महाविकास अघाड़ी में खींचतान जारी: महाराष्ट्र में अब अकेले ही चुनाव लड़ेगी कांग्रेस, नाना पटोले सीएम उम्मीदवार बनने को तैयार
महाराष्ट्र में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले द्वारा की गई एक अहम घोषणा के बाद राज्य की सियासत एक नए मोड़ पर आ गई है। असल में पटोले ने एलान किया है कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश में अब अकेले ही चुनाव लड़ेगी।
विस्तार
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के बाद से ही सियासी उठापठक का दौर जारी है। राज्य की गठबंधन सरकार में शिवसेना और एनसीपी के अलावा कांग्रेस भी शामिल है, लेकिन कांग्रेस के नए पैंतरे ने महाराष्ट्र की सियासत में नया मोड़ ला दिया है। महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने एलान किया है कि महाराष्ट्र का अगला विधानसभा चुनाव कांग्रेस अकेले ही लड़ेगी। बता दें, कांग्रेस की ओर से राज्य सरकार में अपनी अनदेखी को लेकर कई बार सवाल खड़ा किया जा चुका है। बड़ी बात यह भी है कि पटोले ने इस एलान के साथ मुख्यमंत्री बनने की इच्छा भी जाहिर की है।
मुख्यमंत्री बनने की कही बात
दरअसल, बीते शनिवार (12 जून) को पटोले ने अमरावती में कहा कि वर्ष 2024 के चुनाव में कांग्रेस राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी और केवल कांग्रेस की विचारधारा ही देश को बचा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर आलाकमान फैसला लेता है तो वह मुख्यमंत्री का चेहरा बनने को भी तैयार हैं। पटोले के इस बयान के बाद यह चर्चा जोर पकड़ रही है कि राज्य की महाविकास अघाड़ी सरकार में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। इस मामले पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नसीम खान ने कहा कि अगर उनकी पार्टी अकेले चुनाव लड़ती है तो उसे इसका फायदा होगा।
Congress will contest the Maharashtra Assembly Elections alone. I am ready to be the CM face if the high command decides: Maharashtra Congress chief Nana Patole
विज्ञापन विज्ञापन
(File photo) pic.twitter.com/cKqE5BD5dZ — ANI (@ANI) June 14, 2021
एनसीपी के प्रवक्ता का बयान
नाना पटोले के इस बयान के बाद राज्य की गठबंधन सरकार में सबसे अहम भूमिका निभा रही एनसीपी के प्रवक्ता और महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नवाब मलिक ने कहा कि महाविकास अघाड़ी (एमवीए) के तीनों घटक दल (शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस) सरकार चलाने के मुद्दे पर एकजुट हैं। हालांकि, साल 2024 में होने वाले राज्य विधानसभा और लोकसभा का चुनाव साथ लड़ने पर अब तक फैसला नहीं हुआ है।