मोदी के बंगाल दौरे से पहले भाजपा व तृणमूल कांग्रेस में घमासान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बंगाल दौरे से पहले राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा में घमासान मचा हुआ है। मोदी 16 जुलाई को राज्य के मेदिनीपुर जिले में एक किसान कल्याण रैली को संबोधित करेंगे। मोदी के इस दौरे से पहले सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच पोस्टर युद्ध और वाक युद्ध शुरू हो गया है।
तृणमूल कांग्रेस ने उस इलाके को ममता बनर्जी के पोस्टरों से पाटना शुरू कर दिया है जहां 16 जुलाई को मोदी की सभा होनी है। वैसे, तृणमूल की दलील है कि वह 21 जुलाई को होने वाली पार्टी की शहीद रैली का प्रचार कर रही हैं। लेकिन दरअसल उसके निशाने पर मोदी हैं।
पार्टी का कहना है कि खुद भाजपा के शासन वाले महाराष्ट्र में किसानों की आत्महत्याएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं और मोदी यहां कृषक कल्याण समावेश यानी रैली के नाम पर किसानों का हितैषी बनने का प्रयास कर रहे हैं।
पोस्टरों और बैनरों के जरिए एक-दूसरे को पछाड़ने की होड़ मच गई है
पार्टी का आरोप है कि भाजपा यहां ममता के खिलाफ अफवाह फैलाने और धर्म के नाम पर लोगों को बांटने की राजनीति के तहत ही मोदी को ला रही है। इन दोनों राजनीतिक दलों में पोस्टरों और बैनरों के जरिए एक-दूसरे को पछाड़ने की होड़ मच गई है।
इस सप्ताह मेदिनीपुर का दौरा करने वाले तृणमूल कांग्रेस महासचिव सुब्रत बख्शी ने कार्यकर्ताओं को मोदी के दौरे से पहले पूरे शहर को ममता बनर्जी को पोस्टरों और कटआउटों से पाटने का निर्देश दिया है।
इससे पहले तृणमूल कांग्रेस ने अमित शाह के बीरभूम दौरे के समय भी यही रणनीति अपनाई थी। मोदी की रैली से पहले तृणमूल कांग्रेस ने शहर और आसपास के इलाकों में रैलियां आयोजित करने की योजना बनाई है ताकि प्रधानमंत्री के दौरे की अहमियत कम की जा सके।