बुलंदशहर गैंगरेप: फोरेंसिक टीम से भी सीबीआई कर सकती है पूछताछ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हाईवे पर मां-बेटी से हुए गैंगरेप मामले की जांच कर रही सीबीआई टीम जिले की फोरेंसिक टीम से भी पूछताछ कर सकती है। वारदात के बाद जिले की फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से सबूतों को एकत्र किया था। माना जा रहा है कि सीबीआई टीम उन्हीं सबूतों के संबंध में जवाब-तलब कर सकती है।
गौरतलब है कि 30 जुलाई को सुबह जिले की फोरेंसिक टीम ककोड़ में हुए किसान की हत्या के मामले की जांच को गई थी और घटना स्थल पर दोपहर 12 बजे पहुंची थी। फोरेंसिक टीम के देर से पहुंचने पर भी सवाल खड़े हुए थे। मामला सीबीआई के सुपुर्द होने के बाद फोरेंसिक टीम ने सबूतों को सीबीआई टीम के हवाले कर दिया था।
सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई टीम ने उन सबूतों का और अपने द्वारा घटना स्थल से उठाए गए सबूतों का गहनता से निरीक्षण किया है। माना जा रहा है कि अब सीबीआई टीम उन सबूतों की रिपोर्ट के आधार पर जिला फोरेंसिक टीम से जवाब-तलब करेगी। उनसे पूछताछ के बाद सीबीआई को कुछ अहम सुराग मिल सकते हैं।
सीबीआई के रडार पर नजदीकी गांव
सीबीआई टीम धीरे-धीरे अपनी जांच का दायरा बढ़ा सकती है। सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई टीम गैंगरेप स्थल के आसपास के गांवों को भी अपनी जांच के दायरे में ले सकती है। बता दें कि वारदात के जानकारों का कहना था कि किसी भी लोकल मदद के बिना बदमाश तीन घंटे तक नहीं ठहर सकते। पुलिस ने अपनी जांच में रईस को लोकल कनेक्शन बताकर जेल भेजा था।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, हाईवे गैंगरेप कांड की विवेचना के दौरान विभिन्न कारणों से सस्पेंड हुए दोनों विवेचक सोमवार को अपने बयान दर्ज कराने सीबीआई मुख्यालय पहुंचे। सोमवार देर शाम तक सीबीआई टीम दोनों से पूछताछ करती रही। खबर लिखे जाने तक दोनों मुख्यालय में अपने बयान दर्ज करा रहे थे। बता दें कि 29 जुलाई की रात मां-बेटी से हुए गैंगरेप की जांच सबसे पहले कोतवाली देहात के एसएसआई भंवरपाल सिंह ने की थी।
पांच दिन बाद एसएसपी अनीस अहमद अंसारी ने भंवरपाल सिंह को जांच से हटाकर नगर कोतवाल आरके सिंह को जांच सौंप दी थी। 12 अगस्त की रात वारदातों को छुपाने के आरोप में भंवरपाल सिंह को एसएसपी ने सस्पेंड कर दिया था। इसके बाद 13 अगस्त को नगर कोतवाल आरके सिंह को एक अन्य मामले में सस्पेंड कर दिया था। दोनों पूर्व विवेचक इस समय सस्पेंड चल रहे हैं। दोनों से पूछताछ के बाद सीबीआई टीम को अहम जानकारियां हाथ लग सकती हैं।