Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Delhi CM Arvind Kejriwal Arrest ED Enforcement Directorate Probe Chief Ministers Other Politicians

Kejriwal Arrest: अब तक ED की रडार पर 17 राजनेता; मुख्यमंत्री-डिप्टी CM समेत पूर्व मंत्रियों के नाम भी शामिल

Thu, 21 Mar 2024 09:36 PM IST
जितेंद्र भारद्वाज न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: जितेंद्र भारद्वाज Updated Thu, 21 Mar 2024 09:36 PM IST
सार

शराब घोटाला मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी ने गिरफ्तार किया है। केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद एक बार फिर यह चर्चा हो रही है कि केंद्रीय जांच एजेंसी- प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रडार पर सीएम केजरीवाल के अलावा और कौन से राजनेता हैं। जानिए

विज्ञापन
Delhi CM Arvind Kejriwal Arrest ED Enforcement Directorate Probe Chief Ministers Other Politicians
सीएम केजरीवाल समेत कई राजनेता ईडी की रडार पर - फोटो : amar ujala graphics

विस्तार

Arvind Kejriwal Arrest: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली आबकारी नीति / शराब घोटाला मामले में ईडी ने केजरीवाल को 10वीं बार समन भेजने के बाद गिरफ्तार किया। ईडी की जांच के दायरे में सीएम केजरीवाल समेत देशभर के 17 मुख्यमंत्री या पूर्व मुख्यमंत्री हैं। दर्जनभर पूर्व मंत्री व उपमुख्यमंत्रियों के खिलाफ भी ईडी अलग-अलग मामलों की जांच कर रही है। इन सबके बीच सबसे बड़ा सवाल ये कि क्या लोकसभा चुनाव 2024 से पहले बड़ी मुसीबत में फंसने जा रहे हैं सीएम केजरीवाल?
विज्ञापन


दिल्ली हाईकोर्ट से राहत नहीं
दरअसल, ईडी अधिकारी, गुरुवार शाम करीब सात बजे 10वां समन लेकर मुख्यमंत्री केजरीवाल के सरकारी आवास पर पहुंचे। रात करीब सवा नौ बजे उनकी गिरफ्तारी की बात सामने आई। सूत्रों का कहना है कि शराब घोटाले में 10वें समन पर दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल की गिरफ्तारी उनके साथ-साथ पूरी आम आदमी पार्टी (AAP) की मुसीबत बढ़ा सकती है। बता दें कि गुरुवार को गिरफ्तारी से सुरक्षा के लिए केजरीवाल ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। केजरीवाल को गिरफ्तारी से राहत नहीं मिली थी।
विज्ञापन

विज्ञापन
विज्ञापन

ईडी की रडार पर केजरीवाल के अलावा कई और भी नेता
मुख्यमंत्री केजरीवाल के मामले में राजनीतिक प्रतिशोध के आरोप भी लग रहे हैं। इस बीच यह जानना भी दिलचस्प है कि पीएमएलए और दूसरे कानूनों के तहत अलग-अलग राज्यों के 17 मौजूदा एवं पूर्व मुख्यमंत्री 'ईडी' के रडार पर आ चुके हैं। कुछ मुख्यमंत्रियों से पूछताछ हो चुकी है तो कई सियासतदानों का नंबर लगना बाकी है। किसी मुख्यमंत्री को समन जारी हो रहा है। ईडी की जांच केवल मुख्यमंत्रियों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसके दायरे में पूर्व केंद्रीय गृह/वित्त/रेलवे जैसे बड़े मंत्रालयों का कार्यभार संभाल चुके नेता भी रहे हैं। जांच एजेंसी की इस फेहरिस्त में चार मौजूदा एवं पूर्व डिप्टी सीएम भी शामिल हैं। इनके अलावा देश के अन्य सियासतदान व उनके परिजन भी जांच एजेंसी के दायरे में आ चुके हैं। 

