केरल से जुड़े श्रीलंका आतंकी हमले के तार, एनआईए ने दो युवकों को हिरासत में लिया
एक सप्ताह पहले श्रीलंका में ईस्टर पर हुए आत्मघाती हमलों के तार अब केरल से जुड़ते नजर आ रहे हैं। इस संबंध में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने रविवार को केरल के कासरगोड़ से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ चल रही है। दोनों इसी जिले के ही रहने वाले हैं, जिनकी पहचान अबू बकर सिद्दीकी और अहमद अराफात के रूप में हुई है। कासरगोड़ के अलावा पलक्कड़ जिले में भी एनआईए ने छापेमारी की।
कासरगोड़ पहले भी चर्चाओं में रहा है। ऐसी खबरें आती रही हैं कि इस जिले के कुछ युवा आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) में शामिल हो गए हैं। जिले में आईएस का स्थानीय मॉड्यूल लंबे समय से सक्रिय है। जिन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है, उनका संपर्क श्रीलंका आतंकी हमलों के मास्टर माइंड जहरान हाशिम से था। फिलहाल दोनों से एनआईए के मुख्यालय में पूछताछ चल रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हाशिम केरल और तमिलनाडु के आईएस मॉड्यूल से पिछले तीन साल से सोशल मीडिया के जरिये संपर्क में था।
श्रीलंका हमलों के बाद से ही भारतीय एजेंसियों को केरल के आईएस मॉड्यूल पर शक था। एजेंसियां पहले भी आईएस से सहानुभूति रखने वाले कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर चुकी है। लेकिन, श्रीलंका की घटना के बाद इनसे फिर से पूछताछ की गई।
सूत्रों ने बताया कि दोनों के घर पर छापेमारी के दौरान मोबाइल फोन, सिम, मेमोरी कार्ड, मलयालम और अरबी में लिखी कुछ डायरी, विवादास्पद इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाईक के भाषणों की डीवीडी, धार्मिक सीडी व कुछ किताबें बरामद हुई हैं।
आईएस का दावा, हमारे आतंकी थे मुठभेड़ में मारे गए तीन आत्मघाती
आईएस ने दावा किया कि पूर्वी श्रीलंका के कलमुनई शहर में शुक्रवार रात सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ के दौरान विस्फोट कर खुद को उड़ाने वाले आत्मघाती उसके ही आतंकी थे। आईएस ने अपनी न्यूज एजेंसी ‘अमाक’ के जरिये बयान में कहा कि मुठभेड़ के दौरान अबू हमाद, अबू सूफीयान और अबू अल-का मारे गए। तीनों ने गोला बारूद खत्म होने के बाद विस्फोटक बेल्ट के जरिये खुद को उड़ा लिया।
अमाक ने इनमें से दो आत्मघाती हमलावरों की तस्वीर भी जारी की है। बताते चलें कि शुक्रवार रात मुठभेड़ और धमाकों के बाद सुरक्षा बलों को घर से छह बच्चों और तीन महिलाओं समेत कुल 16 लोगों के शव बरामद हुए थे। तीनों आत्मघाती के अलावा श्रीलंका हमलों के मास्टर माइंड जहरान हाशिम के दो भाई जैनी हाशिम, रिलवाम हाशिम और पिता मोहम्मद हाशिम व बहनोई नियाज शरीफ शामिल थे। श्रीलंका में हुए आतंकी हमलों में 253 लोग मारे गए थे और 500 से ज्यादा जख्मी हुए थे। इन हमलों की जिम्मेदारी आईएस ने ली थी।