कोरोना से बचाव : संसद में आगंतुकों की चहलकदमी पर लगेगी रोक, जारी किए जाएंगे अलग पास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोनावायरस को लेकर सावधानी बरतते हुए संसद में 11 मार्च से आगंतुकों के प्रवेश और परिसर में चहलकदमी पर रोक होगी। संसद सचिवालय द्वारा जारी निर्देश के मुताबिक होली के बाद संसद शुरू होगी दोनों सदनों के सदस्य संसद के अंदर अपने आगंतुकों से नहीं मिल सकेंगे। न ही वे इन्हें संसद की सैर कराने के लिए ला सकेंगे।
संसद सदस्यों को कोरोना से बचाने के लिए यह फैसला लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक निर्देश में स्पष्ट किया गया कि सांसदों से मिलने आने वालों को रिसेप्शन पर अधिकतम एक घंटे तक ही ठहरने दिया जाएगा। इसके अलावा सभी सदस्यों को स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए निर्देशों का पूरा पालन करना होगा।
हाथ धोते रहना और शरीर की स्वच्छता सुनिश्चित करना इसमें शामिल है। संसद परिसर में भीड़भाड़ पूर्ण रूप से प्रतिबंधित होगी। यह निर्देश दोनों सदनों के साथ साथ सभी राजनीतिक पार्टियों के पास भी भेज दिए गए हैं।
अलग पास दिए जाएंगे
आगंतुकों के संसद में प्रवेश को प्रतिबंधित करने के लिए पब्लिक गैलरी के अलग पास जारी किए जाएंगे। सफेद पास वाले आगंतुक संसद की कार्यवाही पब्लिक गैलरी से देख सकेंगे लेकिन इनके सदन में प्रवेश पर प्रतिबंध होगा।
साथ ही सदन की कार्यवाही खत्म होते ही इन्हें बाहर निकालने की जिम्मेदारी सुरक्षा कर्मियों को सौंपी जाएगी। इसके अलावा सांसदों के दफ्तर में आने जाने वालों को नीला पास मिलेगा। ये लोग सिर्फ संसद के बाहरी प्रांगण में रहेंगे। इन्हें संसद भवन के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
सांसदों को इन लोगों से संसद भवन के बाहर मिलने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा उच्च सदन के सभापति, लोकसभा स्पीकर, प्रधानमंत्री, महासचिव, डिप्टी स्पीकर व संसदीय कार्य मंत्रालय में आने वाले आगंतुकों को लाल पास दिए जाएंगे और ये अधिकृत अधिकारियों द्वारा ही जारी होंगे।