WB: हेयर स्टाइलिस्ट के आत्महत्या के प्रयास को लेकर विवाद, निर्देशक अपर्णा सेन ने FCTWEI अध्यक्ष से पूछे सवाल
बंगाली फिल्म उद्योग और टेलीविजन उद्योग में काम करने वाली एक महिला हेयरस्टाइलिस्ट ने नौकरी छिन जाने के बाद खुद को आग लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। हेयर स्टाइलिस्ट ने अपने कुछ सहकर्मियों पर उसे काम पाने से रोकने का आरोप लगाया था।
विस्तार
बंगाली फिल्म उद्योग और टेलीविजन उद्योग में काम करने वाली एक महिला हेयर स्टाइलिस्ट के आत्महत्या करने के प्रयास को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। निर्देशकों और तकनीशियनों के निकाय के बीच चल रहे विवाद के बीच बंगाली फिल्म उद्योग की वरिष्ठ निर्देशक अपर्णा सेन ने राज्य मंत्री अरूप बिस्वास के भाई और फेडरेशन ऑफ सिने टेक्नीशियन्स एंड वर्कर्स ऑफ ईस्टर्न इंडिया के अध्यक्ष स्वरूप बिस्वास से सवाल पूछा है। सेन ने सवाल किया है कि स्वरूप ने सहायक निर्देशक बनने के बाद कितनी फिल्मों पर काम किया है? उन्होंने हेयर स्टाइलिस्ट के मामले में अब तक क्या कार्रवाई की है?
बंगाली फिल्म उद्योग और टेलीविजन उद्योग में काम करने वाली एक महिला हेयरस्टाइलिस्ट ने नौकरी छिन जाने के बाद खुद को आग लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। हेयर स्टाइलिस्ट ने अपने कुछ सहकर्मियों पर उसे काम पाने से रोकने का आरोप लगाया था। खुदकुशी की कोशिश करने से पहले महिला कर्मी ने एक ऑडियो रिकॉर्ड किया और एक नोट लिखा था।
उसने अपनी दुर्दशा के लिए 10 लोगों को जिम्मेदार ठहराया। इसके बाद तकनीशियनों और निर्देशकों की प्रमुख संस्था फेडरेशन ऑफ सिने टेक्निशियंस एंड वर्कर्स ऑफ ईस्टर्न इंडिया के प्रमुख स्वरूप बिस्वास ने आरोपों की जांच कराने की बात कही थी। साथ ही कहा था कि उनको महिला कर्मी के उत्पीड़न को लेकर कोई जानकारी नहीं थी।
डायरेक्टर्स एसोसिएशन ऑफ ईस्टर्न इंडिया (डीएईआई) के एक वर्ग ने बिस्वास के बयानों का विरोध किया। कहा गया कि तकनीशियनों, कलाकारों और फेडरेशन के अन्य उद्योग हितधारकों के खिलाफ उत्पीड़न के कई मामले हुए हैं। फिर भी उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की है। इन मुद्दों के समाधान के लिए कार्रवाई करें। अब निर्देशक अपर्णा सेन ने एक सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में स्वरूप बिस्वास पर सवाल दागा है। उन्होंने पूछा कि क्या बिस्वास महासंघ के अध्यक्ष का पद संभाल रहे थे और पहले एक तकनीशियन के रूप में काम करते थे?
उन्होंने कहा कि बिस्वास के पास सहायक निर्देशक का कार्ड है, लेकिन क्या उन्होंने इसे प्राप्त करने के लिए जरूरी कम से कम दो फिल्मों पर काम किया है और यदि हां, तो क्या वह उन फिल्मों का नाम बता सकते हैं? उन्होंने यह भी पूछा कि कार्ड प्राप्त करने के बाद उन्होंने कितने प्रोजेक्ट पूरे किए हैं? सेन ने सवाल किया कि क्या बिस्वास ने कार्ड प्राप्त करने के 13 महीने के भीतर सहायक निदेशक के रूप में नियमों का पालन किया था?
उन्होंने कहा कि फिल्म उद्योग में सबसे वरिष्ठ निदेशक के रूप में मैं फेडरेशन से इन सभी सवालों के जवाब की उम्मीद करती हूं। मैं किसी को निशाना बनाना या दोष देना नहीं चाहती, बल्कि स्पष्टता चाहती हूं। इसे लेकर डीएईआई की सचिव सुदेशना रॉय ने कहा कि सेन ने हमारे सोशल मीडिया पेज पर डीएईआई द्वारा साझा किए गए फेडरेशन और बिस्वास के बयानों, पत्राचार के जवाब में लिखित टिप्पणियां कीं हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.