कांग्रेस के बागी विधायक ने थामा भाजपा का दामन, नाराज 27 नेताओं ने दिया इस्तीफा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रूधौली से कांग्रेस के बागी विधायक संजय प्रताप जायसवाल के भाजपा की सदस्यता ग्रहण करते ही पार्टी में भूचाल आ गया। पार्टी का एक धड़े ने यह कहते हुए बगावत का बिगुल बजा दिया कि जमीनी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करके नेताओं को आयातित किया जाना उनके साथ धोखा है।
जायसवाल को भाजपा में शामिल करने के विरोध में पार्टी के कार्यक्रम से अलग रहते हुए भाजयुमो जिलाध्यक्ष सत्येंद्र शुक्ल जिप्पी समेत 27 अन्य नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इसके अलावा ‘बेटी के सम्मान में, भाजपा मैदान में’ कार्यक्रम के तहत बस्ती आए गोरखपुर सदर विधायक डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल का युवा मोर्चा के नेताओं ने घेराव कर विरोध जताया।
संजय प्रताप जायसवाल को पार्टी में शामिल किए जाने से सबसे ज्यादा खफा भाजयुमो जिलाध्यक्ष सत्येंद्र शुक्ल जिप्पी आरएमडी अग्रवाल की कार के आगे जा खड़े हुए। शुक्ल का यह बरताव दूसरे कुछ नेताओं को नागवार लगा। जिस पर तीखी नोकझोंक होने लगी। माहौल देख कुछ पल के लिए अग्रवाल भी विचलित हुए। हालांकि बाद में उन्हें जाने दिया। बाद में नेताओं ने जमकर पार्टी नेतृत्व पर भड़ास निकाली।
सांसद ने पल्ला झाड़ा, इन लोगों ने दिया इस्तीफा
सांसद हरीश द्विवेदी का कहना है कि संजय प्रताप जायसवाल को पार्टी में शामिल करने के संबंध में पार्टी के किसी नेता से बात नहीं हुई है। कोई विचार-विमर्श भी नहीं किया गया। वैसे यह पार्टी का निर्णय है, जिसे सबको मानना पड़ेगा। जहां तक त्यागपत्र की बात है, इसकी जानकारी से सांसद से अनभिज्ञता जताई।
पूर्व जिलाध्यक्ष यशकांत सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष सत्येंद्र शुक्ल जिप्पी, कृपाशंकर श्रीवास्तव, राजेश सिंह, नितेश शर्मा रवि, धर्मेंद्र जायसवाल, राकेश उपाध्याय, राम नेवास गिरि आदि शामिल हैं। विरोध करते हुए मंगलवार को रुधौली विधान सभा का 35 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल लखनऊ प्रदेश कार्यालय पहुंचा था। जिसमें प्रमुख रूप से यशकांत सिंह, रवि सिंह, विजय पांडेय, राम उग्रह जायसवाल, रामफेर चौधरी, कृपा शंकर श्रीवास्तव सहित रुधौली विधान सभा के सभी प्रमुख पदाधिकारी कार्यकर्ता थे।