बायजू: मौजूदा वित्त वर्ष में 3500 कर्मचारियों की छंटनी कर सकती है कंपनी, पहले से नोटिस पीरियड पर 1000 लोग
बायजू के प्रवक्ता ने कहा कि हम परिचालन संरचनाओं को सरल बनाने, लागत आधार को कम करने और बेहतर नकदी प्रवाह प्रबंधन के लिए व्यवसाय पुनर्गठन अभ्यास के अंतिम चरण में हैं।
विस्तार
शिक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी बायजू चालू वित्त वर्ष में 3,500 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल सकती है। सूत्रों ने बताया कि ऑनलाइन शिक्षा में अचानक उछाल के कारण बायजू ने कोरोना महामारी के दौरान अधिक भर्तियां की थी। लेकिन, अब मांग कम हो गई है, जिससे कंपनी को बदलाव करने की जरूरत है। साथ ही, वह अपनी टीमों को मजबूत करने और क्षेत्रीय स्तर पर अधिक ध्यान देने पर विचार कर रही है।
एक सूत्र ने बताया, कंपनी विभिन्न इकाइयों में मांग के आधार पर स्थिति का आकलन कर रही है। करीब 1,000 लोग पहले ही नोटिस पीरियड पर काम कर रहे हैं और अन्य 1,000 ने अपने प्रदर्शन सुधार मापदंडों को पूरा नहीं किया है। आकलन अब भी किया जा रहा है। इस पूरी कवायद से 3,000-3,500 कर्मचारी प्रभावित हो सकते हैं। यह बायजू की आखिरी छंटनी होगी व पूरी प्रक्रिया अक्तूबर अंत तक पूरी हो जाएगी।
नए सीईओ कुछ सप्ताह में पूरी करेंगे प्रक्रिया
बायजू के प्रवक्ता ने कहा कि हम परिचालन संरचनाओं को सरल बनाने, लागत आधार को कम करने और बेहतर नकदी प्रवाह प्रबंधन के लिए व्यवसाय पुनर्गठन अभ्यास के अंतिम चरण में हैं। बायजू के भारत के नए सीईओ अर्जुन मोहन अगले कुछ सप्ताह में इस प्रक्रिया को पूरा करेंगे। इसके बाद हम एक नए और टिकाऊ संचालन को आगे बढ़ाएंगे।