कोरोनावायरस: हुबेई में फंसे केरल के 15 छात्र कोच्चि पहुंचे, चीन में मृतकों की संख्या 722 हुई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चीन के वुहान प्रांत से फैले कोरोनावायरस का कहर पूरी दुनिया में देखने को मिल रहा है। भारत समेत कई देशों में इस जानलेवा वायरस के मामले सामने आ चुके हैं। कोरोनावायरस से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर शुक्रवार को 722 हो गई और कुल 34,546 लोगों के इससे संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने बताया कि इस विषाणु के कारण शुक्रवार को 86 लोगों की मौत हो गई। इनमें से 81 लोगों की मौत हुबेई प्रांत और उसकी प्रांतीय राजधानी वुहान में हुई। इसके अलावा हीलॉन्गजियांग में दो, बीजिंग, हेनान आौर गांन्सु में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। आयोग ने बताया कि शुक्रवार को 26 लोगों के इस विषाणु से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। मकाउ में 10 और ताइवान में 16 मामले दर्ज किए गए।
Coronavirus Updates:-
वुहान में कोरोनावायरस से अमेरिकी नागरिक की मौत
- चीन में कोरोनावायरस संक्रमण के कारण एक अमेरिकी नागरिक की मौत हो गई। अमेरिकी दूतावास ने शनिवार को यह जानकारी दी।
- दूतावास के प्रवक्ता ने कहा कि हम इस बात की पुष्टि करते हैं कि कोरोनावायरस से संक्रमित 60 वर्षीय अमेरिकी नागरिक की चीन में वुहान के एक अस्पताल में छह फरवरी को मौत हो गई।
चीन के हुबेई में फंसे केरल के 15 छात्र कोच्चि पहुंचे
- घातक कोरोनावायरस संक्रमण फैलने के बाद चीन के हुबेई प्रांत में फंसे केरल के 15 छात्र कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा पहुंच गए हैं। हवाईअड्डा अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि इन छात्रों की थर्मल जांच की गई ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह कोरोनावायरस से संक्रमित हैं या नहीं।
- उन्होंने बताया कि छात्र कुनमिंग हवाईअड्डे से बैंकॉक पहुंचे और इसके बाद वे एयर एशिया के विमान से यहां पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि छात्रों के पहुंचने के बाद उन्हें एम्बुलेंस से सीधे कलमस्सेरी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। छात्रों को अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है।
जापान के क्रूज पर वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 64 हुई
- चीन के अलावा भारत समेत 27 से अधिक देशों में कोरोना वायरस के मामले सामने आ चुके हैं। इस बीच, जापान के पृथक किए गए क्रूज जहाज पर तीन अन्य लोग कोरोना वायरस से पीड़ित पाए गए और इसके साथ ही जहाज में इससे संक्रमित कुल लोगों की संख्या बढ़कर 64 हो गई है।
- इससे एक ही दिन पहले जापान ने अपने इस क्रूज पर शुक्रवार को कोरोना वायरस के 41 नये मामले दर्ज किए थे। वहीं, अपने एक लग्जरी जहाज को वापस बुला लिया। शुक्रवार को 41 मामलों की पुष्टि से पहले 20 संक्रमित यात्रियों को टोक्यो के पास डायमंड प्रिंसेस से उतारा गया। इस जहाज पर करीब 3700 लोगों के सवार होने की पुष्टि हुई है।
वुहान के एक ही अस्पताल में कोरोनावायरस के 40 नए मामले सामने आए
- चीन के वुहान शहर के एक ही अस्पताल में जनवरी में 40 स्वास्थ्यकर्मी कोरोना वायरस की चपेट में आ गए थे। नए अध्ययन में यह जानकारी सामने आई है। वुहान विश्वविद्यालय के झोंगनान अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा लिखे गए पत्र के अनुसार माना जा रहा है कि सर्जिकल विभाग में भर्ती एक मरीज के कारण 10 स्वास्थ्यकर्मी इसकी चपेट में आ गए।
- यह पत्र शुक्रवार को जर्नल ऑफ अमेरिकन मेडिकल एसोसिएशन में प्रकाशित हुआ है। अन्य कारणों से अस्पताल में भर्ती 17 रोगी भी कोरोना वायरस की चपेट में आ गए। एक जनवरी से 28 जनवरी के बीच 138 मरीज कोरोना वायरस की चपेट में आए जिनमें से 41 फीसदी मामले इस अस्पताल में सामने आए।
चीन का आर्थिक विकास नहीं रुकेगा: शी जिनपिंग
- चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अमेरिकी समकक्ष डोनाल्ड ट्रंप से कहा है कि कोरोनावायरस की वजह से चीन के दीर्घावधि वाले आर्थिक विकास पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। जिनपिंग ने टेलीफोन के जरिए हुए बातचीत में उनसे कहा कि चीनी अर्थव्यवस्था का सकारात्मक ट्रेंड लंबे समय में नहीं बदलेगा।
