Corona in india: 74 फीसदी केस सिर्फ चार राज्यों से, तीन दिन में बढ़े10 हजार मामले
- कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 70 हजार पार
- नए मामलों में 74.50 फीसदी मामले केवल चार राज्यों से
- सामुदायिक प्रसार की जांच के लिए 21 राज्यों के 69 जिलों में जांच
विस्तार
कोरोना मरीजों की संख्या देश में अब तेजी से बढ़ रही है। मरीजों का आंकड़ा 70 हजार पार हो चुका है। नए मामलों में 74.50 फीसदी मामले केवल चार राज्यों से हैं। बीते तीन दिन में 10 हजार से ज्यादा मरीज अलग-अलग राज्यों में मिल चुके हैं। जबकि, पहले दस हजार केस आने में 75 दिन लगे थे। मंगलवार को तीसरी बार एक ही दिन में सबसे ज्यादा 3604 संक्रमित मिले।
महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु और दिल्ली में ही अकेले 2685 मरीज मिले हैं। इससे पहले सोमवार और 5 मई को क्रमश: 4218 और 3875 केस आए थे। 87 की मौत हुई है। इसके साथ ही, 31.73 फीसदी रिकवरी दर के साथ 1538 मरीज डिस्चार्ज किए जा चुके हैं।
वहीं, डिस्चार्ज पॉलिसी में बदलाव के बाद से लगातार तीसरे दिन देश में डेढ़ हजार से ज्यादा मरीजों को 24 घंटे में छुट्टी मिली। अब तक मरीजों की संख्या बढ़कर 70,756 हो चुकी है। 22,455 अस्पतालों से घर लौट चुके हैं। इनके अलावा अब तक 2293 की मौत हो चुकी है।
- सामुदायिक प्रसार की जांच के लिए सरकार 21 राज्यों के 69 जिलों में जांच करेगी
संक्रमण के सामुदायिक प्रसार की जांच के लिए सरकार 21 राज्यों के 69 जिलों में जांच करेगी। इनमें गौतबुद्ध नगर समेत यूपी के नौ जिले शामिल हैं। इन जिलों के चुने हुए इलाकों में हर घर जाकर एंटीबॉडी जांच की जाएगी।
- 4.19 फीसदी ही जांच में मिल रहे संक्रमित
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार देश में अब तक 17.59 लाख सैंपल की जांच हो चुकी है। पिछले एक दिन में 85,891 सैंपल की जांच हुई है। फिलहाल देश में संक्रमित मिल रहे सैंपल की दर 4.19 फीसदी दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा बीते 11 मई को देश में पहली बार संक्रमित मिलने वाले सैंपल की दर 6.51 फीसदी दर्ज की गई थी।
यहां तेजी से बढ़े मामले
- राज्य अब तक 24 घंटे में
- महाराष्ट्र 23401 1230
- गुजरात 8541 347
- तमिलनाडु 8002 798
- दिल्ली 7233 310
- मंगलवार सुबह तक के आंकड़ाें के मुताबिक