पंजाब में सियासी संग्राम: भाजपा ने गांधी परिवार पर साधा निशाना, जावड़ेकर बोले- सिद्धू पर लगे आरोप गंभीर, सोनिया-राहुल गांधी चुप क्यों?
पंजाब कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी घमासान पर भाजपा ने निशाना साधा है। भाजपा नेता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि कैप्टन अमिरंदर सिंह ने नवजोत सिंह सिद्ध पर जो आरोप लगाए हैं वह बेहद गंभीर हैं। इन आरोपों पर गांधी परिवार अपना मंशा क्यों नहीं साफ कर रहा यह समझ से परे है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी खींचतान के बीच भाजपा ने निशाना साधा है। भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि कैप्टन ने नवजोत सिंह सिद्ध पर जो आरोप लगाए हैं वह बेहद गंभीर और चौंकाने वाले हैं। सिद्धू पर लगे आरोप पर आखिर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी चुप क्यों हैं। गांधी परिवार को सामने आकर कैप्टन को जवाब देना चाहिए।
बता दें कि अमरिंदर सिंह ने शनिवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के कुछ देर बाद नवजोत सिंह सिद्धू पर गंभीर आरोप लगाए। अमरिंदर सिंह ने कहा, मैं पहले दिन से यह कह रहा हूं कि उन्हें पाकिस्तान से मदद मिल रही है। वह देशविरोधी हैं। सबसे पहले, वह पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के दोस्त हैं, और वह उनके शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए गए, जबकि मुख्यमंत्री के रूप में मैंने उन्हें नहीं जाने का अनुरोध किया था, लेकिन वह फिर भी चले गए। कैप्टन अमिरंदर सिंह ने कहा कि वह अपने फायदे के लिए पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल बाजवा को भी गले लगाए थे।
कपिल सिब्बल ने भी उठाए सवाल
इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने भी कांग्रेस की रणनीति पर इशारों-इशारों में निशाना साधा। पार्टी के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने ट्वीट करते हुए कहा कि सेनापति बदले जा रहे हैं- उत्तराखंड, गुजरात, पंजाब... पुरानी कहावत है- सही समय पर उठाया गया छोटा कदम भविष्य की बड़ी समस्याओं से बचाता है लेकिन क्या यह होगा?
Changing Guard
— Kapil Sibal (@KapilSibal) September 19, 2021
Uttarakhand , Gujarat , Punjab
Age old saying :
A stitch in time saves nine
Will it ?
राहुल- प्रियंका की नजर में सिद्धू सबको साथ लेकर चलने वाले नेता
सूत्रों की मानें तो कांग्रेस आलाकमान 2022 में सिद्धू को मुख्यमंत्री के तौर पर प्रोजेक्ट करने का विचार कर रहा है। कांग्रेस सिद्धू के चेहरे पर अगामी विधानसभा चुनाव लड़ना चाहती है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की नजर में सिद्धू एक ऐसे नेता हैं जो 2022 के चुनाव से पहले पार्टी में मचे घमासान को शांत कर सकते हैं। ऐसे में पार्टी अगले साल चुनावों में नवजोत सिंह सिद्धू को बतौर मुख्यमंत्री का चेहरा पेश कर चुनाव लड़ सकती है। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस के कुछ बड़े नेता इस बात पर भी विचार कर रहे हैं कि जिसके नाम पर अगले साल चुनाव लड़ा जाए क्यों ना उसको ही अभी से मुख्यमंत्री बनाया जाए।