फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Congress laeder Milind Deora hails evolving chemistry of INDIA partners, says Maharashtra best example

I.N.D.I.A: मिलिंद देवड़ा ने विपक्षी दलों में बन रही केमिस्ट्री की सराहना की, कहा- महाराष्ट्र सबसे अच्छा उदाहरण

Sun, 27 Aug 2023 05:07 PM IST
देव कश्यप पीटीआई, नई दिल्ली।
पीटीआई, नई दिल्ली। Published by: देव कश्यप Updated Sun, 27 Aug 2023 05:07 PM IST
सार

महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता देवड़ा ने इस बात पर जोर दिया कि राज्य में कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के महा विकास आघाड़ी (एमवीए) गठबंधन में ‘कोई समस्या नहीं है।

विज्ञापन
Congress laeder Milind Deora hails evolving chemistry of INDIA partners, says Maharashtra best example
कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा। - फोटो : ANI (फाइल फोटो)

विस्तार

विज्ञापन

कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा ने मुंबई में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) की अहम बैठक से पहले रविवार को कहा कि 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए गठबंधन साझेदारों के बीच सीट बंटवारे को कई राज्यों में कमोबेश अंतिम रूप दे दिया गया है, केवल कुछ राज्यों में ही थोड़े अधिक समय की आवश्यकता है। बैठक के आयोजन में अहम भूमिका निभा रहे देवड़ा ने ‘इंडिया’ के साझेदारों के बीच ‘‘विकसित हो रहे तालमेल’’ की भी सराहना की और कहा कि इसका सबसे अच्छा उदाहरण महाराष्ट्र में देखने को मिलता है।

‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक 31 अगस्त-एक सितंबर को होनी है। महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता देवड़ा ने न्यूज एजेंसी पीटीआई के साथ साक्षात्कार में इस बात पर जोर दिया कि राज्य में कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के महा विकास आघाड़ी (एमवीए) गठबंधन में ‘कोई समस्या नहीं है। देवड़ा ने यह बयान ऐसे समय में दिया है, जब एनसीपी के अजित पवार और पार्टी के आठ अन्य विधायकों ने दो जुलाई को राज्य में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार से हाथ मिला लिया था। इसके बाद, एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार और उनके भतीजे अजित पवार के बीच बैठकों ने ‘इंडिया’ गठबंधन के साझेदारों के बीच घबराहट पैदा कर दी है।

विज्ञापन


देवड़ा ने एनसीपी संबंधी घटनाक्रम से जुड़ी चिंताओं को खारिज करते हुए कहा कि एमवीए सहयोगियों के बीच सीट बंटवारे पर बाद में चर्चा की जाएगी और इसे अंतिम रूप दिया जाएगा और एनसीपी में जो हो रहा है वह उसका ‘‘आंतरिक मुद्दा’’ है।
विज्ञापन
विज्ञापन


‘इंडिया’ गठबंधन 26 दलों का विपक्षी गुट है, जिसका गठन केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से मुकाबला करने के लिए हाल में किया गया है। विपक्षी दलों की पहली बैठक पटना में और दूसरी बेंगलुरु में हुई थी, जिसमें इसका नाम ‘इंडिया’ रखा गया था।

यह पूछे जाने पर कि क्या मुंबई में होने वाली ‘इंडिया’ की बैठक पटना और बेंगलुरु में आयोजित हुई पिछली बैठकों की तुलना में अधिक सार्थक होगी? देवड़ा ने कहा कि विपक्षी गठबंधन की हर बैठक समान रूप से महत्वपूर्ण है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, हर बैठक के साथ आगे बढ़ने की कार्य योजना और दुरुस्त होती जा रही है। मैं मुंबई में बैठक आयोजित करने में व्यक्तिगत रूप से मदद कर रहा हूं और मैं इसकी सफलता को लेकर बहुत आशान्वित हूं।

