India Cements: सीमेंट निर्माता कंपनी के परिसरों पर ईडी की छापेमारी, FEMA के उल्लंघन का मामला
India Cements: प्रवर्तन निदेशालय ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत बुधवार को इंडिया सीमेंट्स लिमिटेड के चेन्नई में दो परिसरों और दिल्ली स्थित एक कार्यालय पर छापेमारी की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने विदेशी मुद्रा उल्लंघन मामले की जांच के सिलसिले में चेन्नई की एक प्रमुख सीमेंट निर्माता कंपनी के कार्यालयों पर छापेमारी की है। आधाकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
चेन्नई और दिल्ली स्थित परिसरों में छापे
सूत्रों ने बताया कि विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत बुधवार को इंडिया सीमेंट्स लिमिटेड के चेन्नई में दो परिसरों और दिल्ली स्थित एक कार्यालय पर छापेमारी की गई। कंपनी ने कहा कि उसने एजेंसी के साथ जांच में सहयोग किया है।
इंडिया सीमेंट्स ने जारी किया बयान
कंपनी ने एक बयान में कहा, 'प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने बुधवार और गुरुवार को चेन्नई में हमारे कॉर्पोरेट कार्यालय का दौरा किया। एजेंसी ने यह पता लगाने के लिए तलाशी ली कि क्या फेमा से जुड़ी कोई अनियमितता है। हमने एजेंसी द्वारा मांगे गए सभी जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराए हैं। हम उम्मीद करते हैं कि इस जांच का कंपनी पर कोई असर नहीं पड़ेगा।'
550 करोड़ विदेश भेजने का मामला
सूत्रों ने बताया कि यह जांच इंडिया सीमेंट्स की सहयोगी इंडिया सीमेंट्स कैपिटल लिमिटेड (आईसीसीएल) के मामलों और करीब 550 करोड़ रुपये के कोष (फंड) के विदेश हस्तांतरण (ट्रांसफर) से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि एजेंसी कुछ कथित संदिग्ध एजेंटों और निदेशकों की भूमिका की जांच कर रही है। आईसीसीएल विदेशी मुद्रा, धन हस्तांतरण, यात्रा बीमा के क्षेत्र में काम करती है।
1946 में स्थापित हुई थी कंपनी
इंडिया सीमेंट्स की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, कंपनी ने वर्षों से सीमेंट को अपना मुख्य आधार बनाया है और शिपिंग और कोयला खनन जैसे क्षेत्रों में कदम रखा है। कंपनी की स्थापना 1946 में हुई थी।