ईडी जांच का सामना कर चुके ये शीर्ष नेता... 
ईडी की रडार पर आने वाले विपक्षी नेताओं में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, लालू प्रसाद यादव और राकांपा संस्थापक शरद पवार जैसे कई दिग्गज नेता रहे हैं। गत वर्ष केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाने वाली कई विपक्षी पार्टियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक चिट्ठी लिखी थी। इनमें टीएमसी, आप, आरजेडी, नेशनल कांफ्रेंस, केसीआर की पार्टी, सपा और उद्धव बालासाहेब ठाकरे (यूबीटी) आदि दल शामिल थे। इन सभी दलों के नेता जांच एजेंसियों की रडार पर रहे हैं। अरविंद केजरीवाल ने कहा था, हमारे देश के प्रधानमंत्री ने ठान लिया है कि अगर बीजेपी को वोट नहीं दोगे और किसी दूसरी पार्टी को वोट दोगे तो उस सरकार को किसी भी हाल में काम नहीं करने दिया जाएगा। किसी राज्य में दूसरी पार्टी की सरकार बनती है तो उसके नेताओं के पीछे ईडी और सीबीआई छोड़ दी जाती है। केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि उन पर भाजपा में शामिल होने का दबाव बनाया जा रहा है। आप विधायकों को लालच देने की कोशिश हो रही है। 

ईडी के रडार पर आए मौजूदा एवं पूर्व मुख्यमंत्री... 
बिहार के पूर्व सीएम एवं केंद्रीय रेल मंत्री रहे लालू प्रसाद यादव एवं उनके परिवार के सदस्यों से जमीन के बदले नौकरी, घोटाले में पूछताछ की जा रही है। यह मामला सीबीआई द्वारा दर्ज किया गया था, लेकिन बाद में ईडी ने भी इस केस की जांच शुरु की। छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल के खिलाफ भी ईडी की जांच चल रही है। इनमें कोयला ट्रांसर्पोटेशन व महादेव गेमिंग एप आदि शामिल हैं। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को मानेसर जमीन मामला और पंचकुला के 'एजेएल' केस में ईडी जांच का सामना करना पड़ रहा है। राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत भी जांच एजेंसियों की रडार पर रहे हैं। यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के कार्यकाल में लिए गए कई फैसलों और विकास योजनाओं के मामले की जांच केंद्रीय एजेंसियां कर चुकी हैं। सपा प्रमुख और पूर्व सीएम अखिलेश यादव भी सीबीआई व ईडी के रडार पर रहे हैं। इनमें गोममी रिवर फ्रंट और माइनिंग घोटाला जैसे केस शामिल हैं।  

ये मुख्यमंत्री/पूर्व सीएम भी जांच से अछूते नहीं... 
पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी से अवैध रेत खनन मामले में ईडी  पूछताछ कर चुकी है। जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूख अब्दुल्ला, उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती भी ईडी जांच का सामना कर रहे हैं। इन केसों में जम्मू कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन और जम्मू कश्मीर बैंक से जुड़ा मामला शामिल हैं। अरुणाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नेबाम टुकी के खिलाफ 2019 में सीबीआई ने जांच शुरु की थी। उसी आधार पर ईडी ने भी मामले की जांच प्रारंभ की। मणिपुर के पूर्व सीएम ओकराम इबोबी पर भ्रष्टाचार के आरोप में पहले सीबीआई ने केस दर्ज किया था। उसके बाद ईडी ने पीएमएलए के तहत मामला दर्ज किया। गुजरात के पूर्व सीएम शंकर सिंह वघेला भी सीबीआई व ईडी के रडार पर आ चुके हैं। उन पर केंद्रीय मंत्री रहते हुए मुंबई में जमीन घोटाले का आरोप लगा था। तत्कालीन केंद्रीय टेक्सटाइल मंत्री रहे वघेला पर जमीन की खरीद फरोख्त में सरकारी खजाने को 709 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप था। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री रहे शरद पवार भी ईडी जांच के दायरे में आ चुके हैं। 

ईडी की हिरासत में सोरेन तो कविता हुई गिरफ्तार... 
तेलंगाना के मुख्यमंत्री सीएम रेवंथ रेड्डी भी ईडी के रडार पर रहे हैं। उन पर आरोप था कि उन्होंने 2015 में एमएलसी इलेक्शन में पचास लाख रुपये की रिश्वत दी थी। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पिछले दिनों मुख्यमंत्री का पद छोड़ा है। उन्हें जमीन घोटाले में ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। तेलंगाना के पूर्व सीएम केसीआर की पुत्री के कविता को इसी सप्ताह ईडी ने दिल्ली के शराब घोटाले में गिरफ्तार किया है। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन भी जांच एजेंसी की रडार पर रहे हैं। गोल्ड स्मगलिंग केस सहित दूसरे मामलों में वे ईडी जांच का सामना कर रहे हैं। हाल ही में उनकी बेटी वीणा विजयन की कंपनी के खिलाफ केंद्र सरकार ने जांच का आदेश दिया है। एसएनसी-लवलिन केरल जलविद्युत घोटाला, इस केस में भी पिनाराई विजयन को जांच का सामना करना पड़ा है। आंध्रप्रदेश के पूर्व सीएम वाईएस जगन मोहन रेड्डी भी कई तरह के वित्तीय मामलों को लेकर ईडी जांच का सामना कर रहे हैं। 

