कामयाबी: चीनी अरबपतियों से आगे निकले मुकेश अंबानी और गौतम अडानी
- अरबपतियों की सूची में अंबानी 12वें और अडानी 14वें स्थान पर
- सूची में भारतीयों के मुकाबले चीनी अमीरों की संख्या ज्यादा
विस्तार
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और अडानी समूह के संस्थापक एवं चेयरमैन गौतम अडानी ने ग्लोबल वेल्थ रैंकिंग में जैक मा जैसे चीनी अरबपतियों को पीछे छोड़ दिया है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर सूची के मुताबिक, मुकेश अंबानी और अडानी की संपत्ति क्रमश: 84 अरब डॉलर एवं 78 अरब डॉलर बढ़ी है।
मुकेश अंबानी की नेटवर्थ 84 अरब डॉलर
ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स की रिपोर्ट के मुताबिक, मुकेश अंबानी की कुल नेटवर्थ 84 अरब डॉलर यानी 6.13 लाख करोड़ रुपये है। वे दुनिया के 12 वें और एशिया में पहले नंबर के अमीर बिजनेसमैन हैं। गौतम अडाणी की नेटवर्थ 78 अरब डॉलर यानी 5.69 लाख करोड़ रुपये है। कुछ दिन पहले दोनों के बीच में यह अंतर 75 हजार करोड़ रुपये का था। यानी इस दौरान अडाणी की नेटवर्थ में तेज बढ़ोत्तरी हुई है।
अडाणी की कंपनियों के शेयर बढ़े
पिछले 15 दिनों में अडाणी की लिस्टेड 6 कंपनियों के शेयरों में तेज बढ़त देखी गई है। अडाणी ट्रांसमिशन का शेयर 20 फीसदी से ज्यादा बढ़ा तो अडाणी टोटल गैस 35 फीसदी बढ़ गया। इसी तरह अडाणी पावर पिछले 3 दिनों में 45 फीसदी से ज्यादा बढ़ गया है। अडाणी इंटरप्राइजेज और अडाणी पोर्ट के भी शेयरों में जबरदस्त उछाल देखा गया है। यही कारण है कि अडाणी की नेटवर्थ बढ़ गई है। हालांकि पिछले हफ्ते अचानक दो दिनों में रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर भी 10 फीसदी बढ़ गया था। यह अब 2100 रुपये के ऊपर कारोबार कर रहा है।
अन्य चीनी कारोबारियों में टेंसेंट के संस्थापक एवं सीईओ मा ह्यूएटेन 21वें और अलीबाबा के जैक मा 27वें स्थान पर हैं। सूची में जो भी मुकेश अंबानी से आगे हैं, वे सभी अमेरिका के कारोबारी हैं। विप्रो के अजीम प्रेम जी 43वें और एचसीएल के संस्थापक शिव नाडर 70वें स्थान पर हैं। सूची में भारतीयों के मुकाबले चीन के अमीरों की संख्या ज्यादा है।
190 अरब डॉलर के साथ बेजोफ शीर्ष पर
इस सूची में अमेजन के जेफ बेजोस 190 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ शीर्ष पर हैं। फ्रेंच नागरिक बर्नार्ड अरनॉल्ट दूसरे, टेस्ला के एलन मस्क तीसरे, बिल गेट्स चौथे और फेसबुक के सीईओ मार्क जकरबर्ग पांचवें स्थान पर हैं। वहीं, दुनिया की सबसे अमीर महिला फ्रेंकोइस बेटेनकॉर्ट 10वें स्थान पर हैं।