फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Gujarat ›   Central Government came out of Delhi under Modi Era, Gujarat became first choice for hosting events

Central Govt.: मोदी राज में दिल्ली से बाहर निकली केंद्र सरकार, आयोजनों की मेजबानी के लिए पहली पसंद बना गुजरात

Jitendra Bhardwaj जितेंद्र भारद्वाज
Updated Thu, 27 Oct 2022 03:54 PM IST
सार

Central Government: कानून मंत्रियों और कानून सचिवों का अखिल भारतीय सम्मेलन, गुजरात में आयोजित किया गया। पीएम मोदी ने इस सम्मेलन को संबोधित किया था। मार्च 2021 में प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के केवाडिया में सैन्य कमांडरों की तीन दिवसीय कांफ्रेंस को संबोधित किया था...

विज्ञापन
Central Government came out of Delhi under Modi Era, Gujarat became first choice for hosting events
Central Government- PM Modi in Defence Expo 2022 - फोटो : PTI (File Photo)

विस्तार

केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार आने के बाद कई बड़े आयोजन दिल्ली से बाहर हो रहे हैं। इनमें केंद्रीय सुरक्षा बलों के रेजिंग डे, विभिन्न बैठकें, कांफ्रेंस, प्रदर्शनी, नवरात्रि उत्सव एवं कई दूसरे कार्यक्रम शामिल हैं। हालांकि केंद्र सरकार के ऐसे अधिकांश कार्यक्रमों की मेजबानी का अवसर 'गुजरात' को प्रदान किया गया है। इस साल अनेक बड़े आयोजन गुजरात में हुए हैं। इनमें राजदूतों एवं उच्चायुक्तों का नवरात्रि कार्यक्रम, डिफेंस एक्सपो और संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस का दौरा आदि शामिल हैं। पहली बार केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र देने के लिए अलग-अलग राज्यों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में केंद्रीय मंत्रियों की ड्यूटी लगाई गई थी। बता दें कि इस साल के अंत में गुजरात में विधानसभा चुनाव होने हैं।

विज्ञापन

2014 के बाद दिल्ली से बाहर चली गई यह कॉन्फ्रेंस

साल 2014 में नरेंद्र मोदी ने जब प्रधानमंत्री पद का कार्यभार संभाला तो कई कार्यक्रम दिल्ली से बाहर आयोजित होने लगे। डीजी-आईजी कांफ्रेंस पहली बार, असम की राजधानी दिसपुर में आयोजित की गई। इसके बाद 2015 की यह कांफ्रेंस गुजरात के कच्छ में आयोजित हुई। 2016 में हैदराबाद और 2017 में डीजी-आईजी कांफ्रेंस उत्तराखंड के टनकपुर में आयोजित की गई। वर्ष 2018 में यह कांफ्रेंस, दोबारा से गुजरात के केवाडिया में हुई थी। 2019 में महाराष्ट्र के पुणे में इस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। 2020 में कोविड-19 के कारण वर्चुअली कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। गत वर्ष डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित हुई। प्रधानमंत्री इस वार्षिक कॉन्फ्रेंस में भाग लेते हैं।

विज्ञापन

चंडीगढ़ में मनाया गया इंडियन एयरफोर्स का स्थापना दिवस

इंडियन एयरफोर्स का 90वां वायुसेना दिवस इस बार चंड़ीगढ़ की सुप्रसिद्ध सुखना लेक पर आयोजित किया गया। पहली बार यह आयोजन किसी एयरबेस से बाहर हुआ है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मौजूद रहे। गुजरात के गांधीनगर में इस साल डिफेंस एक्सपो आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने 19 अक्तूबर को डिफेंस एक्सपो 2022 का उद्घाटन किया था। पीएम ने बनासकांठा पाटन के निकट भारतीय वायुसेना के 52वें डीसा एयरफील्ड का वर्चुअली शिलान्यास किया। ऐसा पहली बार हुआ है कि केंद्र सरकार में चयनित उम्मीदवारों को ज्वाइनिंग लेटर देने के लिए विभिन्न राज्यों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। पीएम मोदी के संबोधन के बाद अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिला। इस साल 24 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीमा सुरक्षा व्यवस्था पर बिहार के किशनगंज स्थित बीएसएफ कैंप में उच्च स्तरीय बैठक की। इसमें बीएसएफ, आईटीबीपी व एसएसबी के आला अधिकारी शामिल हुए।

विज्ञापन
विज्ञापन

सीआरपीएफ व बीएसएफ का 'रेजिंग डे' भी दिल्ली से बाहर

अधिकांश केंद्रीय बलों के रेजिंग डे, दिल्ली-एनसीआर में ही आयोजित हो रहे थे। आईटीबीपी सहित एक दो बलों का स्थापना दिवस पहले भी दिल्ली से बाहर आयोजित हुआ था। देश के सबसे बड़े केंद्रीय अर्धसैनिक बल 'सीआरपीएफ' का रेजिंग डे इस बार जम्मू में आयोजित किया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने परेड की सलामी ली। बीएसएफ का स्थापना दिवस, पहली बार जैसलमेर में आयोजित किया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का कहना था कि भारत सरकार ने अब ऐसे कार्यक्रम देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित करने का निर्णय लिया है। इन बलों की वार्षिक परेड, देश के अलग-अलग हिस्सों में आयोजित होगी। इसके पीछे यह मकसद है कि देश और सीमाओं की सुरक्षा में लगे केंद्रीय बलों एवं राष्ट्र की जनता के बीच आत्मीयता का संबंध स्थापित हो। विभिन्न राज्यों के गृह मंत्रियों, गृह सचिव, डीजीपी व सीएपीएफ प्रमुखों का सम्मेलन 'चिंतन शिविर' हरियाणा के सूरजकुंड में आयोजित किया गया है।  

गुजरात को मिला इन आयोजनों की मेजबानी का मौका

कानून मंत्रियों और कानून सचिवों का अखिल भारतीय सम्मेलन, गुजरात में आयोजित किया गया। पीएम मोदी ने इस सम्मेलन को संबोधित किया था। मार्च 2021 में प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के केवाडिया में सैन्य कमांडरों की तीन दिवसीय कांफ्रेंस को संबोधित किया था। केंद्रीय गृह मंत्री ने इसी सप्ताह गुजरात की राजधानी गांधीनगर में क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर अहम बैठक की है। इसमें गोवा, गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्यप्रदेश, दादरा नगर हवेली, दमण व दीव के सीएम, डिप्टी सीएम व प्रशासकों को बुलावा भेजा गया था।

इस मौके पर 632 करोड़ रुपये की ड्रग्स नष्ट की गई। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने देश की आजादी के 75वें वर्ष के मौके पर 75 दिनों में 75,000 किलोग्राम जब्त मादक पदार्थों को नष्ट करने का लक्ष्य रखा था। हालांकि, एनसीबी 30 जुलाई के बाद से अब तक एक लाख किग्रा से अधिक नशीले पदार्थ नष्ट कर चुकी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 30 जुलाई को चंडीगढ़ में 31000 किलोग्राम से अधिक नशीले पदार्थ नष्ट कर इस मिशन की शुरुआत की थी। इसके बाद अमित शाह की उपस्थिति में गुवाहाटी में 40,000 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट किए गए।

जब गुजरात पहुंचे 50 देशों के राजदूत एवं उच्चायुक्त

अक्तूबर के पहले सप्ताह में 50 देशों के राजदूत एवं उच्चायुक्त गुजरात पहुंचे थे। उन्होंने वहां पर नवरात्रि कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ ये राजदूत वडोदरा पहुंचे थे। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'नवरात्रि का अनुभव लेने के लिए वडोदरा पहुंचे राजदूतों और उच्चायुक्तों को देखकर बहुत अच्छा लगा। कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए (मैं) बहुत उत्साहित हूं। भारत में अफगानिस्तान के राजदूत फरीद मामुन्दजई ने कहा, आज हम गुजरात आए और गरबा महोत्व में हिस्सा लिया। आप लोगों ने बहुत ज्यादा मोहब्बत दी है। मैं अफगानिस्तान की तरफ से सारे गुजरातियों को धन्यवाद कहूंगा कि उन्होंने हमें मान, सम्मान और मोहब्बत दी। अक्तूबर में ही संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने मुंबई व गुजरात का दौरा किया था। वे गुजरात में प्रथम पूर्ण सौर ऊर्जा संचालित गांव, मोढेरा में भी पहुंचे। हिंदी दिवस, 2022 एवं अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन 14-15 सितंबर को सूरत (गुजरात) में आयोजित किया गया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने इस सम्मेलन को संबोधित किया।

राष्ट्रीय महापौर सम्मेलन का आयोजन गुजरात में

सितंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात की राजधानी गांधीनगर में दो दिवसीय राष्ट्रीय महापौर सम्मेलन का ऑनलाइन उद्घाटन किया था। देश भर में भाजपा शासित शहरी स्थानीय निकायों के 121 महापौर और उप महापौर इस सम्मेलन में पहुंचे थे। यह सम्मेलन भाजपा के सुशासन प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित किया गया था। गुजरात के एकता नगर में पर्यावरण मंत्रियों का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 जुलाई को गांधीनगर के निकट देश के पहले अंतरराष्ट्रीय बुलियन एक्सचेंज को लॉन्च किया था। पीएम मोदी ने कहा था, बात जब तकनीक की हो, बात साइंस और सॉफ्टवेयर की हो, तो भारत के पास बढ़त भी है और अनुभव भी है। आज रीयल टाइम डिजिटल पेमेंट में पूरी दुनिया में 40 फीसदी हिस्सेदारी अकेले भारत की है। जीआईएफटी सिटी के जरिए भारत, विश्व स्तर पर सर्विस सेक्टर में मजबूत दावेदारी के साथ आगे बढ़ रहा है। भारत अब अमेरिका, ब्रिटेन और और सिंगापुर जैसे दुनिया के उन देशों की कतार में खड़ा हो रहा है, जहां से ग्लोबल फाइनेंस को दिशा दी जाती है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed