महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस को जान से मारने की धमकी, बढ़ाई गई सुरक्षा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को जान से मारने की धमकी मिली है। महाराष्ट्र गृह विभाग को दो पत्र मिले हैं जिसमें न सिर्फ मुख्यमंत्री बल्कि उनके परिवार और गढ़चिरोली में नक्सलियों को निशाना बनाने वाले पुलिस अधिकारियों को खत्म करने की धमकी दी गई है। इसके बाद मुख्यमंत्री और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
गृह विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि फडणवीस और उनके परिवार सहित नक्सल विरोधी मुहिम में शामिल पुलिस अधिकारियों को जान से मारने की धमकी भरे दो पत्र मिले हैं। इस पत्र में कहा गया है कि आप हमारे लोगों को मार कर मार्क्सवाद के विचार को खत्म नहीं कर सकते।
गढ़चिरोली में जो भी हुआ उसका हिसाब जरूर लिया जाएगा। हालांकि पत्र किसने भेजा है, इसका कोई जिक्र नहीं है लेकिन, पुलिस को आशंका है कि यह पत्र नक्सलियों की ओर से भेजा गया है। इसके मद्देनजर भीमा-कोरेगांव हिंसा मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों से भी पूछताछ की जाएगी। इस बारे में मुख्यमंत्री फडणवीस ने सिर्फ इतना कहा कि पत्र पुलिस के पास कार्रवाई के लिए भेजा गया है।
गौरतलब है कि बीते अप्रैल महीने में गढ़चिरोली में सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान चलाया था जिसमें 37 से अधिक नक्सली मारे गए थे। मुठभेड़ के बाद सर्च अभियान में इंद्रावती नदी के किनारे लाशों के मिलने का सिलसिला कई दिनों तक जारी था। इससे नक्सलियों की कमर टूट गई थी जिससे पुलिस को यह अंदाजा था कि इसके विरोध में नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। लेकिन, यह आशंका नहीं थी कि सीधे मुख्यमंत्री को धमकी दी जाएगी।
राजीव गांधी की तर्ज पर पीएम मोदी को मारने की साजिश के हैं पुख्ता सबूत
पीएम नरेंद्र मोदी को निशाना बनाने की नक्सलियों की प्लानिंग के खुलासे के सवाल पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि पुलिस के पास इसके पुख्ता सबूत हैं।
उन्होंने कहा कि अर्बन नक्सल फ्रंट के खिलाफ हुई छापेमारी में अनेक सबूत मिले हैं जिसमें इंटर्नल बातचीत का भी ब्योरा है। पुलिस को मिले सबूत में माओवादी कैडर का एक फ्रंट नेता यह निर्देश दे रहा है कि पीएम मोदी को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की तरह एलिमेट किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस की छापेमारी में अनेक महत्वपूर्ण जानकारी मिली है जिसे कोर्ट में पेश किया जा रहा है। इसलिए इस संबंध में अधिक बोलना उचित नहीं होगा।