फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Congress leader Motilal Vora Death At Fortis Escort Hospital In Delhi At The Age Of 93

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा नहीं रहे, 93 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

Mon, 21 Dec 2020 03:27 PM IST
योगेश साहू न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: योगेश साहू Updated Mon, 21 Dec 2020 03:27 PM IST
विज्ञापन
Congress leader Motilal Vora Death At Fortis Escort Hospital In Delhi At The Age Of 93
मोतीलाल वोहरा (फाइल फोटो) - फोटो : ANI

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा का 93 साल की उम्र में निधन हो गया है। खबरों के मुताबिक वोरा को रविवार रात को दिल्ली के फोर्टिस एस्कॉर्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां सोमवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। मोतीलाल वोरा ने कई वर्षों तक पत्रकारिता के क्षेत्र में काम किया और बाद में 1968 में राजनीति में प्रवेश किया था। वोरा ने रविवार (20 दिसंबर) को ही अपना 93वां जन्मदिन मनाया था।

विज्ञापन


उनके परिवार के सदस्यों ने बताया कि कोरोना वायरस के बाद हुई स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के बाद यहां एक निजी अस्पतातल में उनका निधन हुआ। वह कुछ हफ्ते पहले ही कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे और कई दिनों तक एम्स में भर्ती रहने के बाद उन्हें छुट्टी भी मिल गई थी।
विज्ञापन



विज्ञापन
विज्ञापन



वोरा ने 1970 में मध्यप्रदेश विधानसभा से चुनाव जीता और उन्हें मध्यप्रदेश के सड़क परिवहन निगम के उपाध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था। उन्हें 1977 और 1980 में मध्यप्रदेश विधानसभा के लिए फिर से चुना गया और 1980 में अर्जुन सिंह कैबिनेट में उच्च शिक्षा विभाग के अध्यक्ष रहे। 

मोतीलाल वोरा 1983 में कैबिनेट मंत्री बने और उन्हें मध्यप्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष के रूप में भी नियुक्त किया गया। वे 13 मार्च 1985 से 13 फरवरी 1988 तक और 25 जनवरी 1989 से 9 दिसंबर 1989 तक दो बार मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। 2000 से 2018 तक (18 साल) कांग्रेस के कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली।

 

मोतीलाल वोरा के पार्थिव शरीर को उनके आवास पर ले जाया गया
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा के पार्थिव शरीर को उनके आवास पर ले जाया गया। कांग्रेस नेता उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए। 
 

पीएम नरेंद्र मोदी ने जताया दुख

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। पीएमओ ने ट्वीट कर कहा, 'मोतीलाल वोरा जी उन वरिष्ठतम कांग्रेसी नेताओं में से थे, जिनके पास राजनीतिक करियर में दशकों तक फैला एक बड़ा प्रशासनिक और संगठनात्मक अनुभव था।

वोरा जी एक सच्चे कांग्रेसी और अद्भुत इंसान थे- राहुल गांधी
वहीं, वोरा के निधन पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कांग्रेस के अन्य नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, 'वोरा जी एक सच्चे कांग्रेसी और अद्भुत इंसान थे। हम उन्हें बहुत मिस करेंगे। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी संवेदना है।'

कांग्रेस परिवार के लिए एक अभिभावक के चले जाने जैसा है- भूपेश बघेल
वहीं, भूपेश बघेल ने कहा, 'मैंने अपनी राजनीति का ककहरा जिन लोगों से सीखा उनमें बाबूजी एक थे। अविभाजित मध्यप्रदेश से लेकर छत्तीसगढ़ तक वे हम कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए एक पथ प्रदर्शक थे। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।'

उनका जाना व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए बड़ी क्षति है- रमन सिंह
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने भी वोरा के निधन पर दुख जताते हुए श्रद्धांजलि दी है। सिंह ने ट्वीट कर कहा, 'अविभाजित मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री समेत विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहे मोतीलाल वोरा जी के निधन का समाचार दुःखद है। उनका जाना व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए बड़ी क्षति है, वह सदैव छत्तीसगढ़ की आवाज बनकर रहे। ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दे। ओम शांति। विनम्र श्रद्धांजलि।'

देश ने एक सच्चे कांग्रेसी को खो दिया- पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहम सिंह
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहम सिंह ने मोतीलाल वोरा के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि, वह सच्चे कांग्रेसी थे। उनके पास गजब का शासकीय और राजनीतिक अनुभव था। डॉ सिंह ने आगे कहा कि वह दो बार मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। वह उत्तर प्रदेश के राज्यपाल भी रहे। देश ने एक सच्चे कांग्रेसी को खो दिया। 
 

मोतीलाल वोरा के मार्गदर्शन की कमी हमेशा महसूस होगी: सोनिया

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए सोमवार को कहा कि पार्टी को वोरा के मार्गदर्शन और नि:स्वार्थ सेवा की कमी हमेशा महसूस होगी। सोनिया ने शोक संदेश में कहा, 'मोतीलाल वोरा के निधन से जो बड़ा खालीपन पैदा हुआ है, उसे भर पाना बहुत मुश्किल है। उनका जीवन जनसेवा और कांग्रेस की विचारधारा के प्रति बेमिसाल प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण है।' उन्होंने यह भी कहा, 'हम उनके मार्गदर्शन और उनकी नि:स्वार्थ सेवा की कमी हमेशा महसूस करेंगे। उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना है।'

वोरा के निधन पर छत्तीसगढ़ में तीन दिनों का राजकीय शोक
मोतीलाल वोरा के निधन पर छत्तीसगढ़ में तीन दिनों के लिए राजकीय शोक की घोषणा की गई है। राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा के निधन पर छत्तीसगढ़ शासन ने राज्य में 21 दिसंबर से 23 दिसंबर तक तीन दिनों के लिए राजकीय शोक की घोषणा की है।

अधिकारियों ने बताया कि राजकीय शोक की अवधि में राज्य में स्थित समस्त शासकीय भवनों और जहां पर नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाते हैं वहां ध्वज आधे झुके रहेंगे। साथ ही शासकीय स्तर पर कोई मनोरंजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि राज्य शासन द्वारा यह भी निर्णय लिया गया है कि वोरा का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। इस संबंध में राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी किया है। इधर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संचार विभाग के प्रमुख शैलेष नितिन त्रिवेदी ने बताया कि वोरा का शव मंगलवार सुबह दिल्ली से रायपुर लाया जाएगा।

बाद में उनका शव उनके गृह जिले दुर्ग ले जाया जाएगा। दुर्ग में ही वोरा का अंतिम संस्कार किया जाएगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा का 93 साल की उम्र में सोमवार को निधन हो गया। दिल्ली के एक अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed