्टी के बागी नेता ओ. पनीरसेल्वम के साथ पार्टी प्रमुख पद के लिए लड़ाई में उलझे हुए हैं।
नेता ने कहा कि पलानीस्वामी का एजेंडा गठबंधन बनाना और द्रमुक को मटिया-मेट करते हुए लोकसभा चुनावों में जीत हासिल करना है। पार्टी के जिला प्रमुखों की बैठक में पलानीस्वामी ने पदाधिकारियों से कहा कि अन्नाद्रमुक महागठबंधन बनाएगा और पार्टी के सदस्यों को जीत के लिए मनोयोग से काम करना चाहिए।
इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को सत्तारूढ़ द्रमुक पर अकेले एक परिवार के हितों को आगे बढ़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश जितना सुरक्षित हाथों में है, तमिलनाडु उतना सुरक्षित हाथों में नहीं है। उन्होंने कहा कि द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) शायद ही देश की भलाई के बारे में चिंतित है क्योंकि वह केवल एक परिवार की समृद्धि के लिए उत्सुक है। उन्होंने लोगों से सरकार बदलने की अपील की, ताकि राज्य भी समृद्ध हो।
एडीबी ने 12.5 करोड़ डॉलर के कर्ज की मंजूरी दी
एशियाई विकास बैंक (एडीबी) और भारत ने तमिलनाडु के तीन शहरों को हर मौसम में काम करने वाले दूषित जल संग्रह, शोधन, जल निकासी और जल वितरण प्रणाली बनाने में मदद के लिए 12.5 करोड़ डॉलर (लगभग 1,025 करोड़ रुपये) के ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए। आर्थिक मामलों के विभाग में अतिरिक्त सचिव रजत कुमार मिश्रा और एडीबी के भारत में प्रभारी अधिकारी होइ यूं जियोंग ने तमिलनाडु शहरी प्रमुख निवेश कार्यक्रम के लिए तीसरी किस्त को लेकर ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए।