नोटबंदी के बाद सरकार का अगला कदम, सभी को मिलेगा अपना मकान : सुरेश प्रभु
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोटबंदी के फैसले को अच्छा बताते हुए रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने एक बार फिर लोगों को अच्छे दिन का लोभ दिया और कालेधन वालों को डरा भी गए। उन्होंने कहा कि नकली नोट का कारोबार प्रभावित हुआ है। आतंकवाद को भी गहरी चोट लगी है। किसी भी राजनीतिक पार्टी में इस फैसले को लेने की ताकत नहीं थी लेकिन नरेंद्र मोदी के फैसले से कालाधन रखने वाले उजागर हो रहे हैं। आगे बहुत सा काम करना है।
मनोहर भूषण इंटर कॉलेज के मैदान में भाजपा की परिवर्तन यात्रा के मंच पर रेल मंत्री सुरेश प्रभाकर प्रभु ने मोदी सरकार की योजनाओं का बखान किया। नोटबंदी को सरकार का बड़ा फैसला बताते हुए कहा कि महंगाई की वजह से लोगों का घर खरीदना मुश्किल था। कुछ लोगों ने मकान की कीमत आसमान तक पहुंचा दी थी।
लोगों को थैला भरकर कैश ले जाना पड़ता था, लेकिन अब अच्छे दिन की शुरुआत होगी। सभी लोगों को अपना मकान मिलेगा। अपने दस मिनट के भाषण में उन्होंने कहा कि दाम बढ़ाने के लिए लोग गोदाम में माल रखते हैं ताकि कमी पड़े और महंगाई हो। मोदी ने इसे नोटबंदी से खत्म किया है। यही नहीं, पाकिस्तान को 'सौ सुनार की एक लोहार की' वाला जवाब मिला है।
मोदी के आने से देश की ताकत बढ़ी है
प्रभु ने कहा कि मोदी के आने से देश की ताकत बढ़ी है। पहले भारतीयों को कभी सम्मान नहीं मिला। आज पासपोर्ट देखकर चाय के लिए पूछते हैं। लोग मोदी को प्रणाम करते हैं, लेकिन यह सम्मान उनका नहीं पूरे देश का है। देश की पहचान बढ़ रही है।
मंच पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री संतोष गंगवार, सांसद धर्मेंद्र कश्यप, कैंट विधायक राजेश अग्रवाल, शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. दिनेश जौहरी, जिलाध्यक्ष रविंद्र राठौर, महानगर अध्यक्ष उमेश कठेरिया, पूर्व विधायक छत्रपाल सिंह, पुष्पेंदु शर्मा, डॉ. श्याम विहारी, इंदू सेठी, पार्षद दल नेता विकास शर्मा, रैली संयोजक देवेंद्र सिंह, गुलशन आनंद, अरुण जेटली, आलोक सिसौदिया, प्रत्येश पांडेय आदि मौजूद रहे।
यूपी के युवाओं को नहीं जाने देंगे बाहर
रेलमंत्री ने कहा कि 65 सालों में कांग्रेस और उसे समर्थन देने वाली पार्टियों ने जो नहीं किया उसे मात्र ढाई साल में मोदी ने कर दिखाया। यूपीए सरकार ने पिछले दस सालों में जितना निवेश किया है, उससे दो सौ फीसदी निवेश दो साल में किया गया है। अगर यूपी से सांसद न मिलते तो इतनी मजबूती नहीं मिलती।
उन्होंने कहा कि यूपी में लोगों को नौकरी के लिए बाहर जाना पड़ता है। मजदूरों को पूरी तनख्वाह नहीं मिलती। उनसे अंगूठा लगाकर कम पैसा दिया जाता है। ऐसे लोगों के लिए मोदी सरकार योजना बना रही है। स्किल प्रोग्राम के जरिए हम ट्रेनिंग दे रहे हैं ताकि युवाओं को बाहर न जाना पड़े।