CWC: अगले हफ्ते बुलाई जा सकती है कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक, महिला आरक्षण समेत इन मुद्दों पर चर्चा की उम्मीद
सूत्रों के मुताबिक, नौ अक्तूबर यानी अगले सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक बुलाई जा सकती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांग्रेस ने देश के मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम पर चर्चा करने के लिए अगले हफ्ते पार्टी की कार्यसमिति की बैठक बुलाई है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की अगली बैठक नौ अक्तूबर को दिल्ली में होगी। बैठक में पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों, जाति गणना, नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा केंद्रीय एजेंसियों के विपक्षी नेताओं पर छापे को लेकर भी पार्टी अपनी रणनीति तय करेगी। साथ ही गरीब और पिछड़ों के लिए कांग्रेस की गारंटी योजना पर मंथन होगा। मणिपुर हिंसा के मुद्दे को भी बैठक में उठाया जाएगा।
पिछले महीने में हैदराबाद में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हुई थी। जिसमें पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने का लक्ष्य तय किया था। पार्टी के विस्तारित संकल्प पत्र में कहा गया था कि कांग्रेस कार्य समिति की बैठक यह विश्वास व्यक्त करते हुए समाप्त होती है कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस जल्द होने वाले छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मिजोरम, राजस्थान और तेलंगाना में निर्णायक जनादेश हासिल करेगी। साथ ही आगामी लोकसभा चुनाव, जो अप्रैल-मई 2024 में प्रस्तावित है, उसके लिए भी पार्टी संगठन की तैयारी पूरी है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बैठक के दौरान पार्टी नेताओं से व्यक्तिगत मतभेदों को दूर रखने की नसीहत दी थी और पार्टी की सफलता को प्राथमिकता देने को कहा था। खरगे ने पार्टी नेताओं से अनुशासन और एकजुटता का भी आह्वान किया था। उन्होंने कहा था कि केंद्र की तानाशाह सरकार को सत्ता से हटाने के लिए पूरी ताकत झोंकनी पड़ेगी।
दिल्ली में कांग्रेस को तीन सीट देने के लिए तैयार आप...
इधर, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को गंभीरता से लिया जा रहा है और वह एक दिन देश का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा कि वह 2024 का चुनाव नहीं लड़ेंगे, बल्कि दूसरों के लिए काम करेंगे। यहां एक मीडिया समूह के कार्यक्रम में उन्होंने दोहराया कि भाजपा के साथ हाथ मिलाने का कोई सवाल ही नहीं है। शरद पवार ने अजित पवार के नेतृत्व वाले राकांपा के खेमे का जिक्र करते हुए कहा, जो लोग भाजपा के साथ गए हैं, उनका राकांपा से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने जांच एजेंसियों के डर के कारण उन्होंने पाला बदल लिया है। आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह को ईडी के गिरफ्तार किए जाने को लेकर पवार ने कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसी की कार्रवाई से विपक्षी गठबंधन और मजबूत होगा।