भारत में कोरोना: महाराष्ट्र में 56286 नए मामले, जानिए कैसा है पूरे देश का हाल
भारत में कोरोना वायरस संक्रमण की स्थिति लगातार गंभीर हो रही है। रोज सामने आने वाले मामले रोज ही रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में हालात को लेकर मुख्यमंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में प्रधानमंत्री ने भी माना कि वर्तमान समय में हालात पहले से कहीं ज्यादा गंभीर हैं।
टीकाकरण को लेकर सरकारी डाटा के अनुसार, गुरुवार को रात आठ बजे तक कुल 34 लाख 73 हजार 83 खुराकें दी गईं। अब तक कुल नौ ककोड़ 40 लाख 86 हजार 689 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। यहां हम आपको बताने जा रहे हैं देशभर का हाल, जानिए कहां कैसे हैं हालात और क्या फैसले लिए जा रहे हैं।
महाराष्ट्र: गंभीर हालात, 56286 नए मामले
देश में सबसे गंभीर हालात महाराष्ट्र में बने हुए हैं। संक्रमण की पहली लहर का सबसे ज्यादा शिकार बने महाराष्ट्र में दूसरी लहर भी कहर बरपा रही है। राज्य में पिछले 24 घंटों में संक्रमण के रिकॉर्ड 56,286 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में 36,130 लोग इस बीमारी से ठीक हुए और 376 मरीजों की मौत हो गई।
राज्य में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या अब 32 लाख 29 हजार 547 हो गई है और पांच लाख 21 हजार 317 सक्रिय मामले हैं। राज्य में अभी तक कुल 57,028 की मौत हुई है। प्रदेश के पुणे जिले में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 12,090 नए मामले मिले, 70 की मौत हुई और 6948 मरीज ठीक हुए।
उधर, मुंबई क्राइम ब्रांच ने जोगेश्वरी इलाके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इस व्यक्ति के पास से रेमेडिसिविर के 12 इंजेक्शन बरामद हुए हैं। क्राइम ब्रांच का कहना है कि ये इंजेक्शन उसने कथित तौर पर कालाबाजारी करने के लिए खरीदे थे।
ओडिशा: राज्य में प्रवेश पर बढ़ाई सख्ती
ओडिशा सरकार ने कहा है कि छत्तीसगढ़ जाने और वहां से आने वाले सभी सार्वजनिक परिवहन के साधनों पर 10 से 30 अप्रैल तक रोक रहेगी। सरकार ने कहा है कि परिवहन विभाग पुलिस और जिला कलेक्टरों के साथ सीमा चेक प्वॉइंट पर इसे लेकर सतर्कता बरतें।
राज्य सरकार ने कहा है कि किसी भी निजी या सार्वजनिक वाहन से ओडिशा आने वाले लोगों को अनिवार्य रूप से आरटी-पीसीआर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। यह रिपोर्ट 72 घंटे से अधिक पुरानी नहीं होनी चाहिए। यात्री टीकाकरण का प्रमाणपत्र भी दिखा सकते हैं।
इसके साथ ही प्रदेश सरकार ने कहा है कि अगर राज्य में आने वाले व्यक्ति के पास निगेटिव जांच रिपोर्ट या टीकाकरण प्रमाणपत्र नहीं है तो उसे सात दिन के अनिवार्य क्वारंटीन (होम या इंस्टीट्यूशनल क्वारंटीन) में रहना होगा। यह आदेश 12 अप्रैल से प्रभावी हो जाएगा।
कर्नाटक: कई बड़े शहरों में 10 से रात्रि कर्फ्यू
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने राज्य के कई बड़े शहरों में रात्रि कर्फ्यू लगाने का एलान किया। उन्होंने कहा कि बंगलूरू, मैसूर, मंगलूरू, कालाबुरगी, बिदार, टुमकुर, उडुपी और मणिपाल में 10 से 20 अप्रैल तक रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू रहेगा। आवश्यक सेवाओं को संचालन की अनुमति रहेगी।
बता दें कि राज्य में पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 6570 नए मामले सामने आए हैं। इसी अवधि में 2383 लोगों ने इस बीमारी को मात दी है तो 36 मरीजों की मौत हो गई। प्रदेश में कोरोना के कुल मामलों की संख्या अब 10 लाख 40 हजार 130 हो गई है। वहीं, सक्रिय मामलों की वर्तमान संख्या अब 53,395 पर पहुंच गई है।
जम्मू: कई जिलों में नौ से लगेगा रात्रि कर्फ्यू
जम्मू-कश्मीर में उपराज्यपाल के कार्यालय ने जानकारी दी कि कोरोना वायरस संक्रमण के खतरे को देखते हुए जम्मू, उधमपुर, कठुआ, श्रीनगर, बारामुला, बड़गाम, अनंतनाग और कुपवाड़ा जिलों में नौ अप्रैल से रात्रिकालीन कर्फ्यू लागू रहेगा। जानकारी के अनुसार यह कर्फ्यू रात 10 बजे से सुबह छह बजे के बीच लागू रहेगा।
दिल्ली: निजी अस्पतालों को निर्देश जारी
दिल्ली सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए 115 निजी अस्पतालों को निर्देश दिया है कि वह अपने कुल आईसीयू बेड और वार्ड बेड का 50 फीसदी हिस्सा कोविड-19 के मरीजों के लिए आरक्षित रखें।
मध्यप्रदेश: 4324 नए केस, 27 लोगों की मौत
मध्यप्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 4324 नए मामले दर्ज किए गए, 2296 लोग ठीक हुए और 27 मरीजों की मौत हुई। प्रदेश में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या अब तीन लाख 22 हजार 338 हो गई है। राज्य में अभी तक कोरोना से 4113 लोगों की मौत हुई है और अभी भी 28,060 सक्रिय मामले हैं।
पंजाब: 3119 नए मामले, 56 मरीजों की मौत
पंजाब में आज कोरोना संक्रमण के 3119 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही 2480 लोग ठीक हुए और 56 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामले अब दो लाख 63 हजार 90 हो गई है। यहां सक्रिय मामले अब 26,389 हो गए हैं और अब तक 7334 मरीजों की इस बीमारी से मौत हुई है।
हरियाणा: 2872 नए मरीज, 11 की मौत हुई
हरियाणा में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 2872 नए मामले दर्ज किए गए, 969 मरीज ठीक हुए और 11 की मौत हो गई। राज्य में अब संक्रमण के सक्रिय मामलों का आंकड़ा 17,129 पर पहुंच गई है। यहां अब तक कोरोना के तीन लाख सात हजार 510 मामले सामने आ चुके हैं और 3230 मरीजों की मौत हुई है।
गुजरात: 4021 नए मामले, 35 मरीजों की मौत
गुजरात में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 4021 नए मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही इसी अवधि में 2197 मरीज ठीक हुए और 35 की मौत हो गई। राज्य में संक्रमण के कुल मामले अब तीन लाख 32 हजार 474 हो गई है और बीमारी के सक्रिय मामलों का आंकड़ा 20,473 पर पहुंच गया है।
उत्तर प्रदेश: राजधानी लखनऊ में नाइट कर्फ्यू
उत्तर प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए लखनऊ में रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू किया गया है। एडीसीपी सेंट्रल लखनऊ ने बताया, 'हमारे उच्च अधिकारी इस वक्त सड़कों पर हैं। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। लोग अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें।'
उत्तर प्रदेश: कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए लखनऊ में रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू किया गया है।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 8, 2021
ADCP सेंट्रल लखनऊ ने बताया, "हमारे उच्च अधिकारी इस वक़्त सड़कों पर हैं। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। लोग अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें" pic.twitter.com/dJCWyra14i