{"_id":"5b92952b867a557f015d16c8","slug":"congress-president-rahul-gandhi-kailash-mansarovar-yatra","type":"story","status":"publish","title_hn":"कांग्रेस ने कहा- राहुल गांधी को शिवजी ने बुलाया है कैलाश मानसरोवर","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
कांग्रेस ने कहा- राहुल गांधी को शिवजी ने बुलाया है कैलाश मानसरोवर
डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated Sat, 08 Sep 2018 06:36 AM IST
विज्ञापन
राहुल गांधी की कैलाश मानसरोवर यात्रा पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की टिप्पणी को बेहद गैर जरुरी बताते हुए कांग्रेस ने कहा है कि राहुल गांधी भाग्यशाली हैं, क्योंकि उन्हें भगवान शिव जी ने बुलाया है और इसीलिए वे कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर गए हैं। कांग्रेस के मुताबिक यह एक निजी धार्मिक यात्रा है और किसी को इस पर टिप्पणी नहीं करना चाहिए। कांग्रेस प्रवक्ता आरपीएन सिंह ने कहा कि कर्नाटक चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने एक मनौती मानी थी, चुनाव के बाद अब उसे पूरा करने के लिए वे कैलाश यात्रा पर गए हैं।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भाग्यशाली हैं क्योंकि कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर वही जाता है जिसे भगवान शिव बुलाते हैं। यह एक बेहद मुश्किल यात्रा है। इसका रास्ता काफी दुर्गम है। उनके मुताबिक राहुल गांधी शीर्ष नेताओं में संभवत: पहले नेता हैं जो खुद कैलाश यात्रा पर गए हैं। इसके पहले कोई अन्य शीर्ष नेता कैलाश यात्रा पर नहीं गया है।
विज्ञापन
गिरिराज सिंह की टिप्पणी पर आरपीएन सिंह ने कहा कि एक वरिष्ठ मंत्री को बिना चीजों की पड़ताल किये ऐसा बयान नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के मंत्री ऐसे बयान इसलिए दे रहे हैं जिससे जनता का ध्यान वास्तविक परेशानियों की तरफ न जाए और वह इनकी इन्हीं बातों में उलझी रहे।
विज्ञापन
आरपीएन सिंह ने कहा कि आज पेट्रोल-डीजल के दाम रिकॉर्ड स्तर पर ऊंचे जा चुके हैं, लेकिन कोई मंत्री उसके बारे में बयान नहीं दे रहा है कि वे इस महंगाई को कैसे रोकेंगे। जब यूपीए के समय में डॉलर का दाम 60 रुपये पर गया था, तब इन्हीं नरेंद्र मोदी ने कहा था कि रुपया अस्पताल पहुंच गया है, लेकिन आज जब रुपया रिकॉर्ड 72 रुपये के पार चला गया है, पीएम मोदी कोई बयान नहीं दे रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि पीएम को सामने आकर बताना चाहिए कि पिछले साढ़े चार सालों में उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ाकर जो 11 लाख करोड़ रुपया इकट्ठा किया है, वह किसकी जेब में चला गया। इसके पूर्व गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी की यात्रा पर टिप्पणी करते हुए कहा था राहुल गांधी अपनी कैलाश मानसरोवर यात्रा की जो तस्वीरें साझा कर रहे हैं, वे फोटोशॉप के माध्यम से बनाई गई हैं।