West Bengal: बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन पर शोक की लहर, पीएम मोदी बोले- वह राजनीतिक दिग्गज थे
Buddhadeb Bhattacharjee Demise: बंगाल में भाजपा के नेता शुभेंदु अधिकारी ने भी बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के निधन के बारे में जानकर वह बहुत दुखी हैं।
विस्तार
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, "यह सुनकर दुख हुआ कि पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य अब नहीं रहे। अनुभवी नेता गरिमा और सैद्धांतिक राजनीति के प्रतीक थे। पश्चिम बंगाल के लोगों के कल्याण के प्रति समर्पण के लिए उन्हें लंबे समय तक याद किया जाएगा। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पोस्ट में कहा, "पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन के बारे में सुनकर दुखी हूं। वह एक राजनीतिक दिग्गज थे, जिन्होंने प्रतिबद्धता के साथ राज्य की सेवा की। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।"
असम के सीएम ने भी शोक जताया
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा, "पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुखी हूं। एक दिग्गज नेता, विधायक, मंत्री और फिर मुख्यमंत्री के रूप में पांच दशकों से अधिक के उनके व्यापक अनुभव ने एक अमिट छाप छोड़ी है। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना। ओम शांति।"
बंगाल में भाजपा के नेता शुभेंदु अधिकारी ने भी बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "पूर्व मुख्यमंत्री के निधन के बारे में जानकर दुखी हूं। बुद्धदेव भट्टाचार्य अपने स्वर्गीय निवास के लिए प्रस्थान कर गए हैं। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं प्रर्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति मिले। ओम शांति।"
भाजपा नेता सुकांत मजूमदार ने बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन पर पोस्ट किया। उन्होंने कहा, "पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन से बहुत दुखी हूं। इस दुख के समय में उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं ईश्वर से उनकी आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रर्थना करता हूं।"
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा, "पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन से काफी दुखी हूं। एक विधायक, मंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में उनके पांच दशकों से अधिक के कार्यकाल ने एक स्थायी विरासत छोड़ी है। डिप्टी सीएम चाउना मीन ने भी बंगाल के पूर्व सीएम के निधन पर शोक व्यक्त किया।"
बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन से दुखी है ममता बनर्जी
ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट किया। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, "पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के अचानक विधन से हैरान और दुखी हूं। मैं उन्हें पिछले कुछ दशकों से जानती हूं और जब वह बीमार थे, तब उनसे कई बार मिलने भी गई थी। दुख की इस घड़ी में मीरा दी और सुचेतन के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।" उन्होंने सीपीआई(एम) पार्टी के प्रति भी संवेदना व्यक्त की।
Shocked and saddened by the sudden demise of the former Chief Minister Sri Buddhadeb Bhattacharjee. I have been knowing him for last several decades, and visited him a few times when he was ill and effectively confined to home in the last few years.
My very sincere condolences… — Mamata Banerjee (@MamataOfficial) August 8, 2024
बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन पर बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने भी शोक जताया। राजभवन की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया, "राज्यपाल बोस ने बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन पर शोक व्यक्त किया। बोस ने बताया कि बुद्धदेव एक ऐसे नेता थे, जिन्होंने सादे जीवन, उच्च विचार और साहित्य और संस्कृति के प्रति लगाव से जीवन के सभी क्षेत्रों के लोगों का प्यार और सम्मान जीता।"