वर्षा राउत को ईडी का नोटिसः क्या है पीएमसी बैंक और संजय राउत परिवार का कनेक्शन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिवसेना सांसद संजय राउत की पत्नी वर्षा राउत को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का नोटिस मिलने के बाद मामला सियासी हो गया है। संजय राउत ने कहा कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महाविकास आघाड़ी सरकार को गिराने में असफल होने के बाद ईडी का नोटिस आया है। लेकिन, जानकारों की मानें तो जिस पीएमसी बैंक घोटाला मामले में ईडी ने नोटिस जारी किया है, उससे संबंधित लेन-देन के मामले में राउत परिवार का गहरा कनेक्शन है।
दरअसल, राज्यसभा सदस्य संजय राउत के करीबी प्रवीण राउत को कुछ दिन पहले ईडी ने गिरफ्तार किया था। जांच में पता चला था कि प्रवीण राउत की पत्नी के बैंक खाते से संजय राउत की पत्नी वर्षा राउत के खाते में लेन-देन हुआ था। ईडी ने इसकी जांच की तो पाया कि यह लेन-देन 54 लाख रुपए का था। संजय राउत की पत्नी शक के घेरे में आ गईं। इसी लेन-देन की जानकारी के लिए ईडी के अधिकारियों ने वर्षा राउत को नोटिस जारी किया है।
इस तरीके से वर्षा राउत के बैंक खाते में पहुंचा पैसा
ईडी जिस पैसे के लेनदेन के बारे में वर्षा राउत से पूछताछ करना चाहती है। वह रकम पहले पीएमसी बैंक से एचडीआईएल के वधावन बंधुओं के पास आता है। एचडीआईएल का कुछ पैसा प्रवीण राउत के खाते में जमा होता है। उसके बाद प्रवीण ने अपनी पत्नी माधुरी राउत को पैसे दिए। माधुरी के बैंक खाते से होते हुए 54 लाख रुपया संजय राउत की पत्नी वर्षा राउत के खाते में पहुंचता है।
24 नवंबर को जारी हुआ था वर्षा को पहला समन
सूत्र बताते हैं कि ईडी ने वर्षा राउत को पहला समन 24 नवंबर को हाजिर होने के लिए जारी किया था। उसके बाद 11 दिसंबर और फिर 29 दिसंबर को पेश होने की नोटिस दी गई। हालांकि अभी तक यह तय नहीं है कि वर्षा राउत 29 दिसंबर को ईडी के दफ्तर में पेश होंगी या नहीं। लेकिन, इससे पहले वह दो बार स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए ईडी के सामने उपस्थित नहीं हुई हैं।
पैसा चोरी का है हिसाब तो देना ही पड़ेगा: सोमैया
भाजपा नेता व पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने कहा कि पीएमसी बैंक से वाया-वाया वर्षा राउत के बैंक खाते में पैसा पहुंचा है। अगर, इस संबंध में ईडी नोटिस भेजकर जानकारी चाहती है तो राउत को इतना हंगामा करने की आवश्यकता क्या है? पैसा चोरी का है हिसाब तो देना ही पड़ेगा।