मौर्या की दो टूक, यूपी में नहीं करेंगे रालोद से गठबंधन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी राज्य के विधान सभा चुनाव में किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करने जा रही है। भाजपा राज्य में किसी से भी गठबंधन करने की बजाय अपने दम पर चुनाव लड़ेगी और दो तिहाई बहुमत के साथ राज्य में सरकार बनाएगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने रविवार को यह बयान उस वक्त दिया है जब भाजपा की यूपी में अजित सिंह की पार्टी रालोद के साथ गठबंधन की खबरें तेजी से उभर कर सामने आ रही हैं। मौर्य यूपी में चुनाव को लेकर रणनीति तैयार करने के लिए पार्टी के आला नेताओं से मुलाकात करने यहां आए थे। माना यही जा रहा था कि इस मुलाकात का एक बड़ा एजेंडा रालोद के साथ गठबंधन हो सकता है, लेकिन मौर्य के बयान ने गठबंधन को लेकर स्थिति को पेचीदा बना दिया है।
मौर्य ने यहां तक कहा कि उनकी पार्टी राज्य में किसी के साथ गठबंधन नहीं करेगी बल्कि किसी भी दल को उनके साथ जुड़ना है तो पार्टी चुनाव चिन्ह कमल के तले आकर चुनाव लड़ सकते हैं।
'अकेले दम पर सरकार बनाएगी बीजेपी'
मौर्य ने यह भी कहा कि जिस तरह लोकसभा में पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में 80 में से 73 सीटें हासिल कीं। उसी तरह राज्य में भाजपा 265 सीटें हासिल कर अकेले दम पर सरकार बनाएगी।
कुछ समय से रालोद के साथ भाजपा के गठबंधन की खबरें तेजी से सामने आ रही थीं। कहा यह भी जा रहा था कि गठबंधन की एक शर्त अजित सिंह को राज्य सभा में भेजना है, लेकिन इस शर्त पर बात नहीं बनी।
हालांकि मौर्य ने यह भी साफ किया कि विधान सभा चुनाव में पार्टी का एजेंडा राम मंदिर नहीं बल्कि मोदी सरकार की ओर से किए गए विकार्स कार्य और समाजवादी पार्टी सरकार के कुशासन के साथ राज्य में बदतर कानून व्यवस्था होगी। मौर्य ने आशा व्यक्त की कि राम मंदिर पर उच्च न्यायालय का फैसला जल्द और मंदिर के निर्माण का रास्ता साफ होगा।