{"_id":"663f1e680f9e264469065e65","slug":"bjp-leader-navneet-rana-challenged-asaduddin-owaisi-to-stop-her-when-she-comes-to-hyderabad-2024-05-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"15 सेकंड विवाद: औवेसी के छोटे को तोप बताने वाले बयान पर भड़की नवनीत राणा, कहा- मैं जल्द हैदराबाद आ रही हूं","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
15 सेकंड विवाद: औवेसी के छोटे को तोप बताने वाले बयान पर भड़की नवनीत राणा, कहा- मैं जल्द हैदराबाद आ रही हूं
Sat, 11 May 2024 01:07 PM IST
काव्या मिश्रा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: काव्या मिश्रा
Updated Sat, 11 May 2024 01:07 PM IST
सार
नवनीत राणा ने कहा कि राम भक्त अब भारत की हर गली में घूम रहे हैं और वे सजावट के लिए अपने घर के बाहर ऐसी तोपें रखते हैं।
विज्ञापन
नवनीत राणा
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
देश में इन दिनों चुनावी मौसम चल रहा है। विभिन्न राजनैतिक दलों के नेता विरोधियों के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं। इस बीच भाजपा की नेता नवनीत रवि राणा के '15 सेकंड' वाले बयान पर सियासी घमासान मचा हुआ है। वार-पलटवार का दौर जारी है। एक दिन पहले एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने अपने छोटे भाई को तोप बताया था। वहीं, अब एक बार फिर भाजपा नेता राणा ने ओवैसी को आड़े हाथ ले लिया है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि जब वह हैदराबाद आएं, तब उन्हें रोककर दिखा दें।
विज्ञापन
राणा ने कहा कि आजकल हर कोई सजावट के लिए अपने घर के बाहर ऐसी तोपें रखते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर ओवैसी को चुनौती देने और उन पर निशाना साधते हुए एक वीडियो साझा किया।
विज्ञापन
ऐसे खूंखार हम घर में पालते हैं
भाजपा नेता ने कहा, 'ओवैसी ने अपने भाषण में कहा कि उन्होंने अपने भाई (अकबरुद्दीन ओवैसी) को नियंत्रण में रखा है और वह एक तोप है। मैं आपको बताना चाहूंगी बड़े (असदुद्दीन ओवैसी) कि ऐसी तोपें हम अपने घर के बाहर सजावट के लिए रखते हैं। बड़ा कहता है कि छोटा हमारा खूंखार है। ऐसे खूंखार हम घर में पालते हैं। यह याद रखना कि मैं भी सैनिक की बेटी हूं।'
विज्ञापन
मुर्गे और मुर्गी का बच्चा कब तक खैर मनाएगा
उन्होंने आगे कहा, ' मैं देखना चाहती हूं कि मुर्गे और मुर्गी का बच्चा कब तक खैर मनाता है। बड़ा कहता है कि मैंने छोटे को समझाकर रखा है। आपने समझाकर रखा है इसलिए आपका छोटे आपके सामने है। नहीं तो आज राम भक्त और मोदी जी के शेर हर गली में घूम रहे हैं। दबाकर रखा है इसलिए ही छोटा नजरों के सामने है।'
मुर्गी और मुर्गी का बच्चा कब तक खैर मनाएंगे @asadowaisi @AkbarOwaisi_MIM pic.twitter.com/iwqX6frGn7
— Navnit Ravi Rana (Modi Ka Parivar) (@navneetravirana) May 10, 2024
उन्होंने आगे चुनौती देते हुए कहा, 'मैं बहुत जल्द हैदराबाद आऊंगी, मैं देखना चाहूंगी कि मुझे कौन रोकता है।'
असदुद्दीन ओवैसी ने यह कहा था
दरअसल, एक दिन पहले ही ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने नवनीत राणा पर तंज कसा था। उन्होंने कहा था, 'मैंने छोटे (अकबरुद्दीन ओवैसी) को बहुत समझाकर रोक रखा है, छोड़ दूं क्या? छोटे-छोटे, तुमको मालूम ही क्या है कि छोटा क्या है। मेरा छोटा भाई तोप है, वो सालार का बेटा है। बहुत मुश्किल से समझाकर बैठाना पड़ता है। एक बार अगर छोटा निकल गया तो किसी के बाप की नहीं सुनता सिवाय मेरे। मैंने रोक रखा है वरना जिस दिन कह दिया कि मियां मैं आराम करता हूं तुम संभाल लो तो...।'
कह दूं कल से शुरू करो बैटिंग
ओवैसी ने आगे कहा था, 'हम लोग अभी खाली टाइमिंग कर रहे हैं और सिंगल ले रहे हैं। टी-20 शुरू हो गया तो फिर तुम्हारा क्या होगा। 15 सेकंड-15 सेकंड कर रहे, मैं मुर्गी का बच्चा हूं क्या। बताओ न कि किधर आना है? अपने दिल्ली वाले पापा से पूछकर बताओ। बताओ न ऑफिस में आना है कि घर आना है। छोटे (अकबरुद्दीन ओवैसी) को समझाने वाला सिर्फ असदुद्दीन ओवैसी ही है वो किसी के बाप को नहीं सुनने वाला।'
यह है मामला
दरअसल, भाजपा प्रत्याशी माधवी लता के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए नवनीत राणा ने एआईएमआईएम प्रमुख और हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी और उनके भाई अकबरुद्दीन पर जमकर निशाना साधा था। राणा ने बिना नाम लिए कहा था, 'छोटा भाई बोलता है कि 15 मिनट के लिए पुलिस को हटा दो फिर हम दिखाते हैं, हम क्या करते हैं तो मैं उनको कहना चाहती हूं कि छोटे भाईसाहब आपको तो 15 मिनट लगेंगे, लेकिन हमें सिर्फ 15 सेकंड लगेंगे। 15 सेकंड के लिए अगर पुलिस को हटाया तो छोटे-बड़े को यह पता भी नहीं चल पाएगा कि वे कहां से आए और कहां गए।' इसका एक वीडियो भी राणा ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया है। साथ ही उन्होंने इसमें दोनों ओवैसी बंधुओं को भी टैग किया है।