BSF: डीजी के सेवा विस्तार की अटकलों के बीच विदाई परेड की तैयारी, 31 दिसंबर को 'राष्ट्रपति पदक वितरण समारोह'
BSF: केंद्रीय अर्धसैनिक बलों में जब भी कोई डीजी, रिटायर होता है, तो उसे भव्य परेड के जरिए विदाई देने का रिवाज बना हुआ है। ऐसे आयोजन पर करोड़ों रुपये खर्च होते हैं...
विस्तार
सीमा सुरक्षा बल (BSF) के डीजी पंकज सिंह के सेवा विस्तार को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। उनका कार्यकाल 31 दिसंबर को खत्म हो रहा है। दूसरी ओर, उनकी सेवानिवृत्ति पर छावला कैंप में आयोजित होने वाली विदाई परेड की तैयारियां पूरे जोरों पर हैं। हालांकि इस बार की विदाई परेड के दौरान राष्ट्रपति पदक वितरण समारोह आयोजित होगा। विदाई परेड के इस आयोजन को राष्ट्रपति पदक वितरण समारोह का नाम दिया गया है। समारोह में बल के जवानों और अधिकारियों को पदकों से सम्मानित किया जाएगा। पदक वितरण समारोह और विशेष विदाई भोज की तैयारी के लिए कई एडीजी, दर्जनभर आईजी, डीआईजी एवं दूसरे अधिकारियों सहित भारी संख्या में जवानों की ड्य़ूटी लगाई गई है।
भव्य परेड के जरिए विदाई देने का रिवाज…
केंद्रीय अर्धसैनिक बलों में जब भी कोई डीजी, रिटायर होता है, तो उसे भव्य परेड के जरिए विदाई देने का रिवाज बना हुआ है। ऐसे आयोजन पर करोड़ों रुपये खर्च होते हैं। अधिकांश यूनिट, फ्रंटियर या सेक्टरों से सैंकड़ों अधिकारी और जवान, विदाई समारोह की तैयारी के लिए दिल्ली पहुंचते हैं। कुछ समय पहले सीआरपीएफ के डीजी कुलदीप सिंह की सेवानिवृत्ति पर उन्हें गुरुग्राम स्थित ग्रुप सेंटर में एक भव्य परेड के जरिए विदाई दी गई थी। 2019 में बीएसएफ डीजी रजनीकांत मिश्रा का भव्य विदाई समारोह टल गया था। इसका कारण, रात्रिभोज को लेकर एक विवादास्पद आदेश का सोशल मीडिया में वायरल होना बताया था। वह आदेश कैडर अधिकारियों की तैनाती से जुड़ा था। परंपरा के अनुसार, उस वक्त बीएसएफ महानिदेशक को दी जाने वाली विदाई परेड आयोजित नहीं हो सकी थी।
20 दिसंबर से हो रही समारोह की तैयारी
अधिकारियों का कहना है, मौजूदा डीजी पंकज सिंह के कार्यकाल में बीएसएफ को तकनीकी तौर पर काफी मजबूती मिली है। खासतौर से स्वदेशी तकनीक एवं कम खर्च में सर्विलांस उपकरण, बल को मुहैया कराए जा रहे हैं। उनके कार्यकाल के दौरान कई दूसरे क्षेत्रों में भी बल को तरक्की की राह पर ले जाया गया है। पंकज कुमार सिंह को सेवा विस्तार मिलेगा या नहीं, इस बाबत कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है। हालांकि बीएसएफ के छावला कैम्प में उनकी विदाई पार्टी के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। इस बार डीजी की सेवानिवृत्ति के दिन राष्ट्रपति पदक वितरण समारोह आयोजित किया जा रहा है। 20 दिसंबर से ही अनेक अधिकारी एवं जवान, इस आयोजन को सफल बनाने के लिए जुटे हैं। बीएसएफ के अधिकांश फ्रंटियर से एक-एक दस्ता विदाई परेड में सम्मिलित हो रहा है। इससे पहले 4 दिसंबर को बल के रेजिंग डे पर अमृतसर में परेड आयोजित की गई थी।