Corona Update: केरल में 50 हजार से ज्यादा संक्रमित मिले, दिल्ली में कोरोना के 4483 नए केस, जानिए देश-दुनिया का हाल
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने पूर्वोत्तर राज्यों के साथ वर्चुअल बैठक की। इस दौरान टेलीमेडिसिन, टीकाकरण और कोरोना गाइडलाइन पर चर्चा हुई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देश में कोरोना के रोजाना मामलों में उतार-चढ़ाव जारी है। वहीं, संक्रमण की वजह से होने वाली मौत के आंकड़ों ने चिंता बढ़ा दी है। इस बीच केरल में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 50,812 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 47,649 मरीज ठीक हुए और आठ मरीजों की मौत दर्ज की गई। यहां फिलहाल 3,36,202 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। अब तक 53,191 लोग कोरोना की वजह से जान भी गंवा चुके हैं।
वहीं, दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 4,483 मामले सामने आए हैं। इस दौरान 8,807 लोग डिस्चार्ज हुए और 28 लोगों की मृत्यु हुई है। यहां सक्रिय मामले 24,800 हैं। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने पूर्वोत्तर राज्यों के साथ वर्चुअल बैठक की। इस दौरान टेलीमेडिसिन, टीकाकरण और कोरोना गाइडलाइन पर चर्चा हुई।
राज्यों और प्रमुख शहरों का हाल
- मुंबई में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 1,411 नए मामले आए। इस दौरान 3,547 रिकवरी हुईं और 11 लोगों की कोरोना से मौत हुई। यहां संक्रमण के सक्रिय मामले 12,187 हैं।
- तमिलनाडु में कोरोना वायरस के 24,418 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 27,885 लोग डिस्चार्ज हुए और 46 लोगों की मौत हुई। सक्रिय मामले 2,08,350 हैं।
- गुजरात में कोरोना के 11,794 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 21,655 संक्रमित ठीक हुए और 33 लोगों की मौत हुई। सक्रिय मामले 98,021 हैं।
- कर्नाटक में कोरोना के 33,337 नए केस मिले। इस दौरान 69,902 मरीजों ने कोरोना को मात दी और 70 लोगों की मौत हुई। सक्रिय मामले 2,52,132 हैं।
- अब तक एक करोड़ से ज्यादा (1,16,18,975) एहतियाती खुराक दी जा चुकी हैं। वहीं, देश में कुल टीकाकरण का आंकड़ा 165.6 करोड़ के पार पहुंच गया है। शनिवार शाम 7 बजे तक 53 लाख (53,47,810) से अधिक वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी है।
- महाराष्ट्र में कोरोना की लहर दम तोड़ती दिखाई दे रही है। शनिवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि महाराष्ट्र में कोरोना का चरम अब खत्म हो गया है। इसके साथ ही कोरोना की तीसरी लहर समाप्ति के कगार पर है।
- कर्नाटक सरकार ने शनिवार को रात का कर्फ्यू हटाने के साथ ही कक्षा 1 से 9 तक के लिए 31 जनवरी से नियमित स्कूल खोलने का फैसला लिया है। इसके साथ ही महाराष्ट्र, केरल और गोवा से राज्य में आने वालों के लिए आरटी-पीसीआर टेस्ट अनिवार्य किया गया है।
कोरोना के नए मामले हुए कम पर 24 घंटे में मौतें बढ़ीं
कोरोना के नए मामलों में कमी के बीच शनिवार को देशभर में कोरोना से 24 घंटे में 871 मौते हुईं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी सुबह आठ बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक 2,35,532 नए मामले मिले और अब तक मरने वालों की संख्या 4,93,198 हो गई। हालांकि सक्रिय मरीजों की संख्या 1,01,278 की कमी के साथ 20,04,333 पर पहुंच गई। यह कुल संक्रमण का 4.91 फीसदी है। मंत्रालय के मुताबिक, 93.89 फीसदी की दर से कोरोना मरीज ठीक हो रहे हैं। देश में संक्रमण का कुल आंकड़ा 4,08,58,241 पहुंच गया। अब तक देशभर में टीके की 165.04 खुराकें दी जा चुकी हैं।
अमेरिका में डेल्टा के बजाय ओमिक्रॉन से हुईं ज्यादा मौतें
विश्व में कई जगह जहां कोरोना के ओमिक्रॉन स्वरूप को यह बताकर हल्का किया जा रहा है कि यह डेल्टा स्वरूप की तुलना में ज्यादा घातक नहीं है। लेकिन अमेरिका में यही स्वरूप डेल्टा की तुलना में ज्यादा खतरनाक साबित हो रहा है। यहां डेल्टा की तुलना में ओमिक्रॉन वैरिएंट से प्रतिदिन ज्यादा लोगों की मौत हो रही है। अमेरिका में पिछले एक दिन के भीतर 2,267 लोगों की मौत हुई है।
दुनिया में कोरोना का हाल
- दुनिया में बीते दिन जहां 34.12 लाख नए संक्रमितों की पहचान हुई वहीं इसी अवधि में 10,330 लोगों ने जान गंवाई है। अमेरिका में मृतकों की सात दिन की औसत संख्या में नवंबर के मध्य से वृद्धि देखी जा रही है।
- कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, इरविन में जन स्वास्थ्य प्रोफेसर एंड्रयू नोयमर ने कहा कि ओमिक्रॉन के चलते हमें लाखों लोगों को खोना पड़ सकता है। इस बात पर चर्चा की जानी चाहिए कि हम क्या अलग कर सकते हैं और कितने लोगों के जीवन को बचा सकते हैं।
- डब्ल्यूएचओ ने चीनी विशेषज्ञों द्वारा पता लगाए गए नए वायरस ‘नियोकोव’ को लेकर कहा है कि इस पर अभी और अध्ययन की जरूरत है। डब्ल्यूएचओ ने कहा, दक्षिण अफ्रीकी चमगादड़ों में पाया जाने वाला यह वायरस फिलहाल पशुओं में तेजी से फैल रहा है। लेकिन चीनी शोधकर्ताओं के इस निष्कर्ष दिया है कि यह भविष्य में इनसानों के लिए भी खतरनाक है।
- सिंगापुर में ओमिक्रॉन के उप-स्वरूप बीए. 2 के 198 मामले मिले हैं। ये सब वैरिएंट बीए.1 के मुकाबले ज्यादा तेजी से फैल रहे हैं। अस्पतालों से जारी आंकड़ों के मुताबिक, इनमें से 150 मामले विदेशी मरीजों से आए हैं जबकि 48 मामले स्थानीय स्तर पर फैले हैं। रिपोर्ट के अनुसार, सिंगापुर में हर दिन कोरोना के हजारों मामले आने के बाद भी अस्पतालों की स्थिति सामान्य है।
- पाक में सक्रिय कोविड-19 मामलों ने जुलाई 2020 के बाद पहली बार एक लाख का आंकड़ा उस वक्त पार कर लिया जब देश में 7,963 मामले दर्ज किए गए। नेशनल कमांड एंड ऑपरेशन सेंटर (एनसीओसी) ने बताया कि पिछले 24 घंटों में कुल 70,389 लोगों के परीक्षण के बाद 7,963 नए संक्रमित दर्ज हुए। देश में सक्रिय मामलों की संख्या 1,04,095 हो गई है।