फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   BL Santosh PM Modi China India Relations Pune bar rules news updates in hindi

Updates: फ्रांस के सीनेटरों ने सोनिया गांधी से की मुलाकात, इन मुद्दों पर चर्चा; जापानी राजदूत से मिले जयशंकर

Tue, 20 Feb 2024 06:12 AM IST
जलज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: जलज मिश्रा Updated Tue, 20 Feb 2024 06:12 AM IST
विज्ञापन
BL Santosh PM Modi China India Relations Pune bar rules news updates in hindi
National News - फोटो : Social Media
फ्रांस सीनेटरों का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को 10 जनपथ पहुंचा। 10 जनपथ सोनिया गांधी का आधिकारिक आवास है। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। उन्होंने संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया। मुलाकात करने वाले फ्रांसीसी प्रतिनिधिमंडल में सीनेट अध्यक्ष भी शामिल थे। सोनिया गांधी के अलावा, सीनेटरों ने कांग्रेस कोषाध्यक्ष अजय माकन और अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से भी मुलाकात की। मुलाकात के बाद, कांग्रेस ने कहा कि यह बैठक फ्रांस और भारत के बीच आपसी समझ को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जो लोकतंत्र के सिद्धांतों के प्रति गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
विज्ञापन

 

 

भारत-जापान साझेदारी पर जयशंकर ने जापानी राजदूत के साथ चर्चा की
विदेश मंत्री एस जयशंकर और भारत में जापान के राजदूत हिरोशी सुजुकी ने सोमवार को दोनों देशों के बीच साझेदारी पर चर्चा की। जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, जापान के राजदूत हिरोशी सुजुकी का स्वागत करके खुशी हुई। भारत-जापान साझेदारी पर अच्छी बातचीत हुई। इस महीने के पहले हफ्ते में विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने जापान की राजधानी टोक्यो में जापानी उप मंत्रियों शिन होसाका और कियोशी सेरिजावा के साथ चर्चा की थी। होसाका जापान के अर्थव्यवस्था, व्यापार और उद्योग मंत्रालय के अंतरराष्ट्रीय मामलों के उप मंत्री हैं, और कियोशी सेरिजावा रक्षा मंत्रालय के अंतरराष्ट्रीय मामलों के उप मंत्री हैं।

 

सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के अधिकारियों ने सोमवार को नेशनल काउंसिल फॉर ट्रांसजेंडर पर्सन्स के सदस्यों के साथ एक बैठक की। बैठक के बाद मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिए यूनिसेक्स शौचालयों के निर्माण, आश्रय घरों की स्थापना और आयुष्मान कार्ड वितरित करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। मंत्रालय ने इन मुद्दों के समाधान के लिए अपनी प्रतिबद्धता पर जाहिर की है।

 

पुणे में 1.30 बजे तक बार बंद करने के निर्देश
पुणे पुलिस ने बार और परमिट रूम को कानून का पालन करते हुए 1.30 बजे तक अपने प्रतिष्ठान बंद करने के लिए कहा है। आदेश सीआरपीसी की धारा 144 के तहत बार जारी किया गया है। पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने कहा कि मेरे संज्ञान में आया है कि कुछ ग्राहक अव्यवस्थित व्यवहार कर रहे हैं। इस तरह के हंगामें से महिलाओं को परेशानी हो रही है। इन्हीं घटनाओं पर रोक लगाने के लिए आदेश जारी किए गए हैं।

पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत बदल गया है: बीजेपी नेता बीएल संतोष
भाजपा नेता बीएल संतोष ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुशासन के कारण भारत बदल गया है। यह आगे भी जारी रहेगा क्योंकि अब आम लोगों ने इसकी जिम्मेदारी ले ली है। संतोष ने विदेशी गणमान्य व्यक्तियों को ताज महल ले जाने के लिए कांग्रेस सरकार की आलोचना की। लेकिन आज विभिन्न देशों के प्रतिनिधि गंगा आरती और भारत की संस्कृति और विरासत देखने के लिए वाराणसी आते हैं। हमारा देश बदल गया है। 

आभूषण चुराने के आरोप में दो लोग बिहार से पकड़े गए
पुलिस ने बताया कि मुंबई में एक परिवार में नौकर का काम करने वाले दो लोगों को बिहार से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर आरोपी 2.46 करोड़ का आभूषण चुराकर भाग गए थे। आरोपियों की पहचान नीरज उर्फ राजा यादव (19) और राजू उर्फ शत्रुधन कुमार (19) के रूप में हुई है।

मिजोरम जल्द ही प्रमुख संस्थागत ऋण कार्यक्रम शुरू करेगा: राज्यपाल
मिजोरम के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति ने कहा कि सरकार जल्द ही एक प्रमुख कार्यक्रम शुरू करेगी, जिसका उद्देश्य कृषि उद्देश्यों और छोटे उद्योगों के लिए संस्थागत ऋण उपलब्ध कराना है। बजट सत्र के पहले दिन विधानसभा को संबोधित करते हुए कंभमपति ने कहा कि बाना कैह एक अभिनव नीति है। आजीविका के प्रमुख साधन, जैसे- बागवानी, मत्स्य पालन, पशु चिकित्सा और पशुपालन और रेशम उत्पादन गतिविधियों पर भी नए सिरे से ध्यान दिया जाएगा।

गुजरात के मुख्यमंत्री ने 'अहमदाबाद सिटी पुलिस स्पोर्ट्स मीट' का उद्घाटन किया
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोमवार को अहमदाबाद में पुलिस कर्मियों के लिए एक खेल आयोजन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया के दृष्टिकोण में खेल के मैदानों की केंद्रीय भूमिका है। उन्होंने बच्चों के मोबाइल फोन पर अधिक समय बिताने की प्रवृत्ति पर अफसोस जताया। पटेल ने कहा कि पीएम मोदी ने 2047 तक भारत को एक विकसित देश बनाने का संकल्प लिया है। इसे साकार करने के लिए उन्होंने हमें फिट इंडिया का मंत्र दिया है। ताकि हर कोई स्वस्थ रहे। 

ग्रीस के विदेश मंत्री भारत दौरे पर पहुंचे

ग्रीस के विदेश मंत्री जियोर्गोस गेरापेत्रिटिस नई दिल्ली पहुंचे। गेरापेत्रिटिस रायसीना डायलॉग्स में शामिल होंगे।
 

पूर्वोत्तर के विकास पर केंद्र की खास नजर
अनुराग केंद्रीय सूचना मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार विकास कार्यक्रमों में पूर्वोत्तर पर खास ध्यान दे रही है। राष्ट्र के लिए ये क्षेत्र काफी अहमियत रखता है। उन्होंने दूरदर्शन असम की पुनर्गठित क्षेत्रीय समाचार इकाई के उद्घाटन के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा, जब हम अष्ट लक्ष्मी के बारे में बात करते हैं तो हमारा आशय आठ पूर्वोत्तर राज्यों से होता है। ये राज्य मोदी सरकार के लिए बहुत ज्यादा मायने रखते हैं। केंद्र ने पिछली यूपीए सरकार की लुक ईस्ट पॉलिसी की जगह एक्ट ईस्ट पॉलिसी शुरू की है। उन्होंने दावा किया, यूपीए सरकार ने अपने 10 साल के कार्यकाल में इसकी अनदेखी की थी।

लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने संभाला सेना उपप्रमुख का पद
लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने सोमवार को लेफ्टिनेंट जनरल एमवी सुचिंद्र कुमार की जगह सेना के उपप्रमुख का पदभार ग्रहण कर लिया। इससे पहले वह उत्तरी सेना कमांडर के रूप में कार्यरत थे। वहीं, लेफ्टिनेंट जनरल सुचिंद्र कुमार को उधमपुर स्थित उत्तरी कमान का जनरल-ऑफिसर-कमांडिंग नियुक्त किया गया है। 31 मई को मौजूदा जनरल मनोज पांडे के सेवानिवृत्त होने पर लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी सेना प्रमुख बनने की दौड़ में सबसे आगे हैं। एजेंसी
 

नाबालिग लड़की अपहरण मामले की जांच सीबीआई को
पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले से एक नाबालिग लड़की के कथित अपहरण की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दी गई है। मामले में सत्तारूढ़ दल के नेताओं व पदाधिकारियों की भूमिका संदेह के घेरे में है। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि कलकत्ता हाईकोर्ट के निर्देश पर एजेंसी मामले में कार्रवाई कर रही है। 14 वर्षीय लड़की के माता-पिता ने एक याचिका में आरोप लगाया था कि उनकी बेटी नौ अगस्त, 2023 को शाम छह बजे पढ़ाई करने के लिए घर से निकली थी लेकिन वापस नहीं आई।
माता-पिता ने कहा कि स्थानीय पुलिस जांच करने में आनाकानी कर रही थी, लेकिन काफी आग्रह के बाद उसने मामला दर्ज कर लिया पर इस मामले में ज्यादा प्रगति नहीं हुई है। उन्होंने बीते वर्ष 17 अगस्त को राज्य के अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

 

कर्नाटक : प्रसिद्ध कवि व कन्नड़ उपन्यासकार गत्ती का निधन
प्रसिद्ध कवि, कन्नड़ उपन्यासकार और नाटककार कूडलू थिमप्पा गत्ती का सोमवार को यहां उनके आवास पर निधन हो गया। वह 85 वर्ष के थे। साहित्य अकादमी और राज्योत्सव पुरस्कारों के विजेता गत्ती केरल के कासरगोड जिले के कूडलू के निवासी थे। उनके 50 से अधिक उपन्यास और निबंध, दो कविताएं और 50 से अधिक नाटक प्रकाशित हुए हैं। उनमें से बच्चों के लिए लिखे गए लगभग 30 नाटकों का विभिन्न भाषाओं में अनुवाद भी हुआ है।

 

ओडिशा में कांग्रेस विधायक को मिली जान से मारने की धमकी
ओडिशा में कांग्रेस विधायक संतोष सिंह सलूजा को जान से मारने की धमकी मिली है। आरोपियों ने बोलांगिर जिले के कांटाबांजी शहर में धमकी भरे पोस्टर और बैनर लगाए हैं। पुलिस ने सोमवार को कहा, पोस्टर जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कांग्रेस नेता ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।

 

ईडी के समक्ष फिर पेश नहीं हुईं महुआ मोइत्रा, मिला नया समन
तृणमूल कांग्रेस नेता महुआ मोइत्रा सोमवार को फेमा उल्लंघन मामले में पूछताछ के लिए ईडी के समक्ष पेश नहीं हुईं। प्रवर्तन निदेशालय ने विदेशी मुद्रा से जुड़ी अनियमितताओं को लेकर उन्हें 19 फरवरी को पेश होने के लिए समन जारी किया था। समन में उन्हें कुछ विदेशी निवेशों से संबंधित दस्तावेज के साथ दिल्ली स्थित एजेंसी के मुख्यालय में उपस्थित होने को कहा गया था। ईडी ने एक बार फिर महुआ को दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के लिए समन भेजा है। 

 

हथियारों की लूट की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश
मणिपुर सरकार ने 13 फरवरी को इंफाल पूर्व जिले के चिंगारेल में इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी) शिविर से हथियारों की लूट से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए मजिस्ट्रेटी जांच का आदेश दिया है। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि इंफाल पूर्व की जिला मजिस्ट्रेट खुमनथेम डायना को घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच प्राधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed