वाड्रा के खिलाफ बढ़ा जांच का दायरा, ईडी ने यूके से मांगी वित्तीय लेनदेन की जानकारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ जांच का दायरा बढ़ा दिया है। ईडी ने यूके स्थिति एजेंसियों से वाड्रा की आधा दर्जन से ज्यादा संपत्तियों के मालिकाना हक और वित्तीय लेनदेन की जानकारी मांगी है। प्रवर्तन निदेशालय का दावा है कि इन संपत्तियों में ‘मनी लॉन्ड्रिंग’ का पैसा लगा है और वाड्रा का इनसे संबंध है।
ईडी ने इन संपत्ति खरीद में इस्तेमाल हुए धन के प्रवाह का खुलासा करने के लिए भी कुछ देशों की वित्तीय खुफिया इकाइयों से मदद मांगी है। अधिकारियों के मुताबिक एजेंसी लंदन और आसपास स्थित अचल संपत्तियों की धनशोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) के तहत तात्कालिक जब्ती के लिए ब्लूप्रिंट तैयार कर रही है।
लंदन में 12, ब्रायंस्टन स्कैवयर स्थित 19 लाख ब्रिटिश पाउंड कीमत की संपत्ति के बारे में ईडी वाड्रा से कई बार पूछताछ कर चुकी है। सूूत्रों का कहना है कि ईडी के पास यूके में कुछ और संपत्तियों के वाड्रा से संबंध होने के सबूत हैं।
इनमें 50 लाख और 40 लाख ब्रिटिश पाउंड कीमत के दो मकान और छह फ्लैट शामिल हैं। एजेंसी ने इन संपत्तियों की खरीद के लिए वाड्रा से जुड़े लोगों द्वारा साइप्रस और दुबई से हुए गुप्त लेनदेन का भी पता लगाया है।
ईडी का ध्यान ठोस मामला तैयार करने पर
सूत्रों का कहना है कि इन संपत्तियों के बारे में वाड्रा से पूछताछ में ईडी को ज्यादा जानकारी नहीं मिली। लिहाजा, अब वह वाड्रा से निरंतर पूछताछ करना चाहती है और उसकी अग्रिम जमानत रद्द कराने के लिए कोर्ट पहुंची है।
हाल ही में वाड्रा ने कहा था कि एजेंसी उसे बार-बार तलब कर सनसनी और जबरन ड्रामा खड़ा कर रही है। उधर, एजेंसी पीएमएलए के अंतर्गत संपत्तियां कुर्क करने और वाड्रा व उसके सहयोगियों के खिलाफ ठोस मामला तैयार करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
एनआरआई थम्पी को जारी किया समन
संपत्तियों के लेनदेन को लेकर ईडी की नजरों में एनआरआई कारोबारी सीसी थम्पी प्रमुख संदिग्ध है। इस पर देश में 2017 में अवैध जमीन खरीदने और हवाला लेनदेन का आरोप है। एजेंसी ने थम्पी को उसके वाड्रा और भगोड़े हथियार डीलर संजय भंडारी से संबंधों के बारे में पूछताछ के लिए समन भेजा है।