दिल्ली-फैजाबाद एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त, घायलों की संख्या हुई 100 से अधिक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ग्रामीणों और पुलिस की मदद से ट्रेन में फंसे यात्रियों को एसी कोच के शीशे तोड़कर बाहर निकालने का काम देर रात 12:20 बजे तक जारी था। इसके चलते पदमावत एक्सप्रेस, नौचंदी एक्सप्रेस व सीतापुर-दिल्ली एक्सप्रेस और दो पैसेंजर ट्रेनों को रास्ते में ही रोक दिया गया। हादसे के बाद गाजियाबाद में ट्रेनों का रूट डायवर्ट कर उन्हें मेरठ-टपरी के रास्ते मुरादाबाद भेजा गया। उधर, इंजीनियरिंग टीम ट्रैक की मरम्मत और कोचों को हटाने के काम में जुट गई है।
हादसा गढ़मुक्तेश्वर और ब्रजघाट के बीच अल्लाबक्शपुर गांव के पास हुआ। दिल्ली से फैजाबाद जाने वाली दिल्ली-फैजाबाद एक्सप्रेस गढ़मुक्तेश्वर के नजदीक काशन पर गुजारी जा रही थी। इसी दौरान ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतर कर पलट गए। एक्सीडेंट की सूचना कंट्रोल रूम को दी गई तो तुरंत मुरादाबाद से एआरटी मौके पर पहुंची। कई कोच मुरादाबाद-गाजियाबाद लाइन पर पलटने के कारण मुरादाबाद-दिल्ली रूट भी बाधित हो गया। ट्रेन में सवार यात्रियों के मुताबिक चलती ट्रेन में अचानक जोर से झटका लगा और कोच पलट गए।
ट्रैक चटकने से हुआ हादसा
बाहर निकलने की होड़ में भी कई यात्री घायल हो गए। महिलाएं और बच्चे चीखने लगे। पास ही मौजूद टोल प्लाजा के कर्मचारी और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए। घायलों को गढ़, हापुड़, गजरौला के सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में भेजा गया है।
सूचना के बाद स्थानीय पुलिस, प्रशासनिक अफसर और रेलवे अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। देर रात जीएम एके पूठिया भी मौके पर पहुंच गए थे। उधर, रात करीब 10:20 बजे ट्रेन के अगले हिस्से को आगे रवाना कर दिया गया था। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल भी इसी ट्रेन में सवार थे।
सीनियर डीसीएम पुष्प राज हादसे के बाद मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि दुर्घटना पटरी के चटकने के कारण हुई। वहीं मुरादाबाद मंडल के एडीआरएम संजीव मिश्रा के अनुसार घटना की जानकारी मिलते ही एआरटी और सीनियर अफसरों को मौके पर भेजा गया। हादसे में किसी की मौत की खबर नहीं है। अधिकारियों ने दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। रेलवे के सभी विभाग मिलकर ज्वाइंट रिपोर्ट तैयार करेंगे।