जेपी नड्डा बोले - ममता को न मां की चिंता और न माटी से प्यार, पीएम मोदी के दिल में बसा बंगाल
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव में अपनी जीत सुनिश्चित करने को लेकर राजनीतिक पार्टियां जी जान से लगी हुई हैं। वहीं बंगाल का किला फतह करने को भारतीय जनता पार्टी ने भी अपनी कमर कस ली है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मंगलवार को पश्चिम बंगाल दौर पर है, जहां एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला। नड्डा ने कहा कि ममता बनर्जी को न मां की चिंता है और न ही माटी से प्यार है, उनको केवल तानाशाही से मतलब है। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल में बंंगाल बसा है।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा मंगलवार को 'परिवर्तन यात्रा' की शुरुआत करने पश्चिम बंगाल के बीरभूमि पहुंचे। इस दौरान उन्होंने तारापीठ मंदिर में पूजा अर्चना की। इसके बाद जब जनता को संबोधित करने के लिए जेपी नड्डा स्टेज पर पहुंचे, तो उनके साथ एक घटना घटी। भाषण देने के लिए जैसे ही उन्होंने माइक पर बोलना शुरू किया उनका माइक बंद हो गया। इसके बाद नड्डा ने स्टेज पर मौजूद दूसरे माइक को इस्तेमाल करना शुरू किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि मंच बदल सकता है, इरादे नहीं बदलते। चाहे कितनी भी साजिशेंं रचीं जाएं, लेकिन संदेश स्पष्ट है कि हम रुक नहीं सकते। जेपी नड्डा ने कहा कि प्रदेश में अब परिवर्तन की जरूरत है, जो होकर ही रहेगा।
बंगाल की संस्कृति खतरे में
जेपी नड्डा ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ हम ममता जी को और दूसरी तरफ बंगाल को देख रहे हैं। आज उनके नेतृत्व में बंगाल की संस्कृति भी खतरे में पड़ गई है। उन्होंने कहा कि जो बंगाल संस्कृति, विकास, देश दृष्टि और दिशा देने के लिए जाना जाता था, ऐसे बंगाल के विकास को रोकने का काम, भाई को भाई से लड़ाने का काम, बंगाल में भ्रष्टाचार फैलाने का काम, ममता सरकार ने किया है।
भाजपा जनता को साथ लेकर करेगी असली परिवर्तन
नड्डा ने कहा कि बंगाल के जागरूक लोग राज्य में परिवर्तन चाहते हैं। यह परिवर्तन यात्रा बंगाल को लोगों को जागरूक करेगी और राज्य में वास्तविक परिवर्तन आएगा।उन्होंने कहा कि भाजपा की परिवर्तन यात्रा बंगाल के घर-घर जाएगी, इलाके का दौरा करेगे, बंगाल की जनता को जागरूक करेगी और जनता को साथ लेकर बंगाल का असली परिवर्तन करेगी। हम लोग बंगाल में भाजपा की परिवर्तन यात्राओं की शुरुआत करेंगे। ये यात्राएं हम सभी को विकास की ओर ले जाने के लिए प्रेरित करते हुए जनता को जोड़ने का काम करेगी।
उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन यात्रा असल में पश्चिम बंगाल में परिवर्तन करने के लिए निकली है। यह परिवर्तन यात्रा बंगाल में ममता बनर्जी ने जिस तरह से राज चलाया है उस राज के खिलाफ परिवर्तन लाने के लिए है। बंगाल परिवर्तन चाहता है। ममता दीदी ने मां माटी मानुष की बात करती हैं लेकिन उन्होंने इसके लिए कुछ नहीं किया है।
पूछा, ममता जी आपको इतना दर्द क्यों?
नड्डा ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंंद्र मोदी के दिल में बंगाल बसा है। ममता जी आपको इतना दर्द क्यों होता है? उन्होंने कहा कि 2021 के बजट में मोदी जी ने कोलकाता से सिलिगुड़ी तक के 675 किमी हाईवे के लिए 25,000 करोड़ रुपये देना तय किया है।नड्डा ने कहा कि ममता बनर्जी को न मां की चिंता है, न माटी से प्यार है और न ही मानुष की चिंता है।उनको केवल तानाशाही से मतलब है।
तारापीठ से शुरू की परिवर्तन यात्रा
रैली को संबोधित करने के बाद नड्डा ने तारापीठ से परिवतर्न यात्रा का आगाज किया। राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी यह यात्रा निकाल रही है।
West Bengal: BJP President JP Nadda flags off 'Parivartan Yatra' from Tarapith in Birbhum, ahead of impending state assembly elections pic.twitter.com/WzPPDiLbTG
— ANI (@ANI) February 9, 2021
बंगाल में तानाशाही
नड्डा ने कहा कि बंगाल में तानाशाही है। ममता जी विपक्ष को दबाना चाहती हैं। उनके शासन में हमारे 130 कार्यकर्ता शहीद हो गए हैं। यह किस तरह की कानून-व्यवस्था की स्थिति है? महिला सुरक्षा, मानव तस्करी और एसिड अटैक के मामले सबसे अधिक बंगाल में दर्ज किए गए हैं।