Coldplay: कोल्डप्ले कॉन्सर्ट की टिकट की कालाबाजारी पर EOW सख्त, बुकमायशो के COO का बयान किया दर्ज
मुंबई पुलिस ने बताया कि एडवोकेट अमित व्यास ने कोल्डप्ले कॉन्सर्ट टिकटों की कथित कालाबाजारी के बारे में ईओडब्ल्यू से शिकायत की है। इसी को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुंबई में होने वाले कोल्डप्ले कॉन्सर्ट की टिकटों की कथित कालाबाजारी का मामला बढ़ता जा रहा है। आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने कालाबाजारी की शिकायत पर ऑनलाइन टिकट एग्रीगेटर बुकमायशो के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) का बयान दर्ज किया है।
एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि कंपनी के सीओओ अनिल मखीजा अपना बयान दर्ज कराने के लिए सोमवार को आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) के अधिकारियों के समक्ष पेश हुए। उन्होंने कहा कि इससे पहले बुकमायशो की मूल कंपनी बिग ट्री एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ आशीष हेमराजानी को दो बार समन भेजा जा चुका है।
बता दें, एडवोकेट अमित व्यास ने कोल्डप्ले कॉन्सर्ट टिकटों की कथित कालाबाजारी के बारे में ईओडब्ल्यू से शिकायत की है।
शिकायत में क्या कुछ आरोप?
शिकायत में व्यास ने आरोप लगाया कि बुकमायशो ने अनैतिक प्रथाओं का इस्तेमाल किया। वास्तविक प्रशंसकों को 22 सितंबर से शुरू हुई आधिकारिक बिक्री के दौरान टिकट खरीदने से रोका गया। अपनी शिकायत में उन्होंने प्लेटफॉर्म पर वैध उपयोगकर्ताओं को लॉग आउट करके या उन्हें पूरी तरह से ब्लॉक करके कथित रूप से पहुंच में हेरफेर करने का भी आरोप लगाया।
ब्रिटेन का मशहूर रॉक बैंड 'कोल्डप्ले' इन दिनों भारत में चर्चा में बना हुआ है। अगले साल जनवरी में मुंबई में कोल्डप्ले का कॉन्सर्ट होना है। पिछले दिनों इसी कार्यक्रम के लिए बुकिंग शुरू की गई थी।
बॉम्बे हाईकोर्ट में पीआईएल दाखिल करने तक पहुंच सकता है विवाद
बार और बेंच की रिपोर्ट में कहा गया कि व्यास भारतीय न्याय संहिता, 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहे हैं, जिसमें संगठित अपराध, धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और आपराधिक विश्वासघात शामिल है। इसके अलावा, वह बॉम्बे हाई कोर्ट में एक जनहित याचिका (पीआईएल) दायर करने का भी इरादा रखते हैं, जिसका उद्देश्य भविष्य में इस तरह की धोखाधड़ी गतिविधियों को रोकने में मदद करने के लिए प्रमुख आयोजनों के लिए नियामक दिशानिर्देश बनाना है, रिपोर्ट में कहा गया है। वहीं बुकमायशो ने भी ऑनलाइन टिकट एग्रीगेटर के कुछ प्लेटफॉर्म पर इस कॉन्सर्ट के नकली टिकटों को बेचने के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज की है।
कालाबाजारी के आरोप पर बुकमायशो की सफाई
बुकमायशो ने लगातार आरोपों के बीच सफाई दी थी। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा था कि 1.3 करोड़ प्रशंसक समारोह का टिकट पाना चाहते थे। इसलिए बुकमायशो ने सभी शो में प्रति यूजर चार टिकटों की सीमा तय की थी। इसके लिए चरण वार बुकिंग गाइड बनाए गए। इसके बाद टिकटों की अधिक मांग को देखते हुए लाइन सिस्टम लागू किया गया।
प्रवक्ता ने कहा था कि एक अनाधिकृत बुकिंग प्लेटफार्म ने आधिकारिक रूप से टिकटों की बुकिंग शुरू होने से पहले और बाद में टिकटों को तय कर लिया। बुकमायशो का कॉन्सर्ट की टिकट को लेकर किसी तीसरे पक्ष या अनाधिकृत टिकट बेचने वाले से कोई संबंध नहीं है। हमने इसके खिलाफ पुलिस से शिकायत की है। इस मामले में हम पुलिस की हर संभव मदद कर रहे हैं। किसी अनाधिकृत प्लेटफार्म से टिकट न खरीदने के लिए हमने लोगों से कहा है।