{"_id":"6900b3876f71c1a74200bee6","slug":"cyclone-montha-storm-spoiled-train-flight-schedule-railways-sent-alert-to-passengers-2025-10-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"Cyclone Montha: तूफान ने बिगाड़ा ट्रेन-फ्लाइट शेड्यूल, रेलवे ने यात्रियों को भेजा अलर्ट; कई उड़ानें प्रभावित","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Cyclone Montha: तूफान ने बिगाड़ा ट्रेन-फ्लाइट शेड्यूल, रेलवे ने यात्रियों को भेजा अलर्ट; कई उड़ानें प्रभावित
Tue, 28 Oct 2025 05:44 PM IST
राहुल कुमार
डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली
डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: राहुल कुमार
Updated Tue, 28 Oct 2025 05:44 PM IST
सार
भारतीय रेलवे ने भी साइक्लोन मोंथा को लेकर कमर कस ली है। रेलवे ने ट्रेनों को सुरक्षित चलाने को लेकर एक अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को रेल मंत्री ने साइक्लोन की समीक्षा की और संबंधित जोनों को निर्देश जारी किए।
विज्ञापन
चक्रवात मोंथा
- फोटो : पीटीआई
विस्तार
भारतीय रेलवे ने भी चक्रवात मोंथा को लेकर कमर कस ली है। रेलवे ने ट्रेनों को सुरक्षित चलाने को लेकर एक अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को रेल मंत्री ने साइक्लोन की समीक्षा की और संबंधित जोनों को निर्देश जारी किए। मौसम विज्ञान विभाग ने देश के कई तटीय राज्यों में भारी से भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। मोंथा तूफान के कारण विमान सेवाओं पर भी असर पड़ा है। मंगलवार पूरे दिन विशाखापत्तनम में उड़ानों का संचालन बंद रहेगा। राजमुंदरी और विजयवाड़ा में उड़ानों का संचालन बंद रहेगा।
विज्ञापन
रेल मंत्री ने साइक्लोन मोंथा को लेकर रेलवे को पूर्वी तट पर सावधानी बरतने के निर्देश दिए है। मंत्री ने खासकर आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना राज्यों के रेलवे अधिकारियों अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। रेल मंत्री ने कहा कि यात्रियों की असुविधा कम से कम हो, इसके लिए हर कदम उठाया जाएं।
विज्ञापन
रेलवे का कहना है कि, डिविजनल वॉर रूम सक्रिय है। सभी प्रभावित जोनों में 24 घंटे कंट्रोल रूम बनाए गए हैं, जहां से स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। विजयवाड़ा, विशाखापत्तनम और गुंटूर डिवीजनों में जरूरी सामान, मशीनरी और कर्मचारियों को तैयार रखा गया है। इसके अलावा जेनरेटर, पंप और मरम्मत उपकरण तैनात किए गए हैं जिससे बाढ़ या बिजली कटौती में तुरंत राहत दी जा सके। वहीं, ट्रेनों की स्पीड और मार्गों पर नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में चलने वाली ट्रेनों को डायवर्ट या रद्द करने का फैसला लिया जाएगा, ताकि यात्री सुरक्षित रहें।
विज्ञापन
ईस्ट कोस्ट रेलवे (ईसीओआर), साउथ कोस्ट रेलवे (एससीओआर) और साउथ सेंट्रल रेलवे (एससीआर) जोनों को इमरजेंसी रिस्पांस के लिए रिसोर्स जुटाने और सावधानियां बरतने के आदेश दिए गए हैं, जिससे ट्रेनों को सुरक्षित चलाया जा सके। साइक्लोन मोंथा के चलते सरकार ने पांच राज्यों आंध्र, ओडिशा, पुडुचेरी, तमिलनाडु और छत्तीसगढ़ में 22 एनडीआरएफ टीमें तैनात की हैं। दक्षिण मध्य रेलवे और पूर्वी तट रेलवे ने अगले दो दिनों के लिए 100 से ज्यादा ट्रेनें रद्द कर दी हैं।
कई फ्लाइट भी हुई रद्द
फ्लाइट पर भी मोंथा चक्रवात का असर पड़ा है। इस वजह से एहतियातन कई फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं। मंगलवार को विशाखापत्तनम हवाई अड्डे से संचालित होने वाली कुल 32 उड़ानें रद्द कर दी गईं। विशाखापत्तनम हवाई अड्डे के निदेशक एन. पुरुषोत्तम ने कहा कि 27 अक्टूबर को एअर इंडिया एक्सप्रेस की दो उड़ानें रद्द कर दी गई थीं। पुरुषोत्तम ने कहा, दरअसल हम हर दिन 30 से 32 उड़ानें संचालित कर रहे हैं, जिनमें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों शामिल हैं। आज वे सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।’ उन्होंने कहा कि हवाई अड्डे ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के दिशानिर्देशों के अनुसार भीषण चक्रवाती तूफान से बचाव के लिए सावधानियां बरती हैं, जिसमें चक्रवात से पहले और बाद के चरण शामिल हैं।
इसी तरह, विजयवाड़ा हवाई अड्डे ने आज 16 उड़ानें रद्द कर दीं लेकिन पांच उड़ानें संचालित कीं। विजयवाड़ा हवाई अड्डे के निदेशक लक्ष्मीकांत रेड्डी ने कहा, कल (सोमवार) विशाखापत्तनम के लिए केवल एक उड़ान रद्द हुई थी। लेकिन आज दिल्ली और मुंबई सहित देश भर के विभिन्न गंतव्यों के लिए 16 उड़ानें रद्द कर दी गईं। रेड्डी के अनुसार, एयरलाइनों ने मंगलवार के लिए परिचालन स्थगित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि बुधवार की उड़ानों के संचालन के बारे में शाम तक स्थिति स्पष्ट हो सकती है। इसी तरह, तिरुपति हवाई अड्डे पर चार उड़ानें रद्द कर दी गईं।
आईएमडी के महानिदेशक डॉ. एम महापात्रा ने कहा कि तट से टकराने के बाद मोंथा की रफ्तार थोड़ी कम होगी और यह ओडिशा की ओर बढ़ेगा। आंध्र सबसे ज्यादा प्रभावित होगा, फिर ओडिशा और उसके बाद छत्तीसगढ़ में दाखिल होगा। 28 से 30 अक्टूबर तक आंध्र, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु में भारी बारिश जारी रहेगी।