ईडी की रडार पर पूर्व केंद्रीय मंत्री व डिप्टी सीएम भी...  
पूर्व केंद्रीय गृह/वित्त मंत्री पी.चिदंबरम, पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री पवन बंसल और पूर्व केंद्रीय रेल एवं श्रम और रोजगार मंत्री मल्लिकार्जुन खरगे को भी ईडी जांच का सामना करना पड़ा है। महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख, ईडी के मामले में जेल जा चुके हैं। कर्नाटक के मौजूदा डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार को भी ईडी जांच का सामना करना पड़ा है। बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव से भी ईडी द्वारा पूछताछ की जा रही है। दिल्ली के पूर्व सीएम मनीष सिसोदिया, ईडी के केस में जेल में हैं। महाराष्ट्र के मौजूदा डिप्टी सीएम अजीत पवार के खिलाफ भी ईडी का मामला रहा है। 


इन नेताओं को करना पड़ा जांच का सामना… 
महाराष्ट्र में पूर्व मंत्री नवाब मलिक, ईडी केस में जेल जा चुके हैं। पश्चिम बंगाल के शारदा चिटफंड घोटाले में सीबीआई व ईडी की जांच के दायरे की आंच, कई नेताओं तक पहुंच चुकी है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के करीबियों को जांच का सामना करना पड़ा है। पश्चिम बंगाल पुलिस और ईडी की जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि 80 प्रतिशत जमाकर्ताओं के पैसे का भुगतान किया जाना बाकी है। जब सीबीआई टीम ने पुलिस कमिश्नर राजीव कुमार के खिलाफ कार्रवाई की तो जांच एजेंसी के अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में सीएम ममता बनर्जी धरने पर भी बैठी थीं। तेलंगाना के सीएम की बेटी के.कविता, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में शरद पवार के पोते रोहित, पश्चिम बंगाल सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे पार्थ चटर्जी, शिवसेना के सांसद संजय राउत, टीएमसी सांसद अभिषेक, आरजेडी के एमएलसी सुनील सिंह, सांसद अशफाक करीम, फैयाज अहमद और पूर्व एमएलसी सुबोध राय भी जांच एजेंसी की रडार पर रहे हैं। 

जांच एजेंसी की रडार पर 95 फीसदी विपक्षी नेता... 
कांग्रेस नेता अजय माकन के मुताबिक, विपक्षी नेताओं के पीछे जांच एजेंसी लगी रहती है। नतीजा, कई नेता, भाजपा की शरण में चले गए। आज उनसे जांच एजेंसी पूछताछ नहीं कर रही। एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स की रिपोर्ट बताती है कि गत आठ वर्ष में लगभग 225 चुनावी उम्मीदवारों ने कांग्रेस पार्टी छोड़ दी थी। 45 फीसदी नेताओं ने भाजपा ज्वाइन की है। पार्टी छोड़ने वालों में हार्दिक पटेल, अश्विनी कुमार, आरपीएन सिंह, गुलाम नबी आजाद, जयवीर शेरगिल, ज्योतिरादित्या सिंधिया, सुनील जाखड़, जितिन प्रसाद, सुष्मिता देव, कीर्ति आजाद, अदिति सिंह, कैप्टन अमरिंदर सिंह, उर्मिला मातोंडकर, हिमंत बिस्व सरमा, हरक सिंह रावत, जयंती नटराजन, एन बिरेन सिंह और दिवंगत अजित जोगी आदि शामिल हैं। माकन का कहना था कि मोदी सरकार में ईडी ने जिन राजनेताओं के यहां पर रेड की है या उनसे पूछताछ की है, उनमें 95 फीसदी विपक्ष के नेता हैं। इसमें सबसे ज्यादा रेड तो कांग्रेस पार्टी के नेताओं के घरों और दफ्तरों पर की गई हैं। पार्टी ने आशंका जताई है कि 2024 के लोकसभा चुनाव तक, विपक्ष के अनेक नेता, केंद्रीय जाँच एजेंसियों के जाल में फँस सकते हैं। असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा, नारायण राणे, रमन सिंह, मुकुल रॉय और सुवेंदु अधिकारी, आदि नेताओं के पीछे अब ईडी नहीं है। जनता सब समझती है कि ये नेता, अब ईडी की जाँच से क्यों बच हुए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed