Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Jensen Huang Honey Trap: Inside China's Secret Spy Agency MSS Know How It Operates

जेनसन हुआंग हनी ट्रैप: कैसे काम करती है चीन की खुफिया एजेंसी एमएसएस और कितना बड़ा है इसका जासूसी नेटवर्क?

Wed, 11 Nov 2026 06:52 AM IST
संकल्प प्रकाश सिंह स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: संकल्प प्रकाश सिंह Updated Wed, 11 Nov 2026 06:52 AM IST
सार

एनवीडिया सीईओ जेनसन हुआंग से जुड़े हनी ट्रैप मामले ने चीन की खुफिया एजेंसी एमएसएस को चर्चा में ला दिया है। आइए जानते हैं यह सीक्रेट एजेंसी कैसे काम करती है और इसका जासूसी नेटवर्क कितना बड़ा है।

विज्ञापन
Jensen Huang Honey Trap: Inside China's Secret Spy Agency MSS Know How It Operates
China Spy Agency - फोटो : Amar Ujala

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आज के दौर में जासूसी का मतलब सिर्फ दुश्मन देश की सीमाओं में घुसकर सैन्य ठिकानों की जानकारी जुटाना नहीं रह गया है। अब यह खेल दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों के दफ्तरों और उनके सबसे बड़े अधिकारियों की निजी जिंदगी तक पहुंच चुका है। इसी कड़ी में दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। अमेरिकी खुफिया एजेंसी के खुलासों के मुताबिक जेनसन हुआंग हनी ट्रैप का शिकार बने हैं। 

विज्ञापन


इस पूरे मामले में एलिस हुआंग नाम की एक चीनी नागरिक का जिक्र सामने आया, जो सिंगापुर की डाटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड में पूर्व अधिकारी रह चुकी थीं। आरोप यह है कि उन्होंने जेनसन हुआंग के साथ नजदीकियां बढ़ाई और इसी रिश्ते का इस्तेमाल करके एलिस ने एनवीडिया की संवेदनशील तकनीकी जानकारियां हासिल करने की कोशिश की। अमेरिकी खुफिया मेमो के मुताबिक इस कथित ऑपरेशन के पीछे चीन की खुफिया एजेंसी मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी यानी एमएसएस का हाथ था। इसका उद्देश्य एनवीडिया की एडवांस एआई चिप्स से जुड़ी जानकारी बीजिंग तक पहुंचाना और अमेरिकी तकनीकी प्रतिबंधों को दरकिनार करने में मदद हासिल करना था।
विज्ञापन


मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी यानी एमएसएस चीन की प्रमुख सिविलियन इंटेलिजेंस एजेंसी है। इसका मुख्य काम देश की राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी खुफिया जानकरी जुटाना और विदेशी जासूसी गतिविधियों पर नजर रखना है। एमएसएस को चीन की सबसे ताकतवर खुफिया संस्थाओं में गिना जाता है। इसका नेटवर्क सिर्फ चीन की सीमाओं तक सीमित नहीं है बल्कि दुनिया के अलग-अलग देशों में भी इसकी गतिविधियों को लेकर कई बार सवाल उठ चुके हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


इस एजेंसी का काम केवल दूसरे देशों की सैन्य गतिविधियो पर नजर रखना नहीं है। यह विदेशी सरकारों, बड़ी कंपनियों, रिसर्च संस्थानों और टेक्नोलॉजी सेक्टर से जुड़ी जानकारियों को भी अपने निशाने पर रख सकती है। खासतौर पर एआई, सेमीकंडक्टर, साइबर सिक्योरिटी और एडवांस टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्र इसके लिए बेहद अहम माने जाते हैं।

कब हुई थी एमएसएस की स्थापना?

एमएसएस की स्थापना का आधिकारिक प्रस्ताव 20 जून 1983 को चीन की छठी नेशनल पीपुल्स कांग्रेस के पहले सत्र में पेश किया गया था। यह संस्था चीन की संसद की तरह काम करती है। यह प्रस्ताव चीन के तत्कालीन नेता झाओ जियांग ने रखा था। उनके मुताबिक देश की सुरक्षा मजबूत करने और जासूसी गतिविधियों का मुकाबला करने के लिए एक अलग मंत्रालय का बनाया जाना काफी जरूरी था। इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई और लिंग युन को एमएसएस के पहला मंत्री के रूप में नियुक्त किया गया।

Trending Videos

Jensen Huang Honey Trap: Inside China's Secret Spy Agency MSS Know How It Operates
China Spy Agency - फोटो : Amar Ujala

इसके बाद 1 जुलाई 1983 को एमएसएस की पहली आधिकारिक बैठक हुई। इसमें इस एजेंसी की स्थापना का एलान किया गया। इस बैठक में कम्युनिस्ट पार्टी के सेंट्रल पॉलिटिकल-लीगल कमीशन के अध्यक्ष चेन पिक्सियन ने भाषण दिया। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा मजबूत करना चीन के विकास, राष्ट्रीय एकता और विश्व शांति के लिए जरूरी है। इस तरह एमएसएस को चीन की प्रमुख जासूसी और काउंटर-इंटेलिजेंस एजेंसी के रूप में स्थापित किया गया।

आपको बता दें कि चीन में सर्विलांस और सुरक्षा से जुड़े काम मुख्य रूप से दो एजेंसियां संभालती हैं। पहली एमएसएस और दूसरी मिनिस्ट्री ऑफ पब्लिक सिक्योरिटी यानी एमपीएस। हालांकि, इन दोनों की जिम्मेदारियां अलग-अलग हैं। एमएसएस का मुख्य काम देश के भीतर जासूसी गतिविधियों पर नजर रखना और विदेशों में खुफिया ऑपरेशन चलाना है।

इस एजेंसी की सबसे बड़ी खासियत है इसकी गोपनीयता। इसकी आंतरिक संरचना, कर्मचारियों की संख्या और ऑपरेशन करने के तरीकों के बारे में बहुत ही कम जानकारी सार्वजनिक है। इसकी स्थापना के बाद चीन के अलग-अलग स्थानीय इलाकों में भी एमएसएस के विभाग बनाए जाने लगे। 

एमएसएस का संगठन काफी बड़ा और गोपनीय माना जाता है। उपलब्ध जानकारियों के मुताबिक इसके मुख्यालय बीजिंग में कम से कम चार अलग-अलग परिसरों में फैले हुए हैं, जहां इसके 18 ब्यूरो काम करते हैं। इन ब्यूरो की अपनी अलग-अलग जिम्मेदारियां हैं। हालांकि, इनमें से कई के कामकाज के बारे में आज भी पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं है। बीजिंग के अलावा एमएसएस का नेटवर्क चीन के अलग-अलग प्रांतों और स्थानीय स्तर पर भी फैला हुआ है। इतना ही नहीं विदेशों में भी इसके खुफिया संपर्क और नेटवर्क मौजूद हैं।

एमएसएस की जासूसी करने का एक अहम तरीका दूसरे देशों में रहने वाले चीनी मूल के लोगों के जरिए खुफिया नेटवर्क तैयार करना भी माना जाता है। इसके लिए एजेंसी ऐसे लोगों से संपर्क बनाती है, जिन्हें दूसरे देशों की सरकारों, कंपनियों या महत्वपूर्ण संस्थानों तक पहुंच हासिल होता है। एमएसएस का पहला ब्यूरो इस तरह के नेटवर्क तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

अमेरिका की संस्था सेंटर फॉर स्ट्रैटेजिक स्टडीज के एक सर्वे में साल 2000 के बाद से अमेरिका में सामने आए चीन से जुड़े जासूसी के 160 सार्वजनिक मामलों का अध्ययन किया गया था। इसके आंकड़ों के मुताबिक इन मामलों में 42 प्रतिशत लोग चीनी सेना या सरकारी विभागों से जुड़े थे, जबकि 32 प्रतिशत निजी चीनी नागरिक थे। वहीं 26 प्रतिशत ऐसे लोग थे जो चीनी नागरिक नहीं थे। इनमें अमेरिकी नागरिक भी शामिल थे, जिन्हें कथित तौर पर चीनी अधिकारियों ने अपने संपर्क में लिया था।

इन जासूसी मामलों में 34 प्रतिशत का संबंध सैन्य तकनीक हासिल करने से था, जबकि 51 प्रतिशत मामलों में कमर्शियल टेक्नोलॉजी निशाने पर थी। इसके अलावा 16 प्रतिशत मामलों में अमेरिकी सरकारी विभागों और नेताओं से जुड़ी जानकारी जुटाने की कोशिश हुई। सर्वे में यह भी सामने आया कि 41 प्रतिशत मामलों में साइबर जासूसी शामिल थी। यानी जासूसी का निशाना सिर्फ सेना नहीं, बल्कि टेक्नोलॉजी और आर्थिक क्षेत्र भी थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed