कोरोना का कहर: महाराष्ट्र में डॉक्टर की गई जान, तेलंगाना में पहली मौत
महाराष्ट्र और गुजरात में कोरोना का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। जहां महाराष्ट्र में अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है। वही गुजरात में चार लोग की इस जानलेवा वायरस के चलते मौत हो गई है। दूसरी ओर दोनों राज्यों में अब तक 212 लोग संक्रमित है। जिसमें महाराष्ट्र के 159 और गुजरात के 53 लोग शामिल है।
विस्तार
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कोरोना संक्रमितों के मामलों की कुल संख्या 918 पहुंच गई है। शनिवार को 179 ताजे मामले दर्ज किए गए, जो एक दिन में अब तक की सबसे बड़ी वृद्धि है, जबकि मरने वालों की संख्या बढ़कर 19 हो गई।
कोरोना वायरस से महराष्ट्र में पांच, कर्नाटक में दो, मध्यप्रदेश में 2 और तमिलनाडु, बिहार, पंजाब, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, जम्मू और कश्मीर और हिमाचल प्रदेश से एक-एक मौत हुई है। आंकड़ों में कहा गया है कि 918 मामलों में 47 विदेशी नागरिकों के मामले भी शामिल हैं। वही, 79 लोगों या तो ठीक हो गए हैं या उन्हें छुट्टी दे दी गई थी और एक ने पलायन किया है।
वहीं, महाराष्ट्र में 85 वर्षीय एक डॉक्टर की मौत के बाद उनके वायरस से संक्रमित होने की शनिवार को पुष्टि हुई। इसके साथ राज्य में संक्रमण से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़ कर छह हो गई। डॉक्टर की शुक्रवार को मौत हुई थी।
उन्हें 26 मार्च को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह पहले से ही मधुमेह से पीड़ित थे और अस्पताल के अनुसार उनके हृदय में एक पेसमेकर लगा हुआ था। अस्पताल ने यह जानकारी दी।
हालांकि,उन्होंने हाल फिलहाल कोई विदेश यात्रा नहीं की थी, लेकिन वह ब्रिटेन से लौटे एक करीबी रिश्तेदार के संपर्क में आए थे। एक निजी प्रयोगशाला की की जांच रिपोर्ट में उनके संक्रमित होने की पहले ही पुष्टि हो चुकी थी। हालांकि, बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने शनिवार को संक्रमण की पुष्टि की।
गुजरात में कोरोना वायरस संक्रमण से एक महिला की मौत, अब तक कुल चार लोगों की मौत
कोरोना वायरस संक्रमण के चलते 46 वर्षीय एक महिला की यहां शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल अस्पताल में मौत हो गई, जिससे गुजरात में इस महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़ कर अब चार हो गई है। अस्पताल ने एक बयान में कहा कि महिला को 26 मार्च को टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया था और तब से वह वेंटिलेटर पर थी। उसे उच्च रक्तचाप और मधुमेह भी था।
इससे पहले, गुरूवार को भावनगर में 70 वर्षीय एक बुजुर्ग की कोविड-19 के कारण मौत हो गई। अहमदाबाद और सूरत में भी एक-एक मौत हुई है। प्रदेश में अभी तक कोरोना वायरस के 53 पॉजिटिव मामले पाए गए हैं।
तेलंगाना में कोरोना वायरस से पहली मौत
तेलंगाना के स्वास्थ्य मंत्री ई राजेंद्र ने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस से 74 साल के शख्स की मौत हो गई है। दो दिन पहले उनकी मौत के बाद नमूने लिए गए थे जिनकी शनिवार को आई रिपोर्ट में बुजुर्ग के घातक विषाणु से संक्रमित होने पुष्टि हुई।
राजेंद्र ने बताया कि व्यक्ति हाल में दिल्ली गए थे और उन्हें 20 मार्च से सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। वह 26 मार्च को अपने घर में बेहोश हो गए थे जिसके बाद उन्हें यहां के एक अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था।
मंत्री ने बताया कि उनकी मौत के बाद हमें मालूम हुआ कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित थे।
केरल में कोविड-19 से पहले शख्स की मौत
