{"_id":"6089d4338ebc3ec35d05551d","slug":"corona-vaccination-fourth-phase-starts-registration-but-cowin-app-server-failed-within-few-minutes","type":"story","status":"publish","title_hn":"टीकाकरण: रजिस्ट्रेशन शुरू होने के चंद मिनट में सर्वर फेल, मचा हंगामा","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
टीकाकरण: रजिस्ट्रेशन शुरू होने के चंद मिनट में सर्वर फेल, मचा हंगामा
Thu, 29 Apr 2021 03:01 AM IST
देव कश्यप
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
Published by: देव कश्यप
Updated Thu, 29 Apr 2021 03:01 AM IST
सार
- कई राज्यों में वैक्सीन खत्म होने की वजह से टीकाकरण केंद्रों पर लोगों को भेजा वापस
- 18 वर्ष से अधिक आयु वालों के लिए शुरू हुआ वैक्सीन के लिए पंजीयन
- आगामी एक मई से शुरू होगा कोरोना टीकाकरण का चौथा चरण
- वैक्सीन खुराक बर्बाद करने वालों को नहीं मिलेगी प्राथमिकता
- संक्रमण की नई लहर से जूझ रहे 12 राज्यों को सबसे ज्यादा मिलेंगी वैक्सीन
विज्ञापन
कोरोना टीकाकरण
- फोटो : PTI
विस्तार
आगामी एक मई से 18 वर्ष से अधिक आयु वालों को वैक्सीन देने के लिए बुधवार शाम चार बजे से कोविन वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन शुरू हुआ लेकिन चंद मिनट में ही सर्वर फेल होने की वजह से फोन पर मैसेज आना बंद हो गया। वहीं वैक्सीन को लेकर राज्यों में भी एक बार फिर हंगामा शुरू हो चुका है। देश के कई हिस्सों में वैक्सीन की कमी का हवाला देते हुए टीकाकरण केंद्रों से लोगों को वापस कर दिया गया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार कोरोना महामारी की दूसरी लहर में लोगों की जान बचाने के लिए केंद्र सरकार 18 वर्ष से अधिक आयु वालों को टीकाकरण की अनुमति दे चुकी है। इसके तहत एक मई से इन्हें वैक्सीन मिलना शुरू हो जाएगा। हालांकि 18 से 45 वर्ष वालों को पहले कोविन वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद ही वह वैक्सीन लेने के लिए केंद्र पर जा सकते हैं। करीब चार दिन तक आईटी टीम ने कोविन वेबसाइट पर डाटा अपलोड करने के बाद बुधवार को इसे रजिस्ट्रेशन के लिए शुरू कर दिया, लेकिन चार बजकर पांच मिनट पर ही वेबसाइट ने सही तरह से कार्य करना बंद कर दिया। धीरे धीरे यह समस्या इतनी जटिल हो गई कि कुछ लोगों का रजिस्ट्रेशन हुआ तो उन्हें अपॉइनमेंट नहीं मिला। जबकि कुछ लोगों के फोन पर ओटीपी नहीं आया।
विज्ञापन
इसे लेकर मंत्रालय ने जानकारी दी कि एक साथ वेबसाइट पर आए ट्रैफिक की वजह से नेटवर्किंग की प्रक्रिया में रुकावट आई है जिसे सुधारने का कार्य चल रहा है। हालांकि मंत्रालय ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि वेबसाइट में सुधार कब तक हो सकेगा।
विज्ञापन
कई शहरों में वैक्सीन कमी की शिकायतें
उधर दूसरी ओर दिल्ली व एनसीआर सहित देश के अलग-अलग शहरों से वैक्सीन कमी की शिकायतें आना भी शुरू हो गईं। दिल्ली, मुंबई, चैन्नई, बंगलूरू, हैदराबाद, भोपाल सहित कई शहरों में टीकाकरण केंद्रों ने लोगों को यह कहते हुए वापस कर दिया कि उनके पास अब खुराक नहीं बची हैं। इसे लेकर कई केंद्रों पर लोगों ने हंगामा भी किया। वैक्सीन की कमी को लेकर इस तरह की समस्या पहले भी कई बार सामने आ चुकी है जिसे लेकर केंद्र और राज्य सरकारों के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी काफी हुए हैं।
बहरहाल स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बार फिर देश में वैक्सीन की कमी को लेकर साफ तौर पर इंकार किया है। मंत्रालय ने कहा कि बुधवार सुबह तक देश के राज्यों में 1.06 करोड़ खुराक उपलब्ध हैं। टीकाकरण केंद्रों पर झूठी और भ्रामक जानकारी दी जा रही है, लेकिन लोगों की मानें तो देश में ऑक्सीजन, दवाएं, अस्पतालों में बिस्तर और कोविन वेबसाइट पर ओटीपी को लेकर दिक्कतों के बाद अब वैक्सीन को लेकर भी सरकार का सिस्टम फेल हो चुका है।
किन राज्यों में कितनी वैक्सीन
स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि देश के 10 राज्यों में सबसे ज्यादा वैक्सीन की खुराक उपलब्ध हैं। तमिलनाडु 3.57, राजस्थान 3.92, दिल्ली 4.47, महाराष्ट्र 5.06, असम 6.04, गुजरात 6.21, मध्यप्रदेश 6.48, झारखंड 6.71, बिहार 9.41 और उत्तर प्रदेश में 12.92 लाख से भी अधिक खुराकें बची हुई हैं। अगर सभी राज्यों की स्थिति देखें तो 1,06,19,892 खुराकें उपलब्ध हैं। ऐसे में वैक्सीन की कमी को लेकर केंद्र सरकार साफतौर पर इंकार कर रही है।