ट्रंप ने कहा, आईएस के खात्मे के लिए उसी का तरीका अपनाना पड़ेगा
- आईएस से निपटने के लिए सख्त कानून
- आतंकी काट देते हैं गर्दन
- हमले तेज करने की जरूरत
विस्तार
अमेरिका राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ट ट्रंप का कहना है कि इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) जैसे आतंकी संगठन से निपटने के लिए उन्हीं के जैसा बर्ताव करने की जरूरत है। इसके लिए हमें ठोस कानून बनाने चाहिए जिससे की आईएस का मुंहतोड़ जवाब दिया जा सके।
स्थानीय टीवी शो 'फेस द नेशन' को दिए गए साक्षात्कार के दौरान ट्रंप ने कहा, 'हमें उसी तरह खेल खेलने की जरूरत है जैसे वे खेलते हैं।' उन्होंने कहा अगर वो सत्ता में आते हैं तो वह कानून को और मजबूत करेंगे जिससे की आईएस से बेहतर तरीके से निपटा जा सके।
ट्रंप ने कहा कि आईएस लोगों को बड़ी बेरहमी से मार रहा है। किसी की गर्दन काट रहा है तो किसी को पिंजरे में बंद कर पानी में डूबो रहा है। इस तरह के हमलों का जवाब उसी तरह होना चाहिए।
विवादित बयानों के लिए चर्चित
उन्होंने कहा, 'किसी को हराना उस वक्त बहुत मुश्किल हो जाता है जब आपके सीमाएं सीमित और उनकी सीमाएं अथाह हों। उनके पास असिमित ताकत हैं जिसकी वजह से वो चाहते हैं वो करते हैं।'
ट्रंप ने कहा, 'मुझे लगता है हम कमजोर हैं। मुझे लगता है हम बहुत कमजोर और अप्रभावी हो गए हैं जिसकी वजह से हम आईएस का खात्मा उसी के अंदाज में नहीं कर पा रहे हैं।'
डोनाल्ड अक्सर अपने विवादित बयानों के लिए चर्चा में बने रहते हैं। हाल ही में उन्होंने मुस्लिमों पर भी एक विवादित बयान दिया था जिसके बाद उनकी चौरतफा आलोचना भी हुई।