आर्थिक मुद्दे पर कांग्रेस ने कसी कमर, नवंबर से देशभर में मोदी सरकार के खिलाफ करेगी विरोध प्रदर्शन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस ने देश के आर्थिक हालात के मुद्दे पर सरकार को घेरने के लिए कमर कस ली है। जानकारी के अनुसार कांग्रेस पार्टी मोदी सरकार के खिलाफ नवंबर के पहले सप्ताह से देशभर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करेगी।
बता दें कि देश-विदेश के बड़े वित्तीय संस्थाओं द्वारा भारत की विकास दर के अनुमान को घटाने के बाद से कांग्रेस पार्टी सरकार पर और हमलावर हो गई है। पार्टी ने महंगाई से लेकर रोजगार तक के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी कर ली है।
हाल ही में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने भारत की वित्त वर्ष 2019-20 में रहने वाली विकास दर के अनुमान को घटा दिया । आईएमएफ के ताजा अनुमान के मुताबिक भारत की जीडीपी इस साल 6.1 फीसदी की रफ्तार से ग्रोथ करेगी। इससे पहले अप्रैल में इसके 7.3 फीसदी रहने का अनुमान व्यक्त किया गया था।
Congress will hold a protest across the country from the first week of November, against Central Government over economic situation. pic.twitter.com/mD1PQGilhm
— ANI (@ANI) October 22, 2019
आईएमएफ से पहले विश्व बैंक ने भी जीडीपी का अनुमान घटाकर के छह फीसदी कर दिया था। विश्व बैंक के अनुसार, भारत की विकास दर छह फीसदी रह सकती है। जबकि साल 2018-19 में वृद्धि दर 6.9 फीसदी थी। विश्व बैंक का कहना है कि साल 2021 में वृद्धि दर दोबारा 6.9 फीसदी पर आ सकती है। वहीं 2022 में इसमें और भी सुधार हो सकता है। साल 2022 में भारत की विकास दर 7.2 फीसदी पर रहने का अनुमान है।
इससे पहले अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार जीतने वाले भारतीय मूल के अर्थशास्त्री अभिजीत बनर्जी ने कहा था कि भारतीय अर्थव्यवस्था बेहद खराब स्थिति में है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध आंकड़े यह भरोसा नहीं जगाते हैं कि देश की अर्थव्यवस्था इतनी जल्द सुधरने वाली है।
इन सभी संस्थाओं के रिपोर्ट के बाद से मोदी सरकार बैकफुट पर नजर आ रही है और विपक्ष इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश में है।