- उधर जापान के तट पर रुके पर्यटन जलयान में कोरोनावायरस से प्रभावित लोगों की संख्या 61 पहुंच गई है। इसमें 3700 यात्री सवार हैं। यूरोप के देशों में इस बीमारी से पीड़ित लोगों की संख्या अब 31 हो गई है।
वुहान में अब भी फंसे हैं 80 भारतीय छात्र
- सरकार ने शुक्रवार को राज्यसभा में बताया कि चीन में कोरोना वायरस से बुरी तरह प्रभावित वुहान क्षेत्र में अभी तक 80 भारतीय छात्र मौजूद हैं, इनमें से 70 छात्र स्वेच्छा से वहां रुके हैं। जबकि देश में अब तक तीन मरीजों में कोरोनावायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है।
- स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ हर्षवर्द्धन और विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को राज्यसभा में यह जानकारी दी। जयशंकर ने सदन को आश्वस्त किया कि सरकार चीन में भारतीय नागरिकों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि बीजिंग से भारतीय दूतावास के दो अधिकारी भी वुहान गए थे ताकि छात्रों को वापस स्वदेश भेजा जा सके।
12 प्रमुख बंदरगाहों पर यात्रियों की जांच
- सरकार ने शुक्रवार को कहा कि उसने देश की सभी 12 प्रमुख बंदरगाहों को कोरोनावायरस के प्रकोप के खिलाफ निवारक उपाय के रूप में समुद्री यात्रियों और क्रूज यात्रियों की स्क्रीनिंग, अलग वार्ड में रखना और डिटेक्शन जैसे आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने राज्यसभा में बताया कि सरकार ने चीन, सिंगापुर, थाईलैंड और हांगकांग से आने वाले सभी लोगों की जांच कराने का फैसला किया है।
चीन के डॉक्टर की मौत की जांच शुरू
- चीन की भ्रष्टाचार रोधी एजेंसी ने शुक्रवार को कोरोनावायरस का खुलासा करने डॉक्टर ली वेनलियांग की मौत की जांच शुरू कर दी है। इसके लिए उच्च स्तरीय जांच समिति वुहान पहुंची है।
एयर इंडिया कर्मियों की उपराष्ट्रपति ने की सराहना
- उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने कोरोनावायरस से प्रभावित चीन के वुहान से भारतीयों को सुरक्षित स्वदेश लाने वाले एयर इंडिया के चालक दल के सदस्यों की सराहना की है। एयर इंडिया के विमान से अब तक चीन के वुहान से 600 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्वदेश पहुंचाया गया है।
- नायडू ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा, ‘एयर इंडिया के 34 सदस्यीय दल ने कोरोना वायरस संक्रमित चीन के वुहान शहर से दो विशेष उड़ानों द्वारा 600 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने का अभिनंदनीय कार्य किया है।’ ‘आपका संकल्प और कार्यनिष्ठा अनुकरणीय है। यह विशेष संतोष का विषय है कि सभी नागरिक कोरोनावायरस से निरापद सुरक्षित पाए गए हैं।’
पाकिस्तान ने नहीं ली मदद
- संसद में भाजपा सांसद रूपा गांगुली ने सरकार से स्पष्टीकरण पूछते हुए जानना चाहा था कि क्या भारत सरकार चीन के वुहान में फंसे पाकिस्तानी नागरिकों को लाने के लिए भी कोई प्रयास करेगी, क्योंकि देश पहले भी विश्व में इस तरीके से अन्य देशों के नागरिकों की मदद के लिए पहल कर चुका है।
- इसके जवाब में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि पाकिस्तान सहित सभी पड़ोसी देशों के छात्रों को भी भारतीय विमानों से लाने की पेशकश की गई थी, जिसका मालदीव के सात छात्रों ने लाभ उठाया।
- राज्यसभा में स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने कहा, केरल में तीन लोगों में कोरोनोवायरस का सकारात्मक परीक्षण किया है, उन्होंने चीन में वुहान की यात्रा की थी। सरकार ने स्थिति पर निगरानी रखने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री की अध्यक्षता में मंत्रियों का एक समूह बनाया है।
दुनियाभर में वायरस से बचाने वाले मास्कों की कमी
- विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के प्रमुख ने शुक्रवार को चेताया कि कोरोनावायरस को फैलने से रोकने वाले मास्क और अन्य सुरक्षा उपकरणों की दुनियाभर में कमी हो रही है। तेदरोस अदहानोम गेब्रेयसस ने जिनेवा में डब्ल्यूएचओ के कार्यकारी बोर्ड को बताया, विश्व व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण की भारी कमी का सामना कर रहा है।