केरल में एर्नाकुलम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कोरोना वायरस का इलाज करा रहे 69 वर्षीय व्यक्ति की शनिवार को मौत हो गई। राज्य में इस संक्रामक रोग से मौत का यह पहला मामला है। सरकारी अस्पताल ने एक बयान में बताया कि एर्नाकुलम के रहने वाले इस व्यक्ति को दुबई से लौटने के बाद 22 मार्च को पृथक वार्ड में भर्ती कराया गया था।
इसमें बताया गया कि उसे न्यूमोनिया के लक्षणों के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन बाद में वह कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया। बयान में बताया गया है कि उसे दिल की बीमारी तथा उच्च रक्त चाप भी था तथा उसकी बाईपास सर्जरी भी हो चुकी थी। बुजुर्ग ने सुबह आठ बजे अंतिम सांस ली।
मध्यप्रदेश में अब तक कोरोना के 34 मरीज, दो की मौत
ग्वालियर में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक अधिकारी के शनिवार को कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसी के साथ मध्य प्रदेश में इस घातक वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 34 हो गई। इनमें से दो लोगों की मौत हो चुकी है।
ग्वालियर के कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. महेन्द्र कुमार पिपरौलिया ने बताया, ' शनिवार को बीएसएफ अकादमी टेकनपुर में 57 वर्षीय एक अफसर कोरोना संक्रमित पाया गया है। यह तथ्य सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जाकर जांच की और जानकारी ली।' उन्होंने कहा कि बीएसएफ अफसर की पत्नी के विदेश जाने की बात सामने आई है और इसी के चलते पूरे परिवार को पृथक रखा गया है। इसके साथ यह भी जानकारी ली जा रही है कि वह अफसर और परिजन कितने लोगों के संपर्क में आये।
मध्यप्रदेश स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश में कोरोना वायस से संक्रमित 29 लोगों में से 13 लोग इंदौर, आठ जबलपुर, तीन भोपाल, दो व्यक्ति शिवपुरी , दो उज्जैन व एक ग्वालियर में पाए गए।
उन्होंने कहा कि इनमें से 27 मरीज प्रदेश के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि संक्रमित पाए गए दो मरीजों की मौत हो गई है। मरने वालों में एक उज्जैन की महिला व एक इंदौर का रहने वाला पुरुष था। दोनों 65 साल के थे और इन दोनों की मौत इंदौर के अस्पताल में हुई।
उन्होंने कहा कि आज जो आठ मरीज कोरोना वायरस के लिए संक्रमित पाए गए हैं, उनमें से चार इंदौर के रहने वाले हैं, जबकि दो जबलपुर और भोपाल एवं उज्जैन के एक-एक मरीज हैं। इनकी जांच इंदौर, जबलपुर व भोपाल एम्स में हुई थी।
एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि भोपाल एम्स में आज 14 नमूनों की जांच की गई, इनमें से एक पॉजिटिव आया, बाकी निगेटिव आए। भोपाल एम्स में जो व्यक्ति कोरोना वायरस का संक्रमित पाया गया, वह रेलवे गार्ड (50) है।
बिहार में कोरोना का एक और मामले की पुष्टि, संक्रमित मरीजों की संख्या 10 हुई
बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के एक और मामले की शनिवार को पुष्टि हुई। इसी के साथ प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। जबकि एक संक्रमित मरीज की 21 मार्च को मौत हो चुकी है।
राजेंद्र मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट (आरएमआरआई) के निदेशक डॉक्टर प्रदीप दास ने बताया कि शनिवार को उनके यहां हुई 90 नमूनों की जांच में एक महिला के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
यह महिला उसी निजी अस्पताल में संक्रमित हुई जहां के वार्ड ब्वॉय सहित दो कर्मचारी कोरोना वायरस संक्रमित मुंगेर निवासी एक मरीज के संपर्क में आए थे। पिछले हफ्ते उक्त अस्पताल में भर्ती कराए गए उस मरीज की बाद में पटना एम्स में मौत हो गई थी।