यह पूछे जाने पर कि क्या मुंबई में 26 दलों के इस गठबंधन में और दलों के शामिल होने की संभावना है? 46 वर्षीय नेता ने कहा कि आमंत्रित और उपस्थित लोगों की अंतिम सूची को एमवीए साझेदार एक-दूसरे के करीबी समन्वय से अंतिम रूप दे रहे हैं। मुंबई में होने वाली बैठक में सीट बंटवारे, समन्वय समिति बनाने और गठबंधन के लिए संयोजक नियुक्त करने पर आगे की कार्रवाई होने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर देवड़ा ने कहा कि इन विषयों पर अगले सप्ताह बैठक में चर्चा हो सकती है।

देवड़ा ने कहा, कई राज्यों में सीट बंटवारा को कमोबेश अंतिम रूप दे दिया गया है। कुछ ही राज्य बचे हैं, जिन्हें और समय की आवश्यकता है। यह पूछे जाने पर कि क्या 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले कोई साझा न्यूनतम कार्यक्रम विकसित करने की आवश्यकता है? उन्होंने कहा, इन विषयों पर काम जारी है। मुझे यकीन है कि ‘इंडिया’ के सभी साझेदार एक ऐसा साझा राजनीतिक एवं विकासात्मक एजेंडा लेकर आएंगे, जो दूरदर्शी, रचनात्मक और सभी का ध्यान आकर्षित करने वाला होगा।

देवड़ा से जब पूछा गया कि क्या संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की तरह कांग्रेस को ही इस गठबंधन का आधार बनाया जाएगा? कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी पार्टी पहले से ही ‘इंडिया’ गठबंधन के भीतर विभिन्न गतिविधियों और पहल के समन्वय की भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा, हमने संप्रग में गठबंधन सहयोगियों के साथ बहुत सामंजस्यपूर्ण तरीके से काम किया और मुझे लगता है कि यह चलन ‘इंडिया’ में भी जारी रहेगा।

देवड़ा ने कहा कि उन्हें गठबंधन सहयोगियों के बीच विकसित हो रहे तालमेल को देखकर सुखद आश्चर्य हुआ है। उन्होंने कहा, इसका सबसे अच्छा उदाहरण महाराष्ट्र में है। मैं ऐसे एक भी व्यक्ति को नहीं जानता जिसने कभी कल्पना की होगी कि कांग्रेस और शिवसेना एक साथ आ सकती हैं।

गठबंधन द्वारा नेतृत्व के जटिल मामले पर बात नहीं करने को लेकर देवड़ा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अभी समय है और ‘इंडिया’ गठबंधन की हर बैठक के साथ अहम प्रगति हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘इंडिया’ गठबंधन की निंदा किए जाने को लेकर देवड़ा ने कहा, भारत का चुनावी इतिहास और गणित स्पष्ट रूप से दिखाता है कि जब मैदान में केवल दो दल और उम्मीदवार हों, तो कोई भी दल या नेता अजेय नहीं होता है।

कर्नाटक की राजधानी में पिछले महीने आयोजित सम्मेलन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा था कि विपक्ष 2024 का चुनाव एकजुट होकर लड़ेगा और सफल होगा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा था कि उनकी लड़ाई भाजपा की विचारधारा के खिलाफ है। पांच राज्यों के मुख्यमंत्रियों, सोनिया गांधी और राहुल गांधी सहित ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं के 31 अगस्त को मुंबई पहुंचने की संभावना है। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे 31 अगस्त को उपनगरीय मुंबई के ‘ग्रैंड हयात’ होटल में नेताओं के लिए रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे। अगले दिन उसी स्थान पर बैठक होगी जिसके बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस होगा।


'इंडिया' गुट की आगामी मुंबई बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इस बैठक में 2024 में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए से मुकाबला करने के लिए महत्वपूर्ण रणनीतिक मुद्दों पर विचार-विमर्श और उसे अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है। मुंबई बैठक में कुछ और पार्टियों के इस गुट में शामिल होने की भी चर